बीसीसीआई ने बढ़ाई बीसीबी की चिंता

अफगानिस्तान सीरीज के ऐलान से भारत-बांग्लादेश सीरीज पर संकट गहरा गया है। सितम्बर की प्रस्तावित छह मैचों की सीरीज पहले ही टल चुकी है और अब उसी विंडो में अफगानिस्तान के मुकाबले तय हो गए हैं। सीरीज रद्द नहीं हुई लेकिन पुराना कार्यक्रम लगभग बेपटरी हो चुका है। सवाल सिर्फ क्रिकेट कैलेंडर का नहीं, दोनों देशों के बदलते रिश्तों का भी है। अब नई तारीख और दोनों बोर्डों के अगले कदम तय करेंगे कि क्रिकेट रिश्तों में संवाद बचा है या दूरियां बढ़ रही हैं। जानकारों का कहना है कि अफगानिस्तान सीरीज से भारत-बांग्लादेश रिश्तों में जमी बर्फ पिघलने के बजाए विवाद की गर्मी बढ़ाती दिख रही है

भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट रिश्तों में सुधार की उम्मीदों को एक और झटका लगता दिख रहा है। लम्बे समय से टलते आ रहे भारत के बांग्लादेश दौरे के बीच बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। तीनों मुकाबले सितम्बर में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। अफगानिस्तान इस सीरीज का मेजबान होगा, हालांकि मुकाबले भारत में ही होंगे। पहला मैच 13, दूसरा 15 और तीसरा 17 सितम्बर को खेला जाएगा। इस ऐलान के बाद सबसे बड़ा सवाल भारत- बांग्लादेश सीरीज को लेकर खड़ा हो गया है। दोनों देशों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज सितम्बर 2026 में प्रस्तावित थी। मीडिया, सोशल मीडिया और खेल जगत में सवाल उठ रहे हैं कि क्या भारत-बांग्लादेश सीरीज मुश्किल में पड़ गई है? क्या मामला सिर्फ व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर का है या इसके पीछे क्रिकेट कूटनीति भी काम कर रही है? क्या भारत-बांग्लादेश सीरीज पूरी तरह खत्म हो गई है जैसे प्रश्न खड़े हो गए हैं।

गौरतलब है कि भारत और बांग्लादेश के बीच तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज पहले अगस्त 2025 में होनी थी। दोनों बोर्डों ने जुलाई 2025 में इसे आपसी सहमति से सितम्बर 2026 तक टाल दिया था। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सितम्बर में भारत की मेजबानी की उम्मीद बनाए रखी और अपने कार्यक्रम में भी बदलाव किए। दिलचस्प बात यह है कि जुलाई के मध्य और अंत तक तस्वीर कुछ अलग थी। रिपोर्टों में कहा गया था कि भारत के बांग्लादेश दौरे को मंजूरी के करीब माना जा रहा है और अफगानिस्तान के खिलाफ प्रस्तावित टी-20 सीरीज को आगे खिसकाने पर विचार किया जा रहा था। 27 जुलाई की एक रिपोर्ट में तो यह भी बताया गया था कि दोनों बोर्ड  सितम्बर के पहले हिस्से के लिए कार्यक्रम पर काम कर रहे थे और अफगानिस्तान सीरीज को पीछे करने की सम्भावना थी लेकिन अब स्थिति बदल गई है।

अफगानिस्तान सीरीज की तारीखें आधिकारिक हो चुकी हैं और सितम्बर के मध्य का महत्वपूर्ण समय उसके खाते में चला गया है। इसका सीधा मतलब यह नहीं है कि भारत-बांग्लादेश सीरीज खत्म हो गई लेकिन उसके पुराने कार्यक्रम के अनुसार होने की सम्भावना जरूर कमजोर हुई है। यही वजह है कि बांग्लादेश क्रिकेट में बेचैनी बढ़ना स्वाभाविक है। किसी पूर्ण द्विपक्षीय सीरीज के लिए केवल तारीख तय करना पर्याप्त नहीं होता। दोनों बोर्डों की सहमति, सरकारी मंजूरी, सुरक्षा व्यवस्था, यात्रा कार्यक्रम और प्रसारण से जुड़ी तैयारियां भी जरूरी होती हैं। ऐसे में जब दूसरी सीरीज उसी विंडो में आधिकारिक हो जाए तो सवाल उठना स्वाभाविक है।

बीसीबी के लिए भारत का दौरा क्यों अहम?
भारत जैसी बड़ी क्रिकेट टीम की मेजबानी किसी भी बोर्ड के लिए आर्थिक और व्यावसायिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होती है। भारतीय टीम के मुकाबलों से दर्शकों की बड़ी संख्या, प्रसारण अधिकारों की मांग और प्रायोजन से जुड़ी सम्भावनाएं बढ़ती हैं। बांग्लादेश के लिए भारत की मेजबानी उसके क्रिकेट बाजार और घरेलू उत्साह को बड़ा फायदा दे सकती है। यही कारण है कि बीसीबी के लिए यह केवल छह मैचों की सीरीज नहीं है। भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज से उसे आर्थिक आय के साथ-साथ क्रिकेट की वैश्विक दृश्यता भी मिलती है। दूसरी ओर बीसीसीआई के सामने खिलाड़ियों का कार्यभार, अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर और लगातार बढ़ती क्रिकेट प्रतिबद्धतियां हैं। इसलिए भारतीय बोर्ड के लिए हर सीरीज का कार्यक्रम तय करना केवल रिश्तों के आधार पर सम्भव नहीं है।

अफगानिस्तान सीरीज ने बढ़ाई चर्चा
अफगानिस्तान का भारत में खेलते हुए भी सीरीज का मेजबान होना इस घटनाक्रम का अहम पहलू है। अफगानिस्तान लम्बे समय से अपने घरेलू मुकाबलों के लिए भारत और अन्य देशों में वैकल्पिक मैदानों का इस्तेमाल करता रहा है। इस बार दिल्ली में होने वाली सीरीज एशियाई खेलों से पहले दोनों टीमों के लिए तैयारी का मौका भी मानी जा रही है लेकिन इसका अप्रत्यक्ष असर भारत-बांग्लादेश कार्यक्रम पर पड़ा है। जिस समय बीसीबी भारत की मेजबानी की उम्मीद कर रहा था, उसी समय भारतीय टीम का कार्यक्रम अफगानिस्तान के साथ तय हो गया।

रिश्तों में तनाव की पृष्ठभूमि
इस पूरे घटनाक्रम को केवल क्रिकेट कैलेंडर के नजरिए से देखना पर्याप्त नहीं होगा। भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट सम्बंध पिछले कुछ समय से राजनीतिक और कूटनीतिक परिस्थितियों से भी प्रभावित रहे हैं। भारत का बांग्लादेश दौरा मूल रूप से 2025 में होना था लेकिन उसे सितम्बर 2026 तक टाल दिया गया। इसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव की खबरों के बीच इस दौरे को लेकर अनिश्चितता बनी रही। क्रिकेट विवाद की एक पृष्ठभूमि आईपीएल 2026 से पहले भी सामने आई थी। बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर विवाद के बाद बीसीसीआई ने उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स से रिलीज करने का निर्देश दिया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से टी20 विश्व कप में भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा सम्बंधी आपत्तियां सामने आईं और अंततः बांग्लादेश की जगह स्काॅटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। इन घटनाओं ने दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों में पहले से मौजूद अविश्वास को और बढ़ाया। हालांकि क्रिकेट सम्बंधों को केवल इन घटनाओं के आधार पर परिभाषित करना सही नहीं होगा लेकिन लगातार सामने आने वाले विवाद माहौल को प्रभावित जरूर करते हैं।

क्या कहते हैं खेल विश्लेषक?
खेल विश्लेषकों के नजरिए से इस पूरे मामले को दो स्तरों पर देखना चाहिए। पहला स्तर क्रिकेट कैलेंडर का है और दूसरा भारत-बांग्लादेश सम्बंधों का। विश्लेषकों का मानना है कि अफगानिस्तान सीरीज का घोषित होना अपने आप में भारत-बांग्लादेश दौरे के रद्द होने का प्रमाण नहीं है। अगर बीसीसीआई वास्तव में बांग्लादेश दौरे का रास्ता पूरी तरह बंद करना चाहता तो आधिकारिक रूप से सीरीज रद्द होने या स्थगित होने की घोषणा सामने आ सकती थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। दूसरी तरफ क्रिकेट कैलेंडर में जगह का न मिलना अपने आप में एक संदेश जरूर देता है। जुलाई में जिस अफगानिस्तान सीरीज को आगे खिसकाने की सम्भावना पर चर्चा हो रही थी वही अब उसी मूल तारीखों पर आधिकारिक हो गई है। इससे यह संकेत जरूर मिलता है कि बांग्लादेश दौरे को लेकर बातचीत उस स्तर तक नहीं पहुंच सकी जहां कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा सके।

विश्लेषकों का एक वर्ग इसे बीसीसीआई की व्यावहारिक प्राथमिकता मानता है। भारतीय टीम का कार्यक्रम पहले से बेहद व्यस्त है और आगे भी कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हैं। ऐसे में किसी एक सीरीज के लिए पूरे कैलेंडर को बदलना आसान नहीं है। वहीं दूसरा नजरिया यह है कि क्रिकेट और कूटनीति को पूरी तरह अलग-अलग करके नहीं देखा जा सकता। भारत और बांग्लादेश के बीच पिछले कुछ समय में राजनीतिक परिस्थितियां बदली हैं। ऐसे में क्रिकेट कार्यक्रम पर भी उसका अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ना असम्भव नहीं है।

एक और दिलचस्प संकेत यह भी है कि जुलाई में सामने आई रिपोर्टों से यह जरूर पता चलता है कि उस समय दोनों बोर्डों के बीच बांग्लादेश दौरे को लेकर बातचीत चल रही थी। यहां तक कि अफगानिस्तान सीरीज की तारीख बदलने की खबरें भी सामने आई थी। अब वही सीरीज तय हो चुकी है। इसलिए दिलचस्प सवाल यह है कि पिछले कुछ सप्ताह में ऐसा क्या बदला कि प्रस्तावित कार्यक्रम की दिशा ही बदल गई। इसका जवाब केवल दोनों बोर्ड ही दे सकते हैं। बाहर से देखने पर फिलहाल इतना कहा जा सकता है कि बातचीत हुई लेकिन वह अंतिम कार्यक्रम में तब्दील नहीं हो सकी।

क्या सीरीज पूरी तरह खत्म हो गई?
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत-बांग्लादेश सीरीज को रद्द करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसलिए दोनों बोर्ड के पास अभी भी नया कार्यक्रम तय करने का विकल्प है लेकिन सितम्बर की मूल योजना अब बेहद मुश्किल हो गई है। अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले तय होने के बाद भारत के कार्यक्रम में उसी दौरान बांग्लादेश दौरे के लिए जगह निकालना कठिन होगा। यदि दोनों बोर्ड नई विंडो नहीं तलाश पाते हैं तो दौरा एक बार फिर आगे बढ़ सकता है। इसलिए फिलहाल सीरीज खत्म कहना सही नहीं होगा। इतना जरूर कहा जा सकता है कि है कि सीरीज का पुराना कार्यक्रम संकट में है, भविष्य अभी खुला हुआ है।

क्रिकेट या कूटनीति की परीक्षा?
अब सबसे अहम सवाल यह है कि भारत-बांग्लादेश क्रिकेट सम्बंधों में आई यह स्थिति केवल व्यस्त कार्यक्रम का परिणाम है या इसके पीछे व्यापक राजनीतिक और कूटनीतिक परिस्थितियां भी असर डाल रही हैं। अगर बीसीसीआई और बीसीबी जल्द नई तारीखों पर सहमत होते हैं तो इसे दोनों देशों के क्रिकेट  सम्बंधों को सामान्य रखने की कोशिश के संकेत के तौर पर देखा जाएगा लेकिन अगर दौरा लगातार टलता रहता है तो यह सवाल और गम्भीर होगा कि दोनों बोर्ड के बीच भरोसे की कमी कितनी गहरी है।

खेल विश्लेषकों के अनुसार आने वाले दिनों में तीन चीजें सबसे महत्वपूर्ण होंगी। पहला बीसीसीआई का अगला आधिकारिक बयान, बीसीबी की प्रतिक्रिया और किसी नए विंडो की तलाश। अगर नया कार्यक्रम जल्दी सामने आता है तो विवाद को मुख्यतः कैलेंडर की समस्या माना जा सकता है लेकिन अगर लम्बे समय तक कोई तारीख तय नहीं होती है तो क्रिकेट के मैदान से बाहर के रिश्तों पर सवाल और गहरे होंगे।

बहरहाल अफगानिस्तान सीरीज के ऐलान ने भारत-बांग्लादेश दौरे की सम्भावनाओं को कमजोर कर दिया है। सीरीज रद्द नहीं हुई है लेकिन उसका पुराना कार्यक्रम लगभग मुश्किल हो चुका है। अब गेंद दोनों क्रिकेट बोर्डों के पाले में है। भारत-बांग्लादेश क्रिकेट रिश्तों के लिए असली परीक्षा यही होगी कि दोनों बोर्ड इस गतिरोध से कैसे बाहर निकलते हैं। यदि बातचीत के जरिए नया विंडो निकलता है तो क्रिकेट दोनों देशों के बीच संवाद का पुल बन सकता है लेकिन अगर दौरा फिर टलता है तो यह बहस तेज होगी कि मामला केवल तारीखों का है या क्रिकेट के रिश्तों पर कूटनीतिक तनाव की छाया भी पड़ चुकी है। इतना स्पष्ट है कि अफगानिस्तान सीरीज से भारत-बांग्लादेश रिश्तों में जमी बर्फ पिघलने के बजाए विवाद की गर्मी बढ़ाती जरूर दिख रही  है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *