संजय जोशी की बढ़ी सक्रियता

भाजपा के पूर्व महासचिव संजय जोशी इन दिनों खासे सक्रिय हो चले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धुर-विरोधी माने जाने वाले जोशी के दिल्ली स्थित आवास में असंतुष्ट भाजपाइयों का बढ़ता जमावाड़ा जोशी की पार्टी में गहरी पैठ की तरफ इशारा करता है। हालांकि राष्ट्रीय स्वयं संघ हमेशा से जोशी की पैरोकारी करता रहा है लेकिन पीएम मोदी की जोशी संग अदावत के चलते भाजपा के इस पूर्व महासचिव को पूरी तरह से पार्टी में हाशिए पर डाल दिया गया है। अब खबर है कि जोशी के पक्ष में संघ के संग भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी उतर आए हैं। पिछले दिनों केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नायक के निवास स्थान पर जोशी के समर्थन में एक बैनर लगा देखने को मिला। जानकारों की मानें तो भाजपा नेतृत्व ने इसके लिए नायक को आड़े हाथों लिया। आनन-फानन में यह बैनर हटा लिया गया। नायक यूं भी कुछ अर्से से भाजपा आलाकमान के इच्छा विरुद्ध गोवा के सीएम मनोहर पारिकर को हटाने की मुहिम छेड़े हुए हैं। उनका तर्क है कि पारिकर के खराब स्वाथ्य के चलते गोवा में नेतृत्व परिवर्तन जरूरी हो गया है। दूसरी तरफ भाजपा आलाकमान पारिर्कर को हटाने के कतई पक्ष में नहीं है। ऐसे माहौल में नायक का जोशी के पक्ष में बैनर लगाना पार्टी नेतृत्व को खासा नाराज कर गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *