बैकफुट पर दिव्या

कांग्रेस के सोशल मीडिया सेल की प्रभारी दिव्या स्पंदना इन दिनों हाशिए पर हैं। राहुल गांधी की कोर टीम का हिस्सा बनने के बाद कर्नाटक की इस युवा कांग्रेसी नेत्री का ग्राफ पार्टी के भीतर अभूतपूर्व तेजी से बढ़ा। भाजपा से सोशल मीडिया में लगातार मात खाने वाली कांग्रेस ने दिव्या के नेतृत्व में लगातार पलटवार कर पार्टी को फ्रंट फुट पर लाकर खड़ा करने में सफलता पाई। लेकिन जोश में होश खो बैठने का काम इसके बाद दिव्या स्पंदना कर बैठीं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कुछेक ऐसी टिप्पणियां कर डाली जिससे कांग्रेस अध्यक्ष असहज हो उठे। पार्टी सूत्रों की मानें तो दिव्या स्पंदना की राहुल गांधी का ट्वीटर अकाउंट संभालने वाले निखिल अल्वा संग भी नहीं पट रही है। दोनों की तनातनी चलते राहुल गांधी को वरिष्ठ नेता जयराम रमेश से हस्तक्षेप करने को कहना पड़ा है। अब रमेश कांग्रेस के वार रूम 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर रोज बैठने लगे हैं। यहीं से कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम अपना काम करती है। जानकारों की मानें तो जयराम रमेश की दखलअंदाजी से खिन्न दिव्या स्पंदना इन दिनों कम ही वार रूम में नजर आ रही हैं। खबर यह भी है कि वे अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष को भेज चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *