[gtranslate]
Country

क्या कांग्रेस गुजरात में रोक पाएगी मोदी लहर ?

पांच में से चार राज्यों में जीत हासिल कर बीजेपी ने अगले चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। हालिया विधान सभा चुनावों के नतीजे आने के बाद ही प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद से गुजरात चुनाव के  अभियान का आगाज़ किया। पंजाब को छोड़कर बाकी चार राज्यों – यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में बीजेपी सत्ता में काबिज होने जा रही है।
इसी साल के अंत मे गुजरात विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं। एकतरफ चार राज्यों में विजय के जोश से लबरेज भाजपा होगी वहीं दूसरी तरफ राज्यों में अपनी खत्म होती जमीन को बचाती कांग्रेस होगी। इसलिए इन चुनावों में ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या कांग्रेस मोदी लहर को रोक पाएगी? कांग्रेस ने  पिछले चुनाव में भाजपा को नाको चने चबाने के लिए विवश कर दिया था। पिछले चुनाव में भाजपा महज 99 सीटों पर सिमट कर रह गयी थी और अपनी हार को सामने  देख प्रधानमंत्री मोदी को गुजरात में लगातार कैंप करना पड़ा था ताकि विजय हासिल की जा सके।
पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी के होने और राज्य में संगठन की मजबूत पकड़ के कारण गुजरात में भाजपा  करीब करीब अपराजेय की स्थिति में नजर आ रही है। लेकिन इस बार स्थिति पूरी तरह उसके अनुकूल प्रतीत नहीं होती है। भाजपा के पास मोदी-शाह के केंद्रीय सत्ता में आने और आनंदीबेन पटेल के सक्रिय राजनीति से दूर होने के बाद राज्य में मजबूत स्थानीय चेहरा नहीं है।

मुख्यमंत्री न बन पाने की टीस पाले नितिन पटेल और कमजोर प्रदर्शन के आधार पर सत्ता से हटा दिए गए रूपाणी भी भाजपा के लिए भितरघात कर सकते हैं। वर्तमान सीएम की छवि मजबूत नहीं है तो बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी सरकार की समस्या बढ़ा रही है। ऐसे माहौल में यदि कांग्रेस जरा भी रणनीति के साथ मैदान में उतरी तो राज्य में उसके लिए बेहतर संभावनाएं बन सकती हैं।

लेकिन क्या कांग्रेस इस स्थिति में है। पिछले 25 सालों में कांग्रेस भाजपा को गुजरात में मजबूत चुनौती देने में नाकाम साबित हुई है। आज की तारीख में उसके पास अहमद पटेल जैसा खांटी राजनेता भी मौजूद नहीं है, जो अमित शाह की हर तिकड़म को समझते हुए उसके हिसाब से अपने प्यादे फिट कर भाजपा को रोकने के लिए मजबूत चुनौती दे सके। लंबे समय से सत्ता में न होने के कारण पार्टी के कैडर में भी कमजोरी आई है, जो उसकी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और अपने मतदाताओं को बूथ तक लाने की भूमिका निभा सकें। ऐसे में क्या कांग्रेस के पास भाजपा को रोकने का कोई प्लान है?
गुजरात के कांग्रेस नेता और राज्य सभा सदस्य शक्ति सिंह गोहिल ने अमर उजाला से कहा कि सच्चाई यह है कि पिछले चुनाव में ही कांग्रेस ने भाजपा को रोक लिया था। अंतिम समय में प्रधानमंत्री के पूरी ताकत लगा देने के बाद भी भाजपा 100 के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सकी। प्रधानमंत्री ने अपनी निजी राजनीतिक महत्त्वाकांक्षा को गुजरात अस्मिता के साथ जोड़ा। इस भावनात्मक अपील के कारण कुछ मतदाताओं ने उनके लिए वोट कर दिया।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने द्वारका में तीन दिन का प्रवास कर इस बात पर गंभीरता से विचार किया है कि पार्टी गुजरात चुनाव में किन मुद्दों के साथ जमीन पर उतरेगी। हमारे पास नए उत्साही अध्यक्ष और कार्यकर्ता हैं जिनके बल पर हम जीत हासिल कर सकते हैं। सरकार की कोरोना काल की असफलता से लेकर बेरोजगारी और अहमदाबाद-सूरत में व्यापार ठप होने के कारण उपजी समस्या हमारे प्रमुख मुद्दे होंगे।

नई परिस्थितियों में अरविंद केजरीवाल भी गुजरात चुनाव में मजबूती के साथ उतरने की तैयारी कर रहे हैं। नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली सफलता ने भाजपा-कांग्रेस दोनों के ही कान खडे कर दिए हैं। जिस तरह आम आदमी पार्टी खुद को गैर-भाजपाई वोटरों की स्वाभाविक पसंद घोषित कर कांग्रेस का विकल्प बनने की कोशिश कर रही है, वह दिल्ली-पंजाब के बाद गुजरात में उसके लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

गुजरात की 14वीं विधानसभा के लिए 09-14 दिसंबर 2017 को चुनाव हुए थे। 182 सदस्यों की विधानसभा में भाजपा को बेहद सीमित बढ़त के साथ 99 सीटें हासिल हुई थीं। भाजपा की सीटों की संख्या में 16 की कमी आई, लेकिन इसके बाद भी वह 49.05 फीसदी वोट हासिल करने में कामयाब रही। कांग्रेस ने अपनी सीटों की संख्या में बढ़ोतरी की, लेकिन इसके बाद भी वह सरकार बनाने की स्थिति में नहीं आ पाई और उसे केवल 77 सीटों से संतोष करना पड़ा। बदले माहौल में कांग्रेस भाजपा कितनी मजबूत चुनौती पेश कर पाएगी, यह देखने वाली बात होगी।

यूपी में क्यों नहीं चला जाटों पर सपा-रालोद का जादू

You may also like

MERA DDDD DDD DD