ÓñÂÓñ¥Óñ╣ÓÑÇÓñ¿ Óñ¼Óñ¥Óñù ÓñòÓÑç Óñ¬ÓÑìÓñ░ÓñªÓñ░ÓÑìÓñÂÓñ¿ÓñòÓñ¥Óñ░Óñ┐Óñ»ÓÑïÓñé Óñ©ÓÑç Óñ¼Óñ¥Óññ ÓñòÓñ░Óñ¿ÓÑç ÓñòÓÑï ÓññÓÑêÓñ»Óñ¥Óñ░ Óñ╣ÓÑêÓñé Óñ╣Óñ«: Óñ░ÓñÁÓñ┐ ÓñÂÓñéÓñòÓñ░ Óñ¬ÓÑìÓñ░Óñ©Óñ¥Óñª

शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों से बात करने को तैयार हैं हम: रवि शंकर प्रसाद

दिल्ली के शाहीन बाग में चल रहे नागरिकता संशोधन अधिनियम विरोधी प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने शनिवार को ट्वीट कर कहा, “सरकार शाहीनबाग के प्रदर्शनकारियों से बात करने के लिए तैयार है। यह बातचीत संरचनात्मक रूप में होनी चाहिए। और नरेंद्र मोदी की सरकार उनसे संवाद करने और सीएए के खिलाफ उनके सभी संदेह दूर करने के लिए तैयार है।”

वहीं दूसरी तरफ प्रतापगढ़ में बृहस्पतिवार को जनसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के बारे में कहा, “शाहीन बाग में बैठकर हिन्दुस्तान को तोड़ने की बात करना किसी भी हिन्दुस्तानी का संस्कार नहीं हो सकता है।” उन्होंने यह भी कहा, ‘‘मैं गंगा मइया से उन लोगों के लिए सद्‌बुद्धि मांगूंगी, लोग खाते हैं इस जमीन का, गाते हैं किसी और का।”

उन्होंने जनसभा को सम्बोधित करते हुए इसके आगे कहा कि घर में माताएं-बहनें अपने बच्चों के माथे पर तिलक लगाती हैं, यही भारत का संस्कार है। भारत संस्कारों के लिए जाना जाता है। ये संस्कार देख कर वह सभ्यता याद आती है, जिस पर राष्ट्र गौरव करता है।

बता दें कि दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रणबीर सिंह ने विधानसभा चुनाव के हालात और तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को शाहीनबाग का दौरा करने गए थे। दौरा करने के बाद रणबीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में जिस जगह 8 फरवरी को चुनावी गतिविधियां होनी हैं वहां किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव तंत्र ‘अतिरिक्त चौकन्ना’ है और राष्ट्रीय राजधानी में हर वक्त हालात का आकलन कर रहा है।