दुष्कर्म में असफल रहा तो छात्रा के सिर पर पत्थर मार दिया
बताया जाता है कि पीड़ित छात्रा चैबट्टाखाल तहसील के लटबौ गांव की रहने वाली है। वह एक दलित परिवार से है। छात्रा चैबट्टाखाल महाविद्यालय से प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर घर को लौट रही थी। इसी दौरान लटबौ गांव के समीप बने बस स्टैंड पर एक युवक उसे खींचकर सड़क से नीचे झाड़ियों की ओर ले गया, जहां उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर युवक ने छात्रा के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। जिसमें छात्रा बुरी तरह घायल हो गई। वह किसी तरह बस स्टैंड पर पहुंची। महाविद्यालय के स्टाफ ने छात्रा को लहूलुहान हालत में बस स्टैंड पर देखा, जिसके बाद उन्होंने देहरादून में रहने वाली छात्रा की बड़ी बहन को सूचना दी। पीड़िता की बड़ी बहन भी राजकीय महाविद्यालय चैबट्टाखाल से पढ़ी हुई है। जिससे वहां का स्टाफ उसे जानता है। पीड़िता के पिता ने बताया कि महाविद्यालय के कर्मी ही उसकी बेटी को नौगांवखाल अस्पताल ले गए। जहाँ डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार ले गए। जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया गया है कि छात्रा के सिर पर 15 टांके आए हैं। पीड़ित छात्रा के पिता ने राजस्व पुलिस में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। राजस्व पुलिस मामले की जांच कर रही है।
