ÓñàÓñ©Óñ« Óñ¼Óñ¥ÓñóÓñ╝ Óñ¬ÓÑÇÓñíÓñ╝Óñ┐ÓññÓÑïÓñé ÓñòÓÑç Óñ▓Óñ┐ÓñÅ Óñ░Óñ¥Óñ╣ÓÑüÓñ▓ ÓñùÓñ¥ÓñéÓñºÓÑÇ ÓñåÓñÅ ÓñåÓñùÓÑç, ÓñòÓñ¥Óñ░ÓÑìÓñ»ÓñòÓñ░ÓÑìÓññÓñ¥ÓñôÓñé Óñ©ÓÑç Óñ╣Óñ░ Óñ©ÓñéÓñ¡ÓñÁ Óñ«ÓñªÓñª ÓñòÓñ░Óñ¿ÓÑç ÓñòÓñ¥ ÓñòÓñ┐Óñ»Óñ¥ ÓñàÓñ¬ÓÑÇÓñ▓

असम बाढ़ पीड़ितों के लिए राहुल गांधी आए आगे, कार्यकर्ताओं से हर संभव मदद करने का किया अपील

असम में प्राकृतिक आपदा के चलते जानोमाल की भारी क्षति हुई है। राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 102 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ से असम के 33 जिलों में से 26 जिलों के लगभग 36 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। 3,376 गांव पानी में डूबे हुए हैं।

वहीं फसल की बात करें तो 127,647.25 हेक्टेयर फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी मदद करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि असम के लोग काफी हिम्मती हैं और डटकर हालात का सामना कर रहे हैं। इस मुश्किल घड़ी में पूरा देश असम के साथ है। राहुल गांधी ने शनिवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर बाढ़ का एक वीडियो शेयर किया है।

वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, “पूरा देश असम के साथ है। असम के लोग अपने हिम्मती स्वभाव से इस मुसीबत का डटकर सामना कर रहे हैं और इस आपदा से उबर आएंगे।” इसके साथ ही राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि इस मुसीबत की घड़ी में उनसे जितना संभव हो बाढ़ पीड़ितों की मदद करें।

बता दें कि असम में बाढ़ संबंधी अलग-अलग घटनाओं में पांच और व्यक्तियों की मौत हो गई है। शुक्रवार को असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने एक आधिकारिक बुलेटिन में बताया कि धुबरी, दर्रांग, बोंगाईगांव, गोलपाड़ा और कामरूप जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

गौरतलब है कि असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने बजी जोरहाट जिले के एक स्कूल में लगाए गए राहत शिविर का दौरा किया था और लोगों से बात भी की थी। साथ ही उन्होंने ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा भी लिया था।