टी-20 फतह, वन डे में क्या होगा?

न्यूजीलैंड की धरती पर भारतीय टीम ने टी-20 क्रिकेट में जिस अंदाज में अपना दबदबा बनाया और पांच मैचों की सीरीज को 3-2 से अपने नाम करने के बाद अब पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर प्रशंसकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या आक्रामक बल्लेबाजी, मजबूत मध्यक्रम और गेंदबाजों के बेहतर तालमेल के सहारे भारतीय टीम न्यूजीलैंड को उसी के घर में वन डे सीरीज में भी पटखनी दे पाएगी?

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम वर्तमान में न्यूजीलैंड दौरे पर है जहां उसे पांच टी-20 मैचों के बाद पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। टी-20 में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने प्रदर्शन से एक बार फिर यह साबित किया है कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में वह किसी भी परिस्थिति में मुकाबले का रुख बदलने की क्षमता रखती है। पांच मैचों की टी-20 सीरीज 3-2 से जीतने के बाद अब दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज का पहला मुकाबला पांच विकेट से जीत दर्शकों और टीम की उम्मीदें बढ़ा दी हैं लेकि सवाल है कि क्या यह प्रदर्शन वनडे क्रिकेट में भी भारत की जीत का आधार बन सकेगा? क्या वनडे में भी न्यूजीलैंड को भारत मात दे पाएगा?
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड दौरे पर टी 20 सीरीज में भारतीय टीम की  जीत स्पष्ट है कि टीम केवल एक बल्लेबाज के भरोसे नहीं है। अलग- अलग परिस्थितियों में अलग-अलग खिलाड़ियों ने योगदान दिया है। यही बात वनडे सीरीज में भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने आक्रामक खेल को वनडे प्रारूप के अनुकूल ढालने की होगी। टी-20 में बल्लेबाजों को शुरुआत से ही तेजी से रन बनाने की छूट रहती है। वनडे में भी पावरप्ले का महत्व बढ़ गया है लेकिन 50 ओवर के मुकाबले में बल्लेबाजी की योजना केवल शुरुआती आक्रामकता तक सीमित नहीं रह सकती।

वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजों को पारी के अलग-अलग चरणों में अपनी रणनीति बदलनी पड़ती है। शुरुआती ओवरों में विकेट बचाने के साथ रन बनाने होते हैं। मध्यक्रम में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ स्ट्राइक रोटेट करना और खराब गेंदों को सीमारेखा के पार पहुंचाना जरूरी होता है। अंतिम 10 ओवरों में तेजी से रन बनाने के लिए विकेट बचाकर रखना भी अहम हो जाता है। टी-20 सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया लेकिन वनडे में यही रणनीति बिना सोच-विचार के अपनाना जोखिम भरा हो सकता है। यदि शुरुआती विकेट जल्दी गिर जाते हैं तो बड़े स्कोर तक पहुंचने की सम्भावना प्रभावित हो सकती है।
भारतीय टीम के लिए जरूरी होगा कि वह आक्रामकता और धैर्य के बीच संतुलन बनाए। रोहित शर्मा और शुभमन गिल जैसे बल्लेबाज तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं जबकि मध्यक्रम के अन्य खिलाड़ियों को पारी को सम्भालने की जिम्मेदारी निभानी होगी। यदि टीम शुरुआती आक्रामकता के बाद भी 50 ओवर तक रन बनाने की गति बनाए रखने में सफल होती है तो न्यूजीलैंड के सामने मुश्किल चुनौती पेश कर सकती है।
न्यूजीलैंड की परिस्थितियां होंगी असली परीक्षा
न्यूजीलैंड की धरती पर खेलना भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। यहां की परिस्थितियों में हवा, नमी और पिच की प्रकृति का मुकाबले पर खासा असर पड़ सकता है। कई अवसरों पर नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलता है। ऐसे में बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में तकनीकी रूप से मजबूत रहना पड़ता है। टी-20 में बल्लेबाज जोखिम लेकर शुरुआती गेंदों पर बड़े शाॅट खेल सकते हैं क्योंकि उनके पास समय सीमित होता है लेकिन वनडे में शुरुआती विकेट गंवाने की कीमत अधिक हो सकती है। यदि न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज भारतीय शीर्ष क्रम को शुरुआती झटके देने में सफल रहते हैं तो मेहमान टीम के लिए दबाव से निकलना आसान नहीं होगा।
भारतीय बल्लेबाजों को ऑफ स्टम्प के बाहर की गेंदों के चयन, शॉर्ट पिच गेंदों के खिलाफ अपनी रणनीति और नई गेंद से मिलने वाली अतिरिक्त उछाल पर विशेष ध्यान देना होगा। तकनीक के साथ मानसिक मजबूती भी अहम होगी। परिस्थितियों के अनुकूल खुद को ढालने वाले बल्लेबाज ही लम्बी पारी खेल सकते हैं।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम अपने घरेलू मैदानों की परिस्थितियों से परिचित है। उसे पता है कि किस मैदान पर नई गेंद कितनी प्रभावी हो सकती है और किस तरह की बल्लेबाजी से बड़ा स्कोर खड़ा किया जा सकता है। इसलिए टी-20 में मिली हार के बावजूद उसे वनडे में कमतर आंकना भारतीय टीम की बड़ी भूल हो सकती है।
बल्लेबाजी की गहराई भारत की ताकत
टी-20 सीरीज में भारतीय टीम की बल्लेबाजी की गहराई सबसे सकारात्मक पहलुओं में से एक रही है। यह विविधता किसी भी टीम के लिए उपयोगी होती है। यदि शीर्ष क्रम बड़ा स्कोर बनाता है तो मध्यक्रम को खुलकर खेलने का अवसर मिलता है। यदि शुरुआती बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाते हैं तो मध्यक्रम पारी को सम्भाल सकता है। वनडे क्रिकेट में यह क्षमता और भी महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि किसी टीम को 300 या उससे अधिक रन बनाने के लिए कई चरणों में अच्छा प्रदर्शन करना पड़ता है। हालांकि टी-20 की बल्लेबाजी के आधार पर वनडे टीम की सफलता की गारंटी नहीं दी जा सकती। वनडे में बल्लेबाजों को लम्बे समय तक एकाग्रता बनाए रखनी पड़ती है। एकदिवसीय क्रिकेट में शतक और बड़ी साझेदारियों का बड़ा महत्व है। इसलिए भारत को ऐसे बल्लेबाजों की जरूरत होगी जो आक्रामक शुरुआत के बाद पारी को लम्बा खींच सकें। भारतीय टीम के लिए यह भी महत्वपूर्ण होगा कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी क्रम की भूमिकाएं स्पष्ट हों। किस खिलाड़ी को पारी सम्भालनी है, किसे रन गति बढ़ानी है और किसे अंतिम ओवरों में बड़े शाॅट लगाने हैं, यह तय होना चाहिए। रणनीति में स्पष्टता रहने से दबाव की स्थिति में गलतियां कम हो सकती हैं।
गेंदबाजी में भी दिखाना होगा दम
किसी भी एकदिवसीय सीरीज में केवल बल्लेबाजी के दम पर सफलता हासिल करना मुश्किल होता है। भारतीय टीम के गेंदबाजों को भी लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। टी-20 में कम ओवरों के कारण गेंदबाजों को सीमित समय में विकेट लेने और रन रोकने की चुनौती मिलती है। वनडे में उन्हें 10 ओवर का पूरा स्पेल सम्भालने के साथ अलग-अलग चरणों में बल्लेबाजों को रोकना पड़ता है।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज घरेलू परिस्थितियों में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल और फिन एलन जैसे खिलाड़ी भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा ले सकते हैं। टी-20 सीरीज में भी न्यूजीलैंड ने कई बार बड़े स्कोर बनाए हैं।भारत को नई गेंद से विकेट निकालने के साथ मध्य ओवरों में रन गति नियंत्रित करनी होगी। यदि न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को लम्बी साझेदारियां बनाने का मौका मिला तो वे 300 से अधिक रन का लक्ष्य भी सामने रख सकते हैं। भारतीय गेंदबाज यदि नियमित अंतराल पर विकेट लेते हैं तो मेजबान टीम को दबाव में रखा जा सकता है।
खासकर डेथ ओवरों की गेंदबाजी भी सीरीज का परिणाम तय करने वाले प्रमुख कारकों में शामिल होगी। अंतिम 10 ओवरों में सटीक याॅर्कर, धीमी गेंदों का सही इस्तेमाल और फील्डिंग के अनुरूप गेंदबाजी करना जरूरी होगा। वनडे में छोटी-छोटी गलतियां भी बड़े अंतर का कारण बन सकती हैं।
न्यूजीलैंड की चुनौती रोक पाएंगे भारतीय गेंदबाज?
इस सवाल का जवाब इतना आसान नहीं है। क्रिकेट के दोनों प्रारूपों में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और रणनीति का मूल आधार भले ही एक हो लेकिन मैच की परिस्थितियां और खिलाड़ियों की भूमिका काफी बदल जाती है। टी-20 में जहां कुछ ओवरों की विस्फोटक बल्लेबाजी मुकाबले का परिणाम तय कर सकती है वहीं वनडे में पूरे 50 ओवर तक प्रदर्शन की निरंतरता बनाए रखना पड़ता है। ऐसे में भारतीय टीम को अपनी मौजूदा लय कायम रखने के साथ खेल की परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति भी बदलनी होगी।
भारत की सम्भावनाएं इस बात पर भी निर्भर करेंगी कि गेंदबाजी आक्रमण कितना संतुलित रहता है। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग का फायदा उठाना होगा जबकि स्पिनरों की भूमिका मध्य ओवरों में महत्वपूर्ण हो सकती है। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखने के लिए गेंदबाजों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी होगा। यदि भारतीय टीम शुरुआती विकेट लेने में सफल रहती है तो न्यूजीलैंड को मध्य ओवरों में पारी दोबारा खड़ी करने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। इसके विपरीत यदि मेजबान बल्लेबाज बिना नुकसान के पावरप्ले पार कर लेते हैं तो वे बड़े स्कोर की नींव रख सकते हैं।
भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे अहम बात यह होगी कि वे टी-20 की रणनीति को ज्यों का त्यों वनडे में न अपनाएं। यहां बल्लेबाजों को आउट करने के लिए केवल रन रोकना पर्याप्त नहीं है। उन्हें ऐसी गेंदबाजी करनी होगी जिससे बल्लेबाज गलत शाॅट खेलने के लिए मजबूर हों। लम्बे स्पेल में अनुशासन और धैर्य बनाए रखना भी जरूरी होगा।
क्या कहते हैं विश्लेषक और पूर्व दिग्गज खिलाड़ी
खेल विश्लेषकों और पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का कहना है कि टी-20 सीरीज जीत के बावजूद भारत के लिए वनडे सीरीज आसान नहीं होगी। न्यूजीलैंड घरेलू परिस्थितियों, तेज गेंदबाजों की स्विंग और उछाल का फायदा उठाकर वापसी की कोशिश करेगा। भारतीय बल्लेबाजों को आक्रामकता के साथ धैर्य दिखाना होगा और लम्बी साझेदारियां बनानी होंगी। वहीं गेंदबाजों को नियमित अंतराल पर विकेट लेने होंगे। टाॅस, पिच और मौसम भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। भारत की जीत की सम्भावनाएं बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के सामूहिक प्रदर्शन पर निर्भर करेंगी। टी-20 की लय और आत्मविश्वास टीम के काम आ सकते हैं लेकिन वनडे में उसी प्रदर्शन को दोहराने के लिए अलग रणनीति अपनानी होगी। न्यूजीलैंड को उसके घर में हराने के लिए भारतीय टीम को हर मैच में निरंतरता और संयम बनाए रखना होगा।
बहरहाल सवाल यह नहीं है कि भारत टी-20 सीरीज में कितना प्रभावशाली खेला बल्कि यह है कि वह अपनी ताकत को वनडे क्रिकेट की जरूरतों के अनुरूप कितनी कुशलता से इस्तेमाल कर पाता है। यदि भारतीय बल्लेबाज लम्बी साझेदारियां बनाते हैं, गेंदबाज नियमित अंतराल पर विकेट लेते हैं और फील्डिंग में गलतियां कम होती हैं तो न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे सीरीज जीतने की सम्भावना मजबूत हो सकती है। टी-20 में भारतीय टीम ने जीत की जमीन तैयार की लेकिन वनडे में सफलता के लिए उसे नए सिरे से परीक्षा देनी होगी। न्यूजीलैंड को उसी के घर में हराना चुनौतीपूर्ण जरूर है लेकिन मौजूदा प्रदर्शन ने भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद करने का पर्याप्त कारण दिया है। अब देखना होगा कि टीम इस लय को एकदिवसीय सीरीज में जीत में बदल पाती है या नहीं।

भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का कार्यक्रम

मैच      तारीख       स्थान (मैदान)
पहला वनडे 4 नवम्बर ईडन पार्क, ऑकलैंड
दूसरा वनडे 7 नवम्बर स्काई स्टेडियम, वेलिंगटन
तीसरा वनडे 10 नवम्बर सेडन पार्क, हैमिल्टन
चौथा वनडे 13 नवम्बर बे ओवल, टौरंगा
पांचवां वनडे 15 नवम्बर बे ओवल, टौरंगा
शुरुआती 3 वनडे के लिए भारतीय टीमशुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी (सिर्फ पहला वनडे), आकिब नबी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *