झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सहयोगी दलों के लिए प्रचार करेंगे आप प्रमुख केजरीवाल

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल महाराष्ट्र की सियासी सरगर्मी बढ़ाने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अरविंद केजरीवाल महा विकास अघाड़ी (एमवीए ) के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। शिवसेना यूबीटी और एनसीपी के लिए भी प्रचार करने महाराष्ट्र जाने की तैयारी मे हैं। खबरें सामने आ रही हैं कि केजरीवाल उन विधानसभा सीटों पर प्रचार कर सकते हैं, जहां आम आदमी पार्टी का वॉलंटियर बेस बड़ा है और एमवीए उम्मीदवारों का बैकग्राउंड विवादित नहीं है।

 

केजरीवाल के अतिरिक्त आप पार्टी के दूसरे सीनियर नेता भी दोनों पार्टियों के ले लिए प्रचार करने जा सकते हैं। महाराष्ट्र के अलावा केजरीवाल झारखंड में भी झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवारों के लिए भी प्रचार कर सकते हैं। इससे पहले भी अरविंद केजरीवाल ने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए प्रचार किया था। जमशेदपुर में कल्पना सोरेन के साथ एक संयुक्त रैली में केजरीवाल ने झारखंड के मतदाताओं से अपने आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का “बदला लेने” की अपील की थी।

 

गौरतलब है कि आप और इंडिया ब्लॉक के सहयोगियों एनसीपी -एसपी , शिवसेना यूबीटी और जेएमएम के बीच दोस्ती दिल्ली सेवा संशोधन विधेयक के लिए बनी थी। जेएमएम के संरक्षक शिबू सोरेन प्रस्तावित संशोधनों के खिलाफ अपना वोट देने के लिए लोकसभा आए थे, जिसका उद्देश्य दिल्ली की निर्वाचित सरकार की शक्ति को कम करना था।

 

यह भी पढ़ें : नशे के काले कारोबार का होता विस्तार