क्यों हजारों की संख्या में मृत मिली समुद्र किनारे मछलियां

पिछले हफ्ते समुन्द्र किनारे की ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने सबके जेहन में एक सवाल छोड़ दिया कि ऐसा कैसे हो गया ? दरअसल पिछले हफ्ते अमेरिका के टेक्सास के समुद्र किनारे हजारों की संख्या में पानी में जीने वाली मछलियां पानी में ही मर गई। वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि मरी हुई ये हजारों मछलियां पानी की सतह पर तैर रही हैं। तस्वीरों में देखने पर लगता है जैसे कोई ढेर सारी मछलियां किनारे पर बिछा गया हो। तस्वीरें देखकर हर कोई हैरान परेशान है आखिर ये सब कैसे हो गया है।
अब इसकी वजह सामने आई है कि इन मछलियों की मौत ऑक्सीजन की कमी से हुई है। मामला अमेरिका के साउथ ईस्ट टेक्सास का है। क्विंटाना बीच काउंटी पार्क की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि आम लोग स्थानीय तटों से तब तक दूरी बनाए रखें जब तक कि मछलियों को वहां से हटा न लिया जाए। ऐसा इसलिए कहा गया है क्योंकि आशंका है कि मरी हुई मछलियां कई तरह की बीमारियों का कारण भी बन सकती हैं।  प्रशासन की टीमें मछलियों को हटाने में जुटी हुई हैं। बता दें कि मछलियां पानी में घुली हुई ऑक्सीजन से ही सांस लेती हैं। फिर भी इतनी मछलियों की मौत ऑक्सीजन की कमी से हो गई? जो चिंता का विषय है।
कैसे गई इतनी मछलियों की जान?

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि कई प्रतिकूल परिस्थितियों के एक साथ पैदा हो जाने की वजह से यह हादसा हुआ है। इसमें सबसे पहली बात तो यह है कि गर्म पानी मछलियों के लिए अच्छा नहीं होता क्योंकि उसमें ऑक्सीजन कम होती है। ऐसा ज्यादातर उथली जगहों पर होता है क्योंकि वहां धूप से पानी जल्दी गर्म हो जाता है। इस हादसे में भी ऐसा कुछ ही हुआ और गर्म पानी वाली इलाके से गुजरने की वजह से इतनी ज्यादा मछलियों की मौत हो गई। दूसरा कारण था कि पिछले कुछ हफ्तों से इस इलाके में समुद्र थोड़ा शांत था. यानी लहरें कम उठ रहीं थी। लहरें कम आने से ऑक्सीजन का संतुलन बिगड़ जाता है। पिछले कुछ हफ्तों से यहां बादल छाए हुए थे। धूप कम होने की वजह से फायटोप्लैंकटन, फोटो सेंथेसिस का इस्तेमाल करके ऑक्सीजन नहीं बना पाते और यहां भी वही हुआ।

अभी तक की दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, मरने वाली मछलियों में सबसे ज्यादा संख्या गल्फ मेन्हडेन की है। ये हमेशा बड़े झुंड में चलती हैं यही वजह है कि समुद्र के तट पर इनकी संख्या इतनी ज्यादा दिख रही है। मछलियां पानी की गंदगियों को खाती हैं और कई पक्षी, शार्क और कई अन्य मछलियां इन्हें खाती हैं। ऐसे में इन्हें समुद्र से हटाना जरूरी है वरना इन्हें खाने वाली मछलियों की भी मौत हो सकती है।