आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर दुनिया इस समय एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है जहां एक तरफ एआई को भविष्य की सबसे बड़ी तकनीकी ताकत माना जा रहा है तो दूसरी ओर उसकी बढ़ती क्षमता और रफ्तार ने गम्भीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमेरिका में एंथ्रोपिक के प्रमुख दारियो अमोदेई ने एआई के विकास की गति धीमी करने और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की अपील की है जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एआई कम्पनियों और डेटा सेंटरों के खिलाफ उठ रही ऐसी मांगों को ‘सिक कंस्पायरेसी’ करार दिया है। चीन ने भी एआई के विकास को रोकने की सोच का विरोध करते हुए टकराव और डर फैलाने से बचने की बात कही है। दूसरी ओर जर्मनी का कहना है कि एआई के विकास को रोकना यूरोप के लिए व्यावहारिक विकल्प नहीं है लेकिन इसके जोखिमों को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। यानी दुनिया के सामने अब सवाल यह नहीं है कि एआई का विकास होना चाहिए या नहीं बल्कि असली चुनौती यह है कि उसकी रफ्तार, ताकत के साथ सुरक्षा और नियंत्रण जवाबदेही को कैसे आगे बढ़ाया जाए
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर दुनिया भर में उत्साह जितनी तेजी से बढ़ा है, अब उसी तेजी से इसके सम्भावित खतरों को लेकर चिंता भी सामने आने लगी है। एआई कुछ वर्षों में ऐसी तकनीक बन चुका है जो इंसान की भाषा समझने, सामग्री तैयार करने और जटिल समस्याओं को हल करने से आगे बढ़कर खुद कई तरह के काम करने की क्षमता हासिल कर रहा है। एआई एजेंट इंटरनेट पर काम कर सकते हैं, कम्प्यूटर प्रणालियों के साथ संवाद कर सकते हैं, कोड लिख सकते हैं और कई प्रक्रियाओं को अपेक्षाकृत स्वतंत्र तरीके से पूरा कर सकते हैं। यही बढ़ती स्वायत्तता अब विशेषज्ञों और सरकारों के सामने सबसे बड़ा सवाल खड़ा कर रही है कि अगर एआई की क्षमता मानव नियंत्रण की क्षमता से तेज बढ़ी तो उसके परिणाम क्या होंगे।
एआई की रफ्तार धीमी करने की मांग
इस बहस को सबसे ज्यादा चर्चा में एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दारियो अमोदेई के उस तर्क ने ला दिया है जिसमें उन्होंने अत्याधुनिक एआई के विकास की गति को कुछ हद तक नियंत्रित करने की जरूरत बताई। उनका मानना है कि एआई की क्षमताएं जिस तेजी से बढ़ रही हैं, सुरक्षा व्यवस्था और उसके सम्भावित दुरुपयोग को रोकने के उपाय उस गति से विकसित नहीं हो रहे हैं। ऐसे में कुछ समय के लिए विकास की रफ्तार को नियंत्रित करना जरूरी हो सकता है ताकि शोधकर्ता और सरकारें सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम कर सकें।
अमोदेई की चिंता केवल इस बात को लेकर नहीं है कि एआई भविष्य में कितना शक्तिशाली हो सकता है। उनकी चिंता यह भी है कि एआई एजेंटों की बढ़ती क्षमता उन्हें इंटरनेट और डिजिटल प्रणालियों पर ज्यादा स्वतंत्र तरीके से काम करने योग्य बना सकती है। यदि ऐसी प्रणालियां गलत हाथों में पहुंचती हैं या उनके फैसलों पर पर्याप्त मानवीय निगरानी नहीं रहती तो साइबर सुरक्षा से लेकर आर्थिक व्यवस्था तक कई क्षेत्रों में गम्भीर जोखिम पैदा हो सकते हैं।
इस विचार को एआई उद्योग के भीतर से भी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। ओपन एआई के प्रमुख सैम आॅल्टमैन, एक्स एआई के प्रमुख एलन मस्क और गूगल डीपमाइंड के प्रमुख डेमिस हसाबिस जैसे तकनीकी क्षेत्र के बड़े नाम भी अलग-अलग संदर्भों में एआई के विकास के साथ सुरक्षा की जरूरत पर जोर दे चुके हैं। हालांकि इन लोगों के बीच इस बात को लेकर मतभेद हैं कि सरकारों को एआई के विकास में कितनी भूमिका निभानी चाहिए और नियमन किस स्तर तक होना चाहिए।
ट्रम्प को चीन से पिछड़ने का डर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प इस बहस के दूसरे छोर पर खड़े दिखाई देते हैं। उनका तर्क है कि एआई के विकास की रफ्तार कम करने का सीधा फायदा चीन को मिल सकता है। अमेरिका और चीन के बीच एआई, अत्याधुनिक चिप और कम्प्यूटिंग क्षमता को लेकर पहले से ही जबरदस्त प्रतिस्पर्धा है। ऐसे में अमेरिका अगर अपनी तकनीकी गति धीमी करता है तो चीन को आगे निकलने का मौका मिल सकता है।
ट्रम्प ने एआई कम्पनियों और डेटा सेंटरों के खिलाफ उठ रही चिंताओं को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका के पास एआई कम्पनियों को नियंत्रित और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पर्याप्त कानूनी व्यवस्था पहले से मौजूद है। उनके लिए एआई केवल एक तकनीकी क्षेत्र नहीं बल्कि अमेरिका की आर्थिक और रणनीतिक शक्ति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
ट्रम्प की सोच के पीछे एक बड़ी चिंता यह है कि भविष्य की वैश्विक शक्ति-संतुलन में एआई की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है। जिस देश के पास सबसे उन्नत एआई माॅडल, सबसे शक्तिशाली कम्प्यूटिंग क्षमता और अत्याधुनिक चिप तकनीक होगी, वह अर्थव्यवस्था, रक्षा, साइबर सुरक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान में बड़ी बढ़त हासिल कर सकता है। इसलिए अमेरिका के लिए एआई की दौड़ में पीछे रहना केवल कारोबारी नुकसान नहीं बल्कि रणनीतिक खतरा भी माना जा रहा है।
चीन भी विकास रोकने के पक्ष में नहीं
चीन ने भी एआई के विकास को धीमा करने की अपील को स्वीकार नहीं किया है। बीजिंग का कहना है कि एआई को लेकर डर और टकराव की राजनीति वैश्विक एआई व्यवस्था के निर्माण में बाधा डाल सकती है। चीन चाहता है कि एआई के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग हो लेकिन साथ ही वह अपनी तकनीकी क्षमता और वैश्विक प्रभाव को भी तेजी से बढ़ाना चाहता है।
यही वजह है कि एआई को लेकर अमेरिका और चीन की प्रतिस्पर्धा अब केवल कम्पनियों के बीच की प्रतिस्पर्धा नहीं रह गई है। दोनों देशों के लिए एआई राष्ट्रीय शक्ति का महत्वपूर्ण आधार बनता जा रहा है। अमेरिका अपनी तकनीकी बढ़त बनाए रखना चाहता है और चीन अपनी तकनीकी निर्भरता कम करके वैश्विक स्तर पर बराबरी या बढ़त हासिल करना चाहता है। ऐसे माहौल में किसी एक देश द्वारा एआई विकास की रफ्तार कम करने का फैसला दूसरे देश को रणनीतिक लाभ दे सकता है।
जर्मनी का रुख रोकना नहीं, सुरक्षित बनाना
यूरोप ने इस बहस में अपेक्षाकृत संतुलित रास्ता अपनाने की कोशिश की है। जर्मनी का कहना है कि एआई के विकास को पूरी तरह रोक देना यूरोप के लिए व्यावहारिक विकल्प नहीं है। यूरोप अपनी डिजिटल सम्प्रभुता और तकनीकी क्षमता को मजबूत करना चाहता है और इसके लिए एआई के क्षेत्र में लगातार विकास जरूरी है। इसका अर्थ यह नहीं है कि यूरोप सुरक्षा सम्बंधी चिंताओं को नजरअंदाज करने के लिए तैयार है। यूरोपीय सोच यह है कि नवाचार और सुरक्षा को एक-दूसरे का विरोधी नहीं माना जाना चाहिए। एआई कम्पनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी तकनीक नागरिकों के लिए सुरक्षित हो और उसके इस्तेमाल से पैदा होने वाले जोखिमों की जिम्मेदारी भी तय हो।
स्पेन में एआई के सम्भावित जोखिमों को नियंत्रित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समझौते की जरूरत पर चर्चा शुरू हुई है। वहां कुछ प्रस्तावों की तुलना परमाणु तकनीक के प्रसार को नियंत्रित करने वाली अंतरराष्ट्रीय व्यवस्थाओं से की जा रही है। ब्रिटेन भी एआई के जोखिमों को लेकर चिंतित है लेकिन उसका जोर इस बात पर है कि नियमन वास्तविक प्रमाणों और ठोस जोखिमों के आधार पर होना चाहिए, केवल आशंकाओं के आधार पर नहीं।
सिलिकाॅन वैली में भी मतभेद
सबसे दिलचस्प स्थिति सिलिकाॅन वैली में दिखाई दे रही है। एआई उद्योग के कुछ प्रमुख लोग मानते हैं कि तकनीक को सुरक्षित रखने के लिए विकास की गति पर कुछ नियंत्रण जरूरी है, वहीं कुछ तकनीकी उद्योगपति यह सवाल उठा रहे हैं कि बड़ी एआई कम्पनियां सुरक्षा और नियमन की मांग के जरिए कहीं अपनी प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत करने की कोशिश तो नहीं कर रहीं।
यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अत्याधुनिक एआई माॅडल तैयार करने में अरबों डाॅलर का निवेश हो रहा है और कम्पनियों के बीच तकनीकी दौड़ बेहद तेज है। यदि सरकारें विकास पर कड़े प्रतिबंध लगाती हैं तो इसका असर निवेश, रोजगार और तकनीकी प्रतिस्पर्धा पर पड़ सकता है लेकिन यदि विकास को पूरी तरह खुला छोड़ दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था पीछे रह गई तो उसके परिणाम कहीं ज्यादा गम्भीर हो सकते हैं।
यही एआई की मौजूदा बहस की सबसे बड़ी विडम्बना है। जो कम्पनियां एआई को आगे बढ़ा रही हैं उन्हीं के भीतर से उसके सम्भावित खतरों की चेतावनी भी आ रही है। कुछ लोग इसे मानवता की सुरक्षा के लिए जरूरी चेतावनी मानते हैं तो कुछ इसे प्रतिस्पर्धा और बाजार की राजनीति से जोड़कर देखते हैं।
आखिर कितनी रफ्तार सही है?
एआई को लेकर दुनिया के सामने शायद सबसे कठिन सवाल यही है कि विकास की सही सीमा क्या होनी चाहिए। एआई चिकित्सा, शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, कृषि, उद्योग और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में बड़े बदलाव ला सकता है। कई ऐसे काम जो इंसानों को घंटों या दिनों में करने पड़ते हैं, एआई उन्हें बेहद कम समय में पूरा कर सकता है। इसलिए एआई के विकास को पूरी तरह रोकने की सोच व्यावहारिक दिखाई नहीं देती।
दूसरी तरफ यह भी सच है कि एआई की क्षमता जितनी तेजी से बढ़ रही है, उसके दुरुपयोग और नियंत्रण से जुड़े सवाल उतनी ही तेजी से सामने आ रहे हैं। गलत सूचना, साइबर अपराध, स्वायत्त एआई एजेंट, निजी डेटा की सुरक्षा, रोजगार पर असर और अत्यधिक शक्तिशाली एआई प्रणालियों पर मानवीय नियंत्रण जैसे सवाल अब भविष्य की काल्पनिक आशंकाएं नहीं रह गए हैं।
इसलिए आने वाले समय में दुनिया की असली चुनौती एआई को रोकना नहीं बल्कि एआई की रफ्तार के साथ सुरक्षा की रफ्तार मिलाना होगी। अमेरिका तकनीकी बढ़त के लिए दौड़ना चाहता है, चीन पीछे नहीं रहना चाहता और यूरोप विकास के साथ सुरक्षा का संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है। एआई उद्योग के भीतर भी इस बात पर बहस जारी है कि तकनीक को कितनी स्वतंत्रता दी जाए।
आखिरकार सवाल यह नहीं होगा कि एआई इंसान से ज्यादा शक्तिशाली बनेगा या नहीं। सवाल यह होगा कि जब एआई बेहद शक्तिशाली हो जाएगा, तब क्या इंसान उसके फैसलों, उसके इस्तेमाल और उसकी दिशा पर नियंत्रण बनाए रख पाएगा? यही सवाल आज एआई की पूरी वैश्विक बहस के केंद्र में है।