रजत पर भारी हेमंत

दैनिक ‘जनसत्ता’ से अपनी पत्रकारीय यात्रा शुरू करने वाले वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा की गिनती उनमें होती है जो वर्तमान सत्ता प्रतिष्ठान से अपनी निकटता को जगजाहिर करने में
संकोच नहीं करते हैं। ‘इंडिया टीवी’ को देश के शीर्ष न्यूज चैनलों में अग्रणी बनाने वाले हेमंत कुछ अर्सा पहले एक विवाद के चलते ‘चैनल’ से विदा कर दिए गए थे। इसके बाद से ही अफवाहों का बाजार गर्म था कि शर्मा का ग्राफ सत्ता के गलियारों में कम हो चला है लेकिन पिछले दिनों उनकी पुस्तक ‘युद्ध में अयोध्या’ का लोकार्पण समारोह ऐसी सभी अफवाहों पर विराम लगाने का कारण बन गया। इस समारोह में संघ प्रमुख मोहन भागवत, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सपा नेता रामगोपाल यादव, कांग्रेस के जर्नादन द्विवेदी समेत शीर्ष राजनेता उपस्थित थे। हेमंत शर्मा ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को अपना अभिन्न मित्र बताते हुए ‘इंडिया टीवी’ के मालिक रजत शर्मा पर करारा कटाक्ष करते हुए कह डाला यह पुस्तक शायद वे लिख ना पाते लेकिन रजत शर्मा के चलते यह संभव हो पाया। उनका इशारा शर्मा द्वारा उनको इंडिया टीवी से हटाने की तरफ था। इसके तुरंत बाद रजत समारोह से निकल लिए। खबर है कि हेमंत जल्द ही अपना चैनल लेकर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *