एसपी सांसद आजम खान के ‘हमसफर’ पर बुलडोजर, वसूला जाएगा जुर्माना

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद आजम खान की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। जौहर यूनिवर्सिटी के बाद अब नई लड़ाई उनके रिजाॅर्ट से जुड़ी है। रिजाॅर्ट की जो बाउंड्री वाल नाले पर कब्जा करके बनाई गई थी, ढहा दी गयी। तकरीबन सौ मीटर की जमीन खाली कराने के बाद अब जिला प्रशासन आजम खान पर जुर्माने की तैयारी भी कर रहा है। डीएम ने कहा कि अवैध कब्जा और उस अवैध कब्जे को हटाने में जो खर्च आया है, वह भी आजम खान से ही वसूला जाएगा।
डीएम आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि आजम खान का एक ‘हमसफर’ नाम का रिजाॅर्ट है। इस रिजाॅर्ट की दीवार बरकुसिया नाले की जमीन पर कब्जा करके बनाई गई थी। यह जमीन पसियापुरा शुमाली से बड़कुसिया नाले की है। नाला बनाने के लिए सरकार ने काफी पहले जमीन खरीदी थी और इस जमीन पर पक्का नाला बनाया गया था। अब्दुल्ला आजम खान ने इस नाले पर अवैध कब्जा करके उसे अपने रिजाॅर्ट के अंदर कर लिया था।

डीएम ने बताया कि नाले पर अवैध कब्जा होने से इस इलाके में पानी निकासी में समस्या आ रही थी। इतना ही नहीं बताया जा रहा है कि रिजाॅर्ट के पास ही पार्किंग के लिए भी अवैध कब्जा किया गया है। इस मामले का केस भी एसडीएम कोर्ट में अभी पेंडिंग है। डीएम ने कहा कि आजम खान को नाले पर अवैध कब्जे को लेकर कई नोटिस भेजे गए। सिंचाई विभाग ने भी नोटिस भेजा। आजम खान की ओर से नोटिस का जो जवाब दिया गया, वह निराशाजनक था। कहीं भी यह तथ्य सामने नहीं आए कि यह जमीन उन्होंने कहां से ली या उन्होंने इसे किस अधिकार से अपने कब्जे में लिया। जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला लिया।

सुबह जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी बुलडोजर के साथ ‘हमसफर’ रिजाॅर्ट के बाहर पहुंचे। कार्रवाई से पहले यहां भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई ताकि कोई अनहोनी न हो। रिजाॅर्ट की दीवार पर बुलडोजर चलाया गया और देखते ही देखते नाले पर किया गया लगभग सौ मीटर का अवैध कब्जा खाली करा लिया गया। डीएम आन्जनेय कुमार ने बताया कि कार्रवाई के बाद अब सिंचाई विभाग के इंजीनियर असेसमेंट करेंगे जिसके बाद आजम खान पर जुर्माना लगाया जाएगा। रिजाॅर्ट की दीवार गिराने में प्रशासन का जो खर्च हुआ है वह भी आजम खान से ही वसूला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *