दक्षिण अफ्रीका का सूपड़ा साफ़ ,भारत ने पहली बार अफ्रीका का किया क्लीन स्वीप
भारत में दिवाली की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं ,दीपावली से पहले टीम इंडिया ने देशवासियों को महाजीत का तोहफा दिया है। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में विराट सेना ने साउथ अफ्रीका का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया है। रांची टेस्ट के चौथे दिन भारत ने साउथ अफ्रीका को पारी और 202 रनों से रौंद दिया।भारत को टेस्ट सीरीज जीतने के बाद फ्रीडम ट्रॉफी सौंपी गई है।
इसी के साथ भारत ने लगातार 11 घरेलू टेस्ट सीरीज जीतने का भी रिकॉर्ड अपने नाम किया। यह पहला मौका है जब भारतीय योद्धाओं ने प्रोटियाज टीम को टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया है।
मैच के चौथे दिन सिर्फ 12 गेंदों का खेल हुआ। चौथे दिन के दूसरे ही ओवर में अपना डेब्यू टेस्ट खेल रहे स्पिनर शहबाज नदीम ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटकते हुए दक्षिण अफ्रीकी पारी का अंत किया। साउथ अफ्रीका को 9वां झटका थ्यूनस डिब्रायन के रूप में लगा जो 30 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, आखिरी विकेट लुंगी एनगिडी के रूप में लगा जो बिना खाता खोले गोल्डन डक का शिकार हुए।
भारत के गेंदबाजों के सामने दक्षिण अफ्रीकी टीम महज 133 रन पर ही सिमट गई। इस मैच में भारत की ओर से रोहित शर्मा ने ऐतिहासिक दोहरा शतक जड़ा तो बतौर कप्तान आठवीं बार फॉलॉओन देते हुए कोहली के गेंदबाजों ने भी दक्षिण अफ्रीका को दो बार ऑलआउट कर अपने दम-खम को साबित किया।

