आरक्षण को लेकर शुरू हुआ मैतेई और कुकी दो समुदायों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मणिपुर में कल (28 मई) को फिर हिंसा भड़क उठी। इसमें एक पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, 12 लोग घायल हो गए हैं। एनडीटीवी ने इस बारे में जानकारी दी है।
अत्याधुनिक हथियारों से लैस कथित आतंकवादियों ने सेरू और सुगनु इलाकों में कई घरों में आग लगा दी। इससे इलाके में हिंसा भड़क गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज मणिपुर का दौरा करेंगे। उनके दौरे से पहले ही मणिपुर में हिंसा भड़कने पर चिंता जताई जा रही है।
इस बीच मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने बताया कि पिछले चार दिनों में 40 आतंकियों को मार गिराया गया है।“ उन्होंने आगे बताया कि आतंकवादी नागरिकों पर M-16 और AK-47 असॉल्ट राइफलों और स्नाइपर गन का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे कई गांवों में आ रहे हैं और घर जला रहे हैं। हमने सेना और अन्य सुरक्षा बलों की मदद से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिंह ने संवाददाताओं से कहा, हमें रिपोर्ट मिली है कि लगभग 40 आतंकवादी मारे गए हैं। पिछले दो दिनों से इंफाल घाटी में नागरिकों पर हमले भी बढ़े हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ये हमले सुनियोजित हैं और हम इनकी कड़ी निंदा करते हैं।
अमित शाह आज मणिपुर दौरे पर
गृह मंत्री अमित शाह आज मणिपुर का दौरा करेंगे। उन्होंने मैताई और कुकी दोनों से शांति बनाए रखने और सामान्य स्थिति की दिशा में काम करने की अपील की है। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने भी शनिवार को मणिपुर का दौरा किया और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।
मैताई समुदाय को अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल करने की मांग का कुकी समुदाय ने कड़ा विरोध किया। उस समय, पूरे राज्य में हिंसा भड़क उठी। तब से मणिपुर सुलग रहा है। सरकार ने हिंसा को और बढ़ने से रोकने के लिए कई इलाकों में कर्फ्यू और इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा दिया है।