सुषमा स्वराज के बहाने कांग्रेस ने किया भाजपा पर हमला

नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आगामी लोकसभा चुनाव न लड़ने का ऐलान क्या किया कि कांग्रेस ने तत्काल इसे लपककर चुनावी मुद्दा बना लिया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री पी. चिदम्बरम ने कहा, “श्रीमती सुषमा स्वराज मध्य प्रदेश से संसद की सदस्य हैं तथा वह होशियार हैं… उन्होंने मध्य प्रदेश का भविष्य देख लिया है, और घोषणा कर दी है कि वह लोकसभा चुनाव 2019 नहीं लड़ेंगी…”।
सुषमा स्वराज ने एक दिन पहले ही मध्य प्रदेश के इंदौर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा था कि वह 2019 का चुनाव नहीं लड़ेंगी। सुषमा स्वराज के इस फैसले पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा ‘तमाम राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मैं दुखी हूं कि सुषमा स्वराज राजनीति छोड़ रही हैं। विदेश मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष के नाते मुझे हमेशा उनका सहयोग मिलता रहा’। इस पर स्वराज ने शशि थरूर को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘मैं आशा करती हूं कि हम दोनों अपने सम्मानित पदों पर काम करते रहें।’
मोदी सरकार की तेज-तर्रार मंत्रियों में शुमार 66 वर्षीय सुषमा स्वराज ने कहा कि मैंने मन बनाया है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में मैं नहीं लड़ूंगी। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है। हालांकि, सुषमा स्वराज ने कहा कि फैसला पार्टी को लेना है, मगर उन्होंने अगला चुनाव नहीं लड़ने का मन बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *