Óñ¬ÓÑìÓñ░ÓñºÓñ¥Óñ¿Óñ«ÓñéÓññÓÑìÓñ░ÓÑÇ Óñ«ÓÑïÓñªÓÑÇ ÓñòÓÑï Óñ¬Óñ©ÓñéÓñª ÓñåÓñê ÓñòÓÑïÓñ░ÓÑïÓñ¿Óñ¥ ÓñòÓÑç ÓñûÓñ┐Óñ▓Óñ¥Óñ½ Óñ¼ÓÑëÓñ▓ÓÑÇÓñÁÓÑüÓñí ÓñòÓÑÇ Óñ¬Óñ╣Óñ▓, ÓñÂÓÑçÓñ»Óñ░ ÓñòÓñ┐Óñ»Óñ¥ Óñ»ÓÑç ÓñÁÓÑÇÓñíÓñ┐Óñ»ÓÑï

प्रधानमंत्री मोदी को पसंद आई कोरोना के खिलाफ बॉलीवुड की पहल, शेयर किया ये वीडियो

दुनियाभर में आज विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना से जंग में हिम्मत से खड़े मेडिकल स्टाफ का आभार जताया। मोदी ने सभी से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का अनुरोध किया। साथ ही प्रधानमंत्री ने एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें फिल्मी सितारे और खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। गाने में लोगों से कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होने के लिए और घर के अंदर रहने के लिए कहा गया है।

पीएम ने अपने ट्वीट में लिखा, “आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर आइए हम न केवल एक दूसरे के अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रार्थना करें बल्कि उन सभी डॉक्टरों, नर्सों, चिकित्सा कर्मचारियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें, जो बहादुरी से कोविड-19 खतरे के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व कर रहे हैं।”

 

वीडियो को शेयर करते हुए प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि यह ऐसा दिन है जो लोगों को अपनी निजी फिटनेस पर ध्यान देने की प्रेरणा देगा। उन्होंने ट्वीट में कहा, “विश्व स्वास्थ्य दिवस के दिन आइए हम यह भी सुनिश्चित करें कि हम सामाजिक दूरी जैसे नियमों का पालन करें जो हमारे स्वयं के जीवन के साथ-साथ दूसरों के जीवन की रक्षा करेंगे। उम्मीद करता हूं कि यह दिन हमें सालभर व्यक्तिगत फिटनेस पर ध्यान केंद्रित करने की ओर प्रेरित करेगा, जो हमारे समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करेगा।”

फिल्म जगत के बनाए इस वीडियो को शेयर करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, “फिर मुस्कुराएगा इंडिया… फिर जीत जाएगा इंडिया।” फिल्म इंडस्ट्री के लोगों द्वारा बनाया गया ये बेहतरीन गाना लोगों को भी काफी पसंद आ रहा है। यूट्यूब पर भी ‘मुस्कुराएगा इंडिया’ गाना ट्रेंडिग लिस्ट के टॉप पर है।

इससे पहले एकजुटता के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को रात 9 बजे 9 मिनट के लिए एकजुटता दिखाने के लिए घर से ही दीप, मोमबत्ती और टॉर्च जलाने का आग्रह किया था। पीएम मोदी की इस अपील पर पूरे देश के लोगों ने अपने घरों में दिए मोमबत्ती जलाई। साथ ही इस अपील का अनुसरण करते बॉलीवुड सितारे भी नजर आए।