शॉटगन का जलवा

भाजपा नेतृत्व के लिए बीतें दिनों के बॉलीवुड स्टार शत्रुघ्न सिन्हा गले की फांस बन चुके हैं। पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मुखर हो बोलने वाले शत्रुघ्न के खिलाफ ना तो पार्टी कार्यवाही कर पा रही है, ना ही उन्हें मनाने की दिशा में पहल करती दिख रही है। दूसरी तरफ शत्रुघ्न सिन्हा के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। पिछले दिनों दिल्ली में एक पुस्तक लोकार्पण समारोह में अपनी विशिष्ट शैली में सिन्हा ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तंज कसते हुए कह डाला- ‘बर्नाड शॉ के बारे में उतनी जानकारी नहीं है, पर अमित शाह को खूब जानते हैं। उनसे रोज जूझना पड़ता है।’ इससे पहले पार्टी के खिलाफ खुली बगावत के संकेत सिन्हा ने आम आदमी पार्टी की बनारस में हुई रैली में शामिल होकर दे दिए थे। जानकारों के मुताबिक सिन्हा का बिहार में खासा जनाधार है जिसके चलते पार्टी नेतृत्व  उनके खिलाफ कड़े कदम उठाने से हिचकिचा रहा है। इस बीच अचानक ही सिन्हा को केंद्र सरकार ने ‘वाई श्रेणी’ की सुरक्षा मुहैया करा दी है। इसके बाद से ही पार्टी में चर्चा खासी गरम हो चुकी है कि सिन्हा को मनाने के प्रयास तेजी पकड़ते जा रहे हैं। इसे कहते हैं शॉटगन का जलवा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *