आप की बमबम!

आशुतोष और आशीष खेतान जैसे वरिष्ठ नेताओं के पार्टी छोड़ने से सकते में आया ‘आम आदमी पार्टी’ का नेतृत्व इन दिनों एक हिंदी दैनिक के लोकसभा चुनाव सर्वेक्षण पर खासा जश्न मना रहा है। इस सर्वेक्षण के अनुसार दिल्ली से लोकसभा की सात सीटों पर आप भाजपा और कांग्रेस को कड़ी टक्कर तो दे ही रही है, चार सीटें निश्चित तौर पर उसके खाते में जा रही हैं। इस सर्वे के मुताबिक केवल दो भाजपा सांसद रमेश विधुरी और प्रवेश वर्मा फाइट में हैं बाकी पांचों सीटों पर भाजपा हार रही है। सूत्रों की मानें तो भाजपा आलाकमान दिल्ली भाजपा में आंतरिक कलह से खासा चिंतित है। पार्टी की प्रवक्ता और सांसद मीनाक्षी लेखी जहां टिकट मांग रही हैं, वहीं वित्त मंत्री अरुण जेटली उनके बजाए नई दिल्ली सीट से क्रिकेटर गौतम गंभीर को टिकट दिए जाने के पक्ष में हैं तो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय भी इसी सीट पर अपनी दोवदारी ठोक रहे हैं। कांग्रेस में भी टिकट के दावेदारों की लंबी कतार है। इस सबके बीच आम आदमी पार्टी ने नॉर्थ-ईस्ट सीट से दिलीप पांडे, नई दिल्ली सीट से राहुल मेहरा, साउथ दिल्ली सीट से राघव चड्ढा का नाम भी तय कर डाला है। आशीष खेतान और आशुतोष को टिकट न दिए जाने का भी फैसला केजरीवाल पहले ही ले चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *