‘हैलो’ नहीं फोन उठाने पर बोला जाएगा ‘वंदे मातरम’ !

फोन उठाते ही हेलो क्यों बोलते हैं इसके पीछे की वजह के बारे में आपने पढ़ा होगा। लेकिन अब ये कहानी पढ़ने या याद रखने की आवश्यकता नहीं रहेगी। क्योंकि अब हेलो की जगह फ़ोन उठाते ही वन्दे मातरम कहना होगा। ये आदेश जारी किया है महाराष्ट्र सरकार ने। यहां सरकारी आदेश के अनुसार सभी सरकारी अधिकारियों को लेडलाइन या मोबाइल पर हेलो न बोलकर वन्दे मातरम बोलना होगा।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार द्वारा ये ऐलान किया गया था। उनकी ओर से आदेश जारी किया गया था कि महाराष्ट्र के सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों को कॉल आने पर अनिवार्य रूप से हैलो के जगह ‘वंदे मातरम’ का इस्तेमाल करना होगा। उसी ऐलान पर अब आधिकारिक आदेश भी जारी किया गया।

मुनगंटीवार ने कहा था कि वंदे मातरम सिर्फ भारत माता के प्रति भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। केवल एक गीत मात्र नहीं है। साल 1875 में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने इस गीत को लिखा और इसके जरिए उस दौरान स्वतंत्रता सेनानियो में जोश भर दिया था। इस रचना का हर एक शब्द देशभक्ति की भावना को जागृत करता है।

लेकिन इस आदेश के बाद कई मुस्लिम संगठनों द्वारा इस पर आपत्ति जताई जा रही है। मुंबई की रजा एकेडमी ने इस फैसले पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि हम केवल अल्लाह की इबादत करते हैं इसलिए वंदे मातरम की जगह कोई और ऑप्शन दें।

यह भी पढ़ें : अब प्लास्टिक कचरे से निजात दिलाएगा कीड़ा !