लालू परिवार में बढ़ती तार
राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक लालू प्रसाद यादव का कुनबा तेजी से बिखरने लगा है। लंबे अर्से तक जेल में कैद रहे लालू यादव का स्वास्थ्य ठीक नहीं बताया जा रहा है। पार्टी की कमान उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव के पास है जिसे बड़े सुपुत्र तेज प्रताप पचा नहीं पा रहे हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अब तेजप्रताप ने बकायदा प्रेस कांफ्रेंस कर अपने भाई तेजस्वी और बहन मीसा भारती पर लालू यादव को जबरन कैद रखने की बात कह डाली है। तेज प्रताप के इस बयान ने बिहार की राजनीति का तापमान गर्मा दिया है। लंबी जेल यात्रा के बाद जमानत पर बाहर आए लालू यादव को लेकर पटना के सत्ता गलियारों में तरह-तरह की बातें कही जा रही हैं। दरअसल लालू अभी तक पटना नहीं आए हैं। वे दिल्ली में रहकर ही अपना स्वास्थ दुरस्त कर रहे हैं। तेज प्रताप का कहना है कि पार्टी पर कब्जा करने वालों ने लालू को नजरबंद कर दिया है। उनका इशारा सीधे-सीधे अपने छोटे भाई तेजस्वी को कटघरे में ला खड़ा करता है। राजद सूत्रों की माने तो लालू यादव तेजस्वी के साथ खड़े हैं तो दूसरी तरफ राबड़ी देवी का झुकाव तेज प्रताप की तरफ है। राज्यसभा सांसद मीसा भारती खुलकर किसी भाई का साथ देने से बच रही हैं क्योंकि उनका टारगेट राज्यसभा में बने रहने का है। 2022 में उनका पहला टर्म समाप्त हो रहा है। ऐसे में मीसा भारती संतुलन साधने में जुटी हैं। कुल मिलाकर लालू परिवार की आंतरिक लड़ाई तेजी से बढ़ रही है जिसके चलते पार्टी को आने वाले समय में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
