ÓñòÓÑïÓñ░ÓÑïÓñ¿Óñ¥ ÓñÁÓñ¥Óñ»Óñ░Óñ© ÓñòÓÑç ÓñòÓñ¥Óñ░Óñú Óñ¼ÓñéÓñª ÓñªÓñ░ÓñÁÓñ¥Óñ£ÓÑïÓñé ÓñòÓÑç Óñ¼ÓÑÇÓñÜ Óñ╣ÓÑïÓñéÓñùÓÑç Óñ¼ÓÑ£ÓÑç ÓñƒÓÑéÓñ░ÓÑìÓñ¿Óñ¥Óñ«ÓÑçÓñéÓñƒ

कोरोना वायरस के कारण बंद दरवाजों के बीच होंगे बड़े टूर्नामेंट

पिछले कुछ महीनों से कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में कोहराम मचा रखा है। इस वायरस के चलते कई बड़े खेल रद्द हो गए हैं। खेल की दुनिया में इस समय जो कुछ भी आयोजित हो रहा है उसमें अतिरिक्त सावधानियां बरती जा रही हैं। चीन के वुहान शहर से शुरू हुए इस वायरस के कारण फुटबाॅल सहित कई बड़े टूर्नामेंट बंद दरवाजों में यानी बिना फैंस के ही आयोजित किए जा रहे हैं। बहरीन फाॅर्मूला वन ग्रांप्री का आयोजन भी फैंस के बिना ही होने जा रहा है। फाॅर्मूला वन रेस का आयोजन 20 से 22 मार्च के बीच होना है।

फैंस के बिना इसका आयोजन करने का फैसला आयोजकों ने कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे से बचने के लिए लिया है। वहीं 19 अप्रैल को शंघाई में होने वाली ग्रांप्री को इसके चलते टाल दिया गया है। बहरीन में कोरोना वायरस के 80 मरीज सामने आ चुके हैं, जिसमें से ज्यादातर ईरान से लौटकर आए लोग हैं। ईरान ने पिछले हफ्ते  इसकी पुष्टि कर दी थी कि इस वायरस के चलते एक ही दिन में 49 लोगों की मौत हो गई और अभी तक करीब 194 लोग जान गंवा चुके हैं। सीरीज-ए फुटबाॅल के मैच भी फैंस के बिना ही आयोजित किए जा रहे हैं।

कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए इटालियन फुटबाॅल फेडरेशन चाहती थी कि मैच बिना दर्शकों की मौजूदगी में खेले जाएं। वही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को लेकर भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि आईपीएल के मैच भी बिना दर्शकों के आयोजित किए जा सकते हैं। हालांकि पहले तो इसे रद्द करने को लेकर भी चर्चाएं चल रही थी, लेकिन बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने साफ कर दिया कि आईपीएल तय समय के अनुसार ही होंगे। जिसके बाद अब इसे खाली स्टेडियम में करवाए जाने को लेकर विचार किया जा रहा है। कर्नाटक सरकार ने तो कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए बेंगलुरु में आईपीएल मैचों के आयोजन से साफतौर पर इनकार कर दिया और इसके लिए राज्य सरकार ने मोदी सरकार को खत भी लिख दिया है।

पिछले हफ्ते ही बेंगलुरु शहर में भी कोरोना वायरस का एक मामला सामने आया था, जिसकी पुष्टि शिक्षा मंत्री के सुधाकर ने भी की थी। खबरों के मुताबिक कोरोना वायरस सीओवीआईडी -19 आईटी इंजीनियर को हुआ है जो वायरस फैलने के बाद 2500 से ज्यादा लोगों से मिला। कोरोना वायरस से पीड़ित शख्स को बेंगलुरु के राजीव गांधी इंस्टिट्यूट ऑफ चेस्ट डिजीज में रखा गया है। साथ ही उस इलाके के सभी स्कूल और आईटी कंपनियों को अगले नोटिस तक बंद कर दिया गया। यही देखते हुए कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरू और दूसरे शहरों में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए आईपीएल मैच के आयोजन में असमर्थता जताई है।

बेंगलुरु का चिन्नास्वामी स्टेडियम राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) का गढ़ है, जिसके कप्तान विराट कोहली हैं। अगर बेंगलुरु मैच आयोजित करने से इनकार करता है तो ये विराट और उनकी टीम के लिए बहुत बड़ा झटका होगा। कर्नाटक सरकार से पहले महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री भी कोरोना वायरस के बीच आईपीएल के खिलाफ बयान दे चुके हैं, राजेश टोपे ने हाल ही में बयान दिया था, जहां एक-साथ इतने लोग जमा होते हैं वहां कोरोना वायरस फैलने का खतरा ज्यादा है, इसलिए आईपीएल जैसे टूर्नामेंट को फिलहाल के लिए टाल देना चाहिए।

इस बीच आईपीएल पर संकट के बादल और तेज हो गए जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से आयोजित कराए जाने वाले इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल पर रोक लगाने का मामला पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। सुप्रीम कोर्ट ने वकील और याचिकाकर्ता मोहन बाबू अग्रवाल को नियमित पीठ में याचिका दाखिल करने को कहा, याचिककर्ता ने कोरोन वायरस के कारण इंडियन प्रीमियर लीग को स्थगित करने की मांग की थी। वहीं बीसीसीआई ने कहा कि 15 देशों का वीजा रद्द होने के चलते कोई भी विदेशी खिलाड़ी 15 अप्रैल तक इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेगा।

ऐसे में 29 मार्च से 24 मई तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट पर कोरोना की मार पड़ने के आसार हैं। अब तक कोरोना वायरस को लेकर कोई खास दवाई या इसके खतरे से बचाव का इलाज मौजूद नहीं है। यह पूरी दुनिया में तेजी से फैल रहा है और यह एक महामारी जैसी स्थिति बना रहा है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि राज्य में कोरोना की स्थिति को देखते हुए सरकार के पास दो ही विकल्प हैं। पहला आईपीएल मैचों को स्थगित करना और दूसरा बिना टिकटों की बिक्री के मैचों का आयोजन कराना। इस बार टूर्नामेंट 29 मार्च से 24 मई तक होना है। वहीं, अखिल भारतीय फुटबाॅल महासंघ ने मिजोरम की राजधानी आइजोल में होने वाले हीरो संतोष ट्राॅफी 2019-20 के फाइनल राउंड को टाल दिया है। यह मैच 14 से 27 अप्रैल को होना था।