दीपिका कुमारी ने वर्ल्ड कप में जीता गोल्ड

भारतीय अनुभवी तीरंदाज दीपिका कुमारी ने लंबे समय से चल रही खराब फार्म को पीछे छोड़ते हुए  वर्ल्ड कप स्टेज-थ्री इवेंट में महिलाओं की रिकर्व स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है।  दीपिका ने करीब छह वर्ष के लंबे अर्से के  बाद स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने महिलाओं की रिकर्व स्पर्धा में जर्मनी की मिशेल क्रोपेन को 7-3 से हराकर सर्किट फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया जो इस वर्ष के आखिरी में होगा। पूर्व नंबर एक महिला तीरंदाज दीपिका इससे पहले 2011, 2012, 2013 और 2015 में चार बार विश्वकप फाइनल में रजत पदक जीत चुकी हैं।

भारतीय खिलाड़ी ने इसी के साथ तुर्की के सैमसन में होने वाले विश्वकप तीरंदाजी फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है जहां वह सातवीं बार खेलने उतरेंगी। दीपिका ने आखिरी बार वर्ष 2012 में तुर्की के अंताल्या में करीब छह वर्ष पहले विश्वकप स्टेज स्पर्धा में पदक जीता था। भारतीय खिलाड़ी ने अच्छी शुरूआत करते हुए 30 में से 29 अंक हासिल किए और 2-0 की बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे सेट में उन्हें क्रोपेन के साथ अंक साझा करने पड़ गए। जर्मन खिलाड़ी ने फिर तीसरा सेट जीतकर 3-3 से बराबरी कर ली। लेकिन दीपिका ने चौथे सेट में 29 और पांचवें सेट में 27 अंक लेकर 7-3 से स्वर्ण जीत लिया जबकि मिशेल ने आखिरी दोनों सेटों में 26-26 अंक ही हासिल किए।
   अमेरिका के सॉल्ट लेक सिटी में 18 से 24 जून तक चले तीरंदाजी विश्वकप स्टेज इवेंट में भारत पदक तालिका में चौथे नंबर पर रहा जबकि उससे आगे अमेरिका, कोलंबिया और चीनी ताइपे रहे हैं। भारतीय तीरंदाजों की यह टीम अब 16 से 22 जुलाई तक बर्लिन में होने वाले विश्वकप के चौथे चरण में हिस्सा लेने जाएगी। इसके बाद भारतीय टीम अगस्त-सितंबर में इंडोनेशिया में होने वाले एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *