नार्थ कोरिया फिर से टकराव की राह पर
उत्तर कोरिया की सनक है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रही है हाल ही में एक बार फिर उत्तर कोरिया द्वारा जापान सागर में दो अज्ञात मिसाइल दागी गयी है। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ द्वारा एक बयान में कहा गया कि नए मिसाइलों के परीक्षण के संदर्भ में हमारी सेना उत्तर कोरिया की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति भवन “ब्लू हाउस” ने कहा कि वह उत्तर कोरिया के हथियारों के परीक्षण के मद्देनजर राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक बैठक आयोजित करेगा। गौरतलब है कि प्योंगयांग ने 23 अगस्त ,शुक्रवार को अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ पर निशाना साधने के बाद यह प्रक्षेपण किया गया है। अमेरिकी राजनयिक द्वारा कहा गया था कि उत्तर कोरिया के पूरी तरह परमाणु निरस्त्रीकरण करने तक अमेरिका उस पर अपने प्रतिबंधों को जारी रखेगा। अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेना के संयुक्त अभियान के खिलाफ उत्तर कोरिया ने हालिया सप्ताह में कम दूरी की कई मिसाइलें दागी हैं।
