BJP ÓñÁÓñ┐ÓñºÓñ¥Óñ»Óñò Óñ¿Óñ┐ÓñÂÓñ┐ÓñòÓñ¥ÓñéÓññ ÓñªÓÑüÓñ¼ÓÑç ÓñòÓñ¥ ÓñªÓñ¥ÓñÁÓñ¥, Óñ¬ÓÑìÓñ░ÓñªÓÑÇÓñ¬ Óñ»Óñ¥ÓñªÓñÁ ÓñòÓñ¥ÓñéÓñùÓÑìÓñ░ÓÑçÓñ© Óñ«ÓÑçÓñé ÓñùÓñÅ ÓññÓÑï ÓñùÓñ┐Óñ░Óñ¥ ÓñªÓÑçÓñéÓñùÓÑç Óñ╣ÓÑçÓñ«ÓñéÓññ Óñ©Óñ░ÓñòÓñ¥Óñ░

BJP विधायक निशिकांत दुबे का दावा, प्रदीप यादव कांग्रेस में गए तो गिरा देंगे हेमंत सरकार

गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने पोडैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव के खिलाफ बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अगर वो कांग्रेस में शामिल होते हैं तो वे झारखंड की सरकार गिरा देंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 10 विधायक उनके संपर्क में हैं और प्रदीप यादव के कांग्रेस में जाते ही सरकार गिरेगी।

बीजेपी सांसद यहीं नहीं रुके उन्होंने सोनिया गाँधी और राहुल गाँधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को यौन शोषक ही पसंद है तो उन्हें भगवान ही बचाए। निशिकांत दुबे ने गोड्डा में पत्रकारों से बात करते कहा, “जिस दिन प्रदीप यादव कांग्रेस में शामिल होंगे, उसी दिन झारखंड की सरकार गिर जाएगी। कांग्रेस के 10 विधायक मेरे संपर्क में हैं।” दुबे ने कहा कि प्रदीप यादव के बारे में राहुल गांधी व सोनिया गांधी को जानना चाहिए। कांग्रेस के ये 10 विधायक प्रदीप यादव का कांग्रेस में आने का विरोध कर रहे हैं।

गोड्डा के सांसद के इस बयान से झारखण्ड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। रांची में निशिकांत के बयान पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पलटवार किया। राजेश ठाकुर ने भी बीजेपी झटका देते हुए कहा, “बीजेपी के भी 12 विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। बाबूलाल मरांडी की बीजेपी वापसी से कई विधायक नाराज हैं। इसलिए निशिकांत दुबे घबराहट में ऐसा बयान दे रहे हैं।”

निशिकांत के बयान पर राजेश ठाकुर के पलटवार के बाद कांग्रेस विधायक डॉ इरफान अंसारी ने भी एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान इसपर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने निशिकांत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “सांसद इतने पावरफुल नहीं हैं कि कांग्रेस विधायक इनसे संपर्क करें। प्रदीप यादव हमसे नाराज हैं। उन्होंने अपनी नाराजगी से पार्टी को अवगत करा दिया है।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रदीप यादव अगर पार्टी में शामिल होते हैं तो पार्टी में उथल-पुथल होगी। हम ऐसे लोगों को पार्टी में नहीं आने देंगे। उनकी पृष्ठभूमि आरएसएस की रही है। बाबूलाल मरांडी को प्रदीप यादव को भी साथ ले जान चाहिए था। बाबूलाल मरांडी पर भी उन्होंने हमला बोला। उन्होंने कहा, “बाबूलाल सेक्युलर वोट से जीते हैं। उन्हें पहले विधायक पद से इस्तीफा देना चाहिए, फिर भाजपा में शामिल होना चाहिए।”

बीजेपी सांसद में गोड्डा के ब्लॉक चौक मैदान में आयोजित एक रोजगार मेले में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की बीजेपी में वापसी को एक सकारात्मक पहल बताया। उन्होंने कहा, “वे बड़े मंझे हुए नेता हैं। उनकी पार्टी में वापसी पार्टी को मजबूती प्रदान करेगी। बाबू लाल मरांडी प्रदीप यादव की वजह से बीजेपी छोड़ चुके थे। लेकिन आज प्रदीप यादव की करतूत देखकर बाबूलाल मरांडी उनसे अलग हो रहे हैं।”

गौरतलब है कि 17 फरवरी को रांची में एक भव्य कार्यक्रम में बाबूलाल मरांडी 14 साल बाद बीजेपी में वापसी करेंगे। उन्होंने अपनी पार्टी जेवीएम के बीजेपी में विलय की घोषणा कर दी है। उससे पहले पार्टी विरोधी गतिविधि करने के आरोप में विधायक प्रदीप यादव को जेवीएम से निकाल दिया गया। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदीप यादव पर यौन शोषण का आरोप लगा था। जेवीएम की एक महिला प्रवक्ता ने उनके खिलाफ देवघर महिला थाने में केस भी दर्ज कराया है। अभी इस मामले में प्रदीप यादव जमानत पर चल रहे हैं। जेवीएम से बाहर निकाले जाने के बाद कयास लगाए जा रहे कि वे कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।