पोलार्ड -पूरन की आंधी के आगे नहीं ढहा विराट किला ,2 -1 से सीरीज भारत के नाम
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का तीसरा और फाइनल मुकाबला कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला गया. इस मैच को टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीतकर सीरीज को 2-1 से अपने नाम की। भारत की तरफ से कप्तान विराट कोहली ने दमदार पारी खेलते हुए 85 रन बनाए।
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज द्वारा दिए गए लक्ष्य को 48.4 ओवर में पूरा किया इस मैच में कप्तान कोहली के अलावा सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और केएल राहुल ने भी धमाकेदार पारी खेली, केएल राहुल ने 77 और रोहित शर्मा ने 63 रनों की दमदार पारी खेली। टीम इंडिया का मिडिल ऑर्डर श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और केदार जाधव बल्लेबाजी के रूप में फ्लॉप साबित हुए। तीनों खिलाड़ियों ने मैदान पर कोई दमखम नहीं दिखाया।
हालांकि कोहली ने स्कोर का पीछा करते हुए अपना विकेट 46.1 ओवर में 286 रन पर ही खो दिया।इसके बाद टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जड़ेजा और शार्दुल ठाकुर ने टीम को शानदार जीत दिलाई. जड़ेजा ने 39 रन और शार्दुल ठाकुर ने 17 रन की नाबाद पारी खेली।
वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 315 रन बनाए. भारत को मैच जीतने के लिए 316 रन बनाने थे। वेस्टइंडीज की ओर से सबसे ज्यादा 89 रन निकोलस पूरन ने बनाए, इसके साथ ही कप्तान कीरोन पोलार्ड ने 72 रनों की शानदार पारी खेली।
भारत की गेंदबाजी की बात करें तो डेब्यूटेंट नवदीप सैनी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते 10 ओवर में 58 रन देकर 2 विकेट लिए।
