गडकरी का संकट

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की लोकप्रियता ही कभी-कभी उनके संकट का कारण बन जाती है। दरअसल नीतिन गडकरी की छवि ना केवल एक काम करने वाले मंत्री की है, बल्कि इससे कहीं अधिक वे अपनी सहजता और मिलनसारिता के लिए जाने जाते हैं। मोदी युग में वे अकेले ऐसे मंत्री हैं जिनके लिए कहा जाता है कि पीएमओ का उनके अधीन मंत्रालयों में दखल ना के बराबर रहता है। ऐसे में 2019 के संभावित चुनावी नतीजों के गणनाकार गडकरी को सर्वमान्य नेता के तौर पर सर्वे अर्से से प्रोजेक्ट करते आ रहे हैं। गत् दिनों कांग्रेसी नेता और कानूनविद् अभिषेक मनु सिंघवी के पिता एलएम सिंघवी की पुस्तक के लोकार्पण अवसर पर गडकरी की बाबत कुछ ऐसा ही सुनने को मिला। इस कार्यक्रम में कांग्रेसियों का बोलबाला था। गडकरी अकेले भाजपा नेता थे जिन्हें इस पुस्तक पर बोलने के लिए बुलाया गया था। अनेक वक्ताओं ने जब गडकरी की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त व्यक्ति करार दिया तो गडकरी की असहजता देखते बनती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *