किसानों की कर्ज माफी के मुद्दे पर भाजपा को घेरने की रणनीति में कांग्रेस  

नई दिल्ली। एक ओर भाजपा 1984 के दंगों को लेकर कांग्रेस के खिलाफ हमलावर है तो वहीं कांग्रेस किसानों की कर्जमाफी को जोर-शोर से चुनावी मुद्दा बनाने की रणनीति में दिखाई देती है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस मुद्दे पर भाजपा को घेरने के मूड में हैं कि उसे किसानों की जरा भी परवाह नहीं। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दबाव डालकर देश के हर किसान का कर्ज माफ करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने 10 दिन में कर्ज माफ करने का वादा किया था। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में हमारी नई सरकारों को इसके लिए छह घंटे का वक्त भी नहीं लगा, लेकिन मोदी जी ने साढ़े चार साल में देश के किसानों का एक रुपया भी माफ नहीं किया। जब तक देश के हर किसान का कर्ज माफ नहीं होता, हम मोदी जी को सोने नहीं देंगे।
राहुल ने तीखा हमला किया कि मोदी जी ने अमीरों का साढ़े तीन लाख करोड़ का कर्ज माफ किया है। अनिल अंबानी का उन्होंने 45 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया। वे देश को बताएं कि उन्होंने किसानों का कर्ज माफ क्यों नहीं किया?  अगर मोदी जी कर्ज माफ नहीं कराएंगे तो हम कराएंगे। इसका तो सवाल ही नहीं उठता कि हम सरकार में आने के बाद लोगों का पैसा नहीं माफ करेंगे।
उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की जनता से चोरी की जा रही है। देश के दुकानदारों से चोरी की गई है। नोटबंदी दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला था। इसका मकसद गरीबों से पैसा छीनकर अपने मित्रों को बांटने का था। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ ने शपथ लेते ही 34 लाख किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने की घोषणा कर दी। इससे कुल 38 हजार करोड़ रु. का कर्ज माफ होगा। राहुल संदेश दे रहे हैं कि वे जनता से किये गए वादों से पलटेंगे नहीं। यदि देश में कांग्रेस की सरकार आई तो वह अपने वादों पर कायम रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *