रजनी की गुगली

दक्षिण के सुपर स्टार रजनीकांत एक अच्छे अभिनेता ही नहीं कुशल राजनीतिज्ञ भी हैं। दक्षिण भारत के अमिताभ बच्चन कहलाए जाने वाले रजनीकांत ने यह तो एलान कर दिया है कि वे राजनीति में सक्रिय होने जा रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक अपनी पूरी रणनीति का खुलासा नहीं किया है। यही कारण है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व रजनी को अपने पाले में लाने की जुगत में जोर-शोर से जुटा है। पिछले दिनों यह सुपर स्टार दिल्ली की गोपनीय यात्रा में आए। उन्होंने एयरपोर्ट से सीधे पीएम आवास का रुख किया। सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री मोदी संग उन्होंने शानदार लंच किया। जाहिर है उन्होंने राजनीतिक चर्चा भी आपस में की होगी। खबर है कि रजनीकांत ने पीएम को इशारों-इशारों में भाजपा को समर्थन दिए जाने की अपनी शर्त बता डाली। जानकारों के अनुसार राजनीकांत चाहते हैं कि उनकी पत्नी की कंपनी द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा और ओरियंटल बैंक ऑफ कॉर्मस संग जो दो लोन लिए गए हैं, पीएम उन लोनों पर लगाया गया ब्याज कम कराने में रजनी की मदद करें। यह भी खबर है कि अपनी इस शर्त से भाजपा आलाकमान को रजनी कई बार अवगत करा चुके हैं। भाजपा के लिए संकट यह है कि दक्षिण भारत में, विशेषकर तमिलनाडु में उसे मजबूत साथी नहीं मिल पा रहा है। डीएमके भाजपा संग आने को राजी नहीं तो अन्ना द्रमुक का लगातार गिरता ग्राफ भाजपा के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। यही कारण है कि भाजपा ऐन-केन प्रकारेण राजनीकांत को अपने खेमे में लाने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *