अब तक 10,111 बार झूठे ट्रंप कार्ड खेल चुके हैं ट्रंप 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप के कश्मीर पर मध्यस्थता वाला झूठा बयान  कोई नई बात नहीं है। ऐसा पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने कोई झूठ बोला हो। वह आए दिन अलग-अलग मामलों पर झूठ बोलते रहते हैं।

भारत सरकार ने ट्रंप के इस विवादास्पद दावे को स्पष्ट तौर पर खारिज किया है । भारत का कहना है कि कश्मीर द्विपक्षीय मुद्दा है और इसमें तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं है। साथ ही व्हाइट हाउस ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद जारी विज्ञप्ति में ‘कश्मीर’ मुद्दे का जिक्र तक नहीं किया। व्हाइट हाउस ने बयान में कहा, हम शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि के लिए पाकिस्तान के साथ काम करना चाहते हैं।

वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप रोजाना 23 बार झूठ बोलते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि 21 अप्रैल तक ट्रंप ने 828 दिनों में 10,111 बार झूठे दावे किए हैं। इन दावों में ट्रंप की ट्विटर पर की गई पोस्ट को भी शामिल किया गया है। हैरानी की बात तो यह  है कि महज तीन दिन (25-27 अप्रैल) में ट्रंप ने 171 झूठे और गुमराह करने वाले दावे किए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के सभी दावों का पांचवां भाग आव्रजन मुद्दे से संबंधित है। इनकी संख्या दिसंबर , 2018 के सरकारी शटडाउन के बाद से बढ़ी है।
इससे पहले वाशिंगटन पोस्ट ने ट्रंप के कार्यभार संभालने के दो साल बाद एक रिपोर्ट जारी की थी। जिसमें कहा गया था कि ट्रंप ने इस दौरान 8,158 झूठे और भटकाने वाले दावे किए हैं। ट्रंप ने आव्रजन पर 1433, विदेश नीति पर 900, व्यापार पर 854, अर्थव्यवस्था पर 790, नौकरियां 755 और अन्य मामलों पर 899 बार झूठ बोला है। समाचार पत्र ने अपनी रिपोर्ट में ‘फैक्ट चेकर’ के आंकड़ों का हवाला दिया है। यह फैक्ट चेकर राष्ट्रपति द्वारा दिये गए प्रत्येक संदिग्ध बयान का विश्लेषण, वर्गीकरण और पता लगाने का कार्य करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *