कपिल मिश्रा भाजपा में शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए लोकसभा चुनाव में अभियान चलाकर विधानसभा की सदस्यता गवांने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के बागी कपिल मिश्रा आज भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उनको सदस्यता दिलाई जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा मिश्रा को करावल नगर विधानसभा सीट से टिकट दे सकती है।
करावल नगर से विधायक रहे कपिल मिश्रा ने लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली की सातों संसदीय सीटों पर भाजपा के समर्थन में अभियान चलाया था। आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने इसकी शिकायत विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल से की थी। इसकी सुनवाई करते हुए बीते दिनों विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी सदस्यता रद्द कर दी थी। हालांकि, इसके खिलाफ कपिल मिश्रा ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के बाद से ही कपिल मिश्रा के भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। तीन महीनों में वह ‘आप’ में रहते हुए अपनी लड़ाई लड़ते रहे। कपिल मिश्रा ने बताया कि वे शनिवार 11 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी में शामिल होंगे। उनकी मां अन्नपूर्णा मिश्रा भाजपा में 2012-2013 से पार्षद रही हैं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम की पहली मेयर बनीं थी। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद कपिल मिश्रा ने भाजपा के खिलाफ भी जमकर बयानबाजी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *