अब कांग्रेस मुख्यालय का पलायन ,नए साल मे नया मुख्यालय होगा 9ए कोटला रोड

नए साल में कांग्रेस को मिलेगी नई सौगात के रूप में  मिलेगा नया ठिकाना 9ए कोटला रोड । कहने को कांग्रेस का नया मुख्यालय पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर है लेकिन पार्टी ने नए भवन का मुख्य प्रवेश द्वार कोटला रोड की ओर रखा है।भाजपा की तरह कांग्रेस को भी नए मुख्यालय के निर्माण के लिए लुटियन दिल्ली से बाहर पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर प्लाट दिया गया था। भाजपा अशोक रोड से निकलकर अपने मुख्यालय में पहुंच गई है। जबकि कांग्रेस ने 24 अकबर रोड छोडने के लिए कुछ और समय मांगा था। कांग्रेस को भी 2018 तक नए भवन में शिफ्ट कर जाना था।

जनसंघ नेता पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम सड़क पर मुख्यालय बनाकर शायद कांग्रेस उनके नाम से खुद को जोडने में परहेज करना चाहती थी इसीलिए नए भवन का मुख्य द्वार पीछे की रोड पर रखा और अपना पता 9ए कोटला रोड बनाया है। 28 दिसंबर को कांग्रेस की अपने स्थापना दिवस पर नए भवन में प्रवेश की तैयारी है। शहरी विकास मंत्रालय की ओर से अक्तूबर तक 24 अकबर रोड को खाली करने की समय सीमा है। कांग्रेस को मुख्यालय खाली करने के लिए तय समय दो बार समय बढ़ाया जा चुका है। करीब 43 सालों से कांग्रेस की पहचान 24 अकबर रोड से जुड़ी है। नए मुख्यालय का नाम इंदिरा गांधी भवन होगा।

नए भवन का ढांचा बनकर तैयार है और फिनशिंग का काम शेष है। कांग्रेस का नया भवन छह मंजिला होगा जिसमें एक ऑडिटोरियम भी बनाया गया है जहां कार्यक्रम आदि होंगे। कांग्रेस के नए मुख्यालय में भी विभाग, फ्रंटल आर्गेनाइजेशन भी शिफ्ट होंगे। हालांकि कांग्रेस का इसके पीछे तर्क है कि दीनदयाल मार्ग पहले से ही व्यस्त रहता है ऐसे में मुख्यद्वार के बाहर वाहनों की कतार और सुरक्षा की दृष्टि से भवन में प्रवेश पीछे से रखा गया है ताकि लोगों को जाम का सामना न करना पड़े। पार्टी का कहना है कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यालय पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर ही है।