ÓñƒÓÑìÓñÁÓñ┐ÓñƒÓñ░ ÓñòÓÑç CEO Óñ£ÓÑêÓñò ÓñíÓÑëÓñ░ÓÑìÓñ©ÓÑÇ Óñ¿ÓÑç ÓñòÓñ┐Óñ»Óñ¥ 7500 ÓñòÓñ░ÓÑïÓñíÓñ╝ Óñ░ÓÑüÓñ¬Óñ»ÓÑç ÓñªÓñ¥Óñ¿ ÓñòÓñ░Óñ¿ÓÑç ÓñòÓñ¥ ÓñÅÓñ▓Óñ¥Óñ¿

ट्विटर के CEO जैक डॉर्सी ने किया 7500 करोड़ रुपये दान करने का एलान

माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर के सीईओ जैक डॉर्सी ने कोरोना से निपटने के लिए आर्थिक मदद का एलान किया है। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से उन्होंने ये जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट में बताया कि अपनी सम्पति का 28 फीसदी हिस्सा यानी करीब 7,500 करोड़ रुपये आर्थिक सहयोग के लिए दिए जाएंगे। मदद की यह राशि उन्होंने स्टार्ट स्मॉल फाउंडेशन में दी है।

जैक डॉर्सी की तरफ से दी गई राशि में से होने वाले खर्च को कोई भी व्यक्ति आसानी से ट्रैक कर सकता है। सीईओ जैक डॉर्सी ने दान की गई राशि का पूरा विवरण जानने के लिए एक लिंक जारी किया है। इसमें राशि की एक बैलेंसशीट साझा की गई है।

लिंक के जरिए दी गई राशि से जुडी हर तरह की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। डॉर्सी ने ट्वीट कर ये भी कहा है कि इस वायरस के खत्म होने के बाद इस रकम को लड़कियों की पढ़ाई और उनकी सेहत के कार्यों में खर्च किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक,  इस समय जैक डॉर्सी की कुल संपत्ति 3.3 बिलियन डॉलर है।

इससे पहले मार्क जुकरबर्ग की ओर से 227 करोड़ की आर्थिक मदद की गई थी। साथ ही आईफोन निर्माता कंपनी एपल की ओर से भी इटली में मेडिकल सप्लाई देने का एलान किया था। अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस ने भी 100 मिलियन डॉलर की आर्थिक मदद की थी। इस समय कोरोना से इटली सबसे प्रभावित देशों में अग्रणी है।

भारत में कोरोना की स्थिति

भारत में इस समय कोरोना वायरस से करीब 5194 लोग संक्रमित हो चुके है। इनमें से 149 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं, अब तक 401 मरीज स्वस्थ भी हो गए हैं। सम्पूर्ण लॉकडाउन के बावजूद भी कोरोना वायरस का कहर लगातार तीव्र गति से बढ़ रहा है। अब तक देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में 60, दिल्ली में 51, मध्यप्रदेश में 16, आंध्र प्रदेश में 15, कर्नाटक में छह और राजस्थान में पांच नए मामले प्रकाश में आए हैं।

पुणे में पांच और इंदौर में एक लोगों की मौत भी हुई है। देश की राजधानी दिल्ली में आज कोरोना के 51 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसमें विदेश में यात्रा करने वाले 35 लोग, मरकज में शामिल होने वाले चार और 12 अन्य शामिल हैं। वहीं, दो लोगों की आज मौत भी हुई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 773 नए मामले सामने आए हैं और 35 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ देशभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 5194 हो गई। जिसमें से 4643 सक्रिय हैं, 401 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 149 लोगों की मौत हो चुकी है।