ÓñªÓÑüÓñÀÓÑìÓñ»ÓñéÓññ ÓñÜÓÑîÓñƒÓñ¥Óñ▓Óñ¥ Óñ¿ÓÑç ÓñòÓñ╣Óñ¥, ÓñòÓñ┐Óñ©Óñ¥Óñ¿ÓÑïÓñé ÓñòÓÑç Óñ½Óñ©Óñ▓ ÓñòÓñ¥ ÓñÅÓñò ÓñÅÓñò ÓñªÓñ¥Óñ¿Óñ¥ ÓñûÓñ░ÓÑÇÓñªÓÑçÓñùÓÑÇ Óñ©Óñ░ÓñòÓñ¥Óñ░

दुष्यंत चौटाला ने कहा, किसानों के फसल का एक एक दाना खरीदेगी सरकार

हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और खेतों में काम कर रहे किसानों के बीच संवाद हुआ था। गुरुवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास से प्रदेशभर में दर्जनों किसानों के साथ वाट्सएप पर वीडियो कॉल से बात की। इस दौरान डिप्टी सीएम ने किसानों को गेहूं और सरसों की फसल खरीद के लिए सरकार की तरफ से बनाई व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही किसानों से कोरोना महामारी से बचने के लिए सभी जरूरी उपाय अपनाने की अपील की।

उप-मुख्यमंत्री ने किसानों से हरियाणवी स्टाइल में संवाद करते हुए कहा, “सारे किसान भाइयां न राम-राम, ईब सुनो थारी फसल का एक-एक दाना खरीदेगी सरकार। थांनै कोई दिक्कत ना होवै इस खातर गाम-गाम म्है घणी और मंडी बना दी सै, थारी फसल के हिसाब से, चिंता न करो थारी गेल्या खड़ा सूं। सरसों अर कणक का एक एक दाणा खरीदूंगा।”

रोहतक जिले के गांव चुलियाना वासी किसान सुभाष से बात करते हुए ग्रामीणों का हाल-चाल पूछा और फसल कटाई के बारे में जानकारी ली। किसान सुभाष ने गेंहू की कटाई के लिए कंबाइन न होने की समस्या उप-मुख्यमंत्री को बताई। जिस पर दुष्यंत चौटाला ने कंबाइन की उपलब्धता को लेकर आश्वस्त किया कि फसल कटाई के लिए किसानों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी और फसल कटाई के लिए कंबाइनों की पूरी व्यवस्था की जाएगी।

नारनौल के किसान राजकुमार और उनकी माता पतासी देवी से भी बातचीत की। उन्होंने घर व उनके गांव में सब राजी-खुशी के बारे में बातचीत की तथा फसल के बारे में पूछा। दुष्यंत चौटाला ने हरियाणवी अंदाज में पूछा, “ताई सब ठीक-ठाक, …अर फसल आच्छी सै के”। जिस पर ताई ने कहा कि दुष्यंत बेटा सब राजी सै और फसल भी आछी सै।

कोरोना वायरस के चलते इस बार हरियाणा ओर पंजाब के किसानों के लिए काफी मुश्किल आई हुई हैं। गेहूं की फसल पककर बिल्कुल तैयार हैं। हरियाणा में 15 अप्रैल से सरसों और 20 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं की खरीद के लिए सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसको लेकर हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे मंडी में खरीद केंद्रों की व्यवस्था का जायजा लें और एंट्री व एग्जिट प्वाइंट पर कड़ी निगरानी रखी जाए। खरीद केंद्रों पर भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए केन्द्रों के स्टाफ, आढ़तियों, श्रमिकों और किसानों को प्रवेश पास जारी किए जाएं।