CAA विरोध में पहुंचे कन्हैया कुमार के खिलाफ लगे ‘गो बैक’ के नारे
एनआरसी और सीएए के खिलाफ विरोध में जनसभा को सम्बोधित करने पहुंचे सीपीआई के नेता कन्हैया कुमार का जमकर विरोध किया गया। कन्हैया कुमार बिहार के गोपाल गंज जिला में ‘जागो देश, देश बचाओ’ यात्रा के तहत पहुंचे थे। उनके आने से पहले ही उनके विरोध में स्वर उठने लगे थे। पहले उनके पोस्टर पर कालिख पोती गई। फिर जैसे ही वह पोस्ट ऑफिस चौक पर पहुंचे उनका जमकर विरोध किया गया और गो बैक के नारे भी लगाए गए।
कन्हैया कुमार यहां तय कार्यक्रम अनुसार शहर के पोस्ट ऑफिस चौक पर पहुंचे थे। जैसे ही कन्हैया यहां पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘कन्हैया गो बैक’ के नारे लगाकर उनका विरोध किया। भाजपा के नेता हाथों में भाजपा के बैनर के साथ विरोध में सड़कों पर उतर आए। सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोक दिया। सभी भाजपा कार्यकर्ता कन्हैया गो बैक के नारे लगा रहे थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं के काफी उग्र होने के कारण पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। कार्यकर्ताओं को बहुत मशक्क़त के बाद काबू किया गया। हालांकि, पुलिस की ओर से हंगामे से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया था।
इससे पहले कन्हैया को पश्चिमी चंपारण के चनपटिया में भी विरोध झेलना पड़ा था। जहां दर्जनों लोग सड़क किनारे खड़े थे और जैसे ही वहां से कन्हैया का काफिला गुजरा तो लोगों ने यहां भी ‘कन्हैया ‘गो बैक’ के नारे लगाए। वहां के लोगों का कहना था कि हम कन्हैया को यहां से यात्रा शुरू नहीं करने देंगे।
