कर्नाटक और मध्य प्रदेश में जोड़ जुगत कर अपनी सरकार बनाने के बाद अब भाजपा की नजर झारखण्ड पर बताई जा रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने तो सीधे भाजपा पर झारखण्ड में विधायकों की खरीद फरोख्त का आरोप लगा डाला है। प्रदेश सरकार में शामिल कांग्रेस के कुछ विधायकों ने भी भाजपा द्वारा उन्हें भारी रकम और मंत्री बनाने जैसे प्रलोभनों का खुलासा कर प्रदेश की राजनीति में भारी तनाव पैदा कर डाला है। सूत्रों की मानें तो हेमंत सोरेन सरकार को गिराने में एक रिटायर्ड पुलिस अफसर मुख्य किरदार की भूमिका में हैं। इन महाशय का कुछ अर्सा पहले तक हेमंत सोरेन संग करीबी रिश्ता था जो अब दरक चुका है। इन महाशय पर इन दिनों राज्य की खुफिया पुलिस की कड़ी निगरानी तो है ही इनके कई करीबियों को भी खुफिया एजेंसियों ने अपने रडार में ले लिया है। प्रदेश की राजधानी रांची में सबसे ज्यादा कानाफूसी हेमंत सोरेन सरकार के मुंबई कनेक्शन की है। मुख्यमंत्री सोरेन पर कुछ अर्सा पहले मुंबई की एक अदालत में यौन शोषण का मामला एक युवती द्वारा दर्ज कराया गया था। इसके बाद से ही महाराष्ट्र भाजपा के कई नेताओं का नाम सोरेन सरकार को अस्थिर किए जाने बाबत सामने आ रहा है। सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में राज्य में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन होने की पूरी संभावना है।