ओवैसी की पार्टी AIMIM लड़ेगी गुजरात विधानसभा चुनाव
गुजरात और हिमाचल प्रदेश की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले छह महीने में खत्म हो जाएगा। इसी पृष्ठभूमि में चुनाव आयोग ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश में चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की है। गुजरात चुनाव का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है। इसलिए अब सभी राजनीतिक दल इस बात पर ध्यान दे रहे हैं कि चुनाव आयोग गुजरात विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कब करेगा ? बीजेपी का गढ़ माने जाने वाले गुजरात में बीजेपी, कांग्रेस और अन्य पार्टियां चुनावी मैदान में उतरने वाली हैं। अब एमआईएम (AIMIM )ने भी गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। AIMIM के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और सांसद इम्तियाज जलील ने यह जानकारी दी है। इसके अलावा जलील ने यह भी दावा किया है कि गुजरात के कुछ भाजपा सांसद संपर्क में हैं।
जलील ने एक न्यूज़ साइट से बात करते कहा, “हम निश्चित रूप से गुजरात चुनाव लड़ेंगे। हमारी पार्टी के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि हमारे पास जहां भी ताकत होगी, हम सभी राज्यों में चुनाव लड़ेंगे। हमने गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ने का कारण यह था कि जब हम गुजरात गए थे, तो नगर निगम चुनाव के परिणाम से मनोबल बढ़ा था। हमने यह चुनाव केवल चार-पांच शहरों में लड़ा और हमारे 26 पार्षद चुने गए। उसके बाद अलग-अलग शहरों से आए 11 निर्दलीय उम्मीदवार भी हमारी पार्टी में शामिल हुए । हमारे गुजरात अध्यक्ष कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं।” हमने उनके नेतृत्व में वहां बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।
