कर्नाटक में Ola, Uber और Rapido पर प्रतिबंध !

कर्नाटक के परिवहन विभाग ने ओला (Ola), उबर (Uber ), रैपिडो (Rapido ) को नोटिस भेजा है। इस नोटिस के माध्यम से यह सुझाव दिया गया है कि इन वाहन सेवा प्रदाताओं को अपनी तिपहिया (ऑटोरिक्शा) सेवाओं को बंद कर देना चाहिए। कुछ यात्रियों ने शिकायत की है कि इन ऑटोरिक्शा के चालक यात्रियों से अधिक किराया वसूल रहे हैं। इसके अलावा यात्रियों को परेशान करने और बिना लाइसेंस रिक्शा चलाने की शिकायतों को परिवहन विभाग ने गंभीरता से लिया है।

नोटिस के अनुसार परिवहन विभाग ने इन संगठनों को तीन दिनों के भीतर अपने ऑटोरिक्शा विकल्प को हटाने के लिए भी कहा है। परिवहन विभाग, बैंगलोर के अतिरिक्त आयुक्त, हेमंथा कुमारा ने कहा, “हम ग्राहकों को होने वाली असुविधा को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं और उच्च किराए का समर्थन नहीं कर सकते हैं। इसलिए परिवहन विभाग ने इन कंपनियों को बैंगलोर में ऑटोरिक्शा सेवाएं बंद करने के लिए नोटिस भेजा है।” इस बीच,ओला और उबर इंडिया ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

यह भी पढ़ें : खतरे में निजी कैब कंपनियों का एकाधिकार

क्या दूसरे राज्यों पर भी होगा असर?

कर्नाटक की ही तरह दूसरों राज्यों की सरकार भी ओवरचार्जिंग से सम्बंधित शिकायतों को देखते हुए कंपनियों पर एक्शन ले सकती है। फ़िलहाल अब तक नियम केवल कैब सर्विस तक के लिए ही सीमित हैं।

यह भी पढ़ें : फूड डिलीवरी से लेकर कैब सर्विस तक इस्तेमाल होंगे केवल ई-वाहन