AAP Óñ¼Óñ┐Óñ╣Óñ¥Óñ░ Óñ╣ÓÑÇ Óñ¿Óñ╣ÓÑÇÓñé UP Óñ«ÓÑçÓñé Óñ¡ÓÑÇ Óñ▓ÓñíÓñ╝ÓÑçÓñùÓÑÇ ÓñÜÓÑüÓñ¿Óñ¥ÓñÁ, ÓñªÓñ┐Óñ▓ÓÑìÓñ▓ÓÑÇ ÓñÁÓñ┐ÓñòÓñ¥Óñ© Óñ«ÓÑëÓñíÓñ▓ Óñ¬Óñ░ Óñ«Óñ¥ÓñéÓñùÓÑçÓñùÓÑÇ ÓñÁÓÑïÓñƒ

AAP बिहार ही नहीं UP में भी लड़ेगी चुनाव, दिल्ली विकास मॉडल पर मांगेगी वोट

दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार आम आदमी पार्टी की जीत हुई। अब केजरीवाल बिहार और उत्तर प्रदेश के चुनाव में उतरने के लिए तैयार हैं। उत्तर प्रदेश में ‘दिल्ली विकास मॉडल’ थीम के साथ चुनाव में उतरेंगी। साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव के सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह लखनऊ दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लिहाज से सबसे संवेदनशील राज्य उत्तर प्रदेश में पार्टी अपनी जमीन तैयार करने में जुट गई है। आम आदमी पार्टी इस बात के लिए आश्वस्त है कि वर्ष 2022 में होने वाला उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा।

संजय सिंह ने बताया कि दिल्ली विधानसभा में चुनाव जीतने वाले आम आदमी पार्टी के 15 विधायक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। ये विधायक प्रदेश में पार्टी की जमीन तैयार करेंगे। विधायकों को चुनाव में खास जिम्मेदारी दी जाएगी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय कोर मुद्दों पर काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान, नौजवान, महिलाओं समेत समाज का हर वर्ग बेहद परेशान है। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास की झूठी बातें कहकर अपनी पीठ थपथपाने में व्यस्त हैं। संजय सिंह ने बीजेपी की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में ‘गुजरात मॉडल’ का धोखा देकर जनता से वोट लिए थे। लेकिन ‘गुजरात मॉडल’ झूठ के सिवा कुछ नहीं था।

विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने बता दिया है कि दिल्ली मॉडल ही विकास का असल मॉडल है। उन्होंने कहा कि अगले 90 दिनों में पार्टी कार्यकर्ता एक लाख सात हजार गांवों में जाएंगे। आम आदमी पार्टी इस बात के लिए आश्वस्त है कि वर्ष 2022 में होने वाला उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। भाजपा की तमाम जहरीली बातों और हथकंडों के बावजूद दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार की लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी बेहद सुखद है।

इससे संकेत मिलते हैं कि जनता अब नफरत की राजनीति के बजाय विकास देखना चाहती है। इसके बाद उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश लोकतंत्र का गला घोटने की प्रयोगशाला बन चुका है। सीएए और एनआरसी के जनविरोध को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान और कार्रवाइयां एक असफल मुख्यमंत्री की निशानियां हैं। अब प्रदेश की जनता विकास की राजनीति चाहती है और साफ-सुथरा नेतृत्व देने में सिर्फ आम आदमी पार्टी ही सक्षम है।

संजय सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता की राय एकत्र करेंगे। मुद्दों की जानकारी लेंगे। फिर पार्टी संयोजक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीन महीने में रिपोर्ट देंगे। उन्होंने बताया कि शहरी इलाकों में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए नगरों के 12 हजार वार्डों में जनसम्पर्क होगा। उत्तर प्रदेश मूल के पांच विधायक दिल्ली सरकार में मंत्री हैं। वे इन अभियानों को चलाने में विशेष भूमिका निभाएंगे।

वहीं आम आदमी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी है। रविवार को संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष शत्रुघ्न साहू ने कहा कि दिल्ली चुनाव के बाद पार्टी बिहार में भी ‘दिल्ली मॉडल’ पर चुनाव लड़ेगी। सवाल-जवाब के दौरान प्रशांत किशोर से संबंधित सवाल पूछे जाने पर शत्रुघ्न साहू ने कहा कि प्रशांत किशोर को पार्टी से निष्कासित करना जदयू का आंतरिक मामला है।

लेकिन अगर प्रशांत किशोर आप से जुड़ते हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद पार्टी ने राष्ट्र निर्माण कैम्पेन के तहत काम की राजनीति को देश के हर घर तक ले जाएगी। उन्होंने आगे ये भी कहा कि 23 फरवरी से 23 मार्च तक अभियान चलाकर राज्य के 50 लाख युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के अभियान में जोड़ने का लक्ष्य है। इसके लिए एक मिस्ड कॉल नंबर राष्ट्रीय स्तर पर जारी किया गया है।