उड़नपरी की ऊंची उड़ान 

भारतीय स्टार सनसनी और ‘ढिंग एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर धाविका हिमा दास ने पिछले 20 दिनों में पांच गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रौशन किया है। हिमा ने अपने इस गोल्डन अभियान से दुनिया भर के ऐथलेटिक्स खेलों में अपने नाम का डंका बजाया है।भारतीय धावक हिमा दास एक के बाद एक लगातार स्वर्ण पदक जीतती जा रही हैं। पिछले 20 दिन में वे 5 गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।

हिमा ने अपना पांचवां पदक शनिवार को चेक रिपब्लिक में जीता। नोवे मेस्टो नाड मेटुजी ग्रांप्री’ में हिमा ने 400 मीटर की रेस 52.09 सेकंड में पूरी की। 19 साल की हिमा का ये करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इससे पहले उनका निजी सर्वश्रेष्ठ समय 50.79 सेकंड है, जो उन्होंने पिछले साल हुए एशियाई खेल के दौरान हासिल किया था। हिमा दास की इन सफलताओं पर पूरा देश गर्व कर रहा है और देश का नाम रोशन करने के लिए उन्हें धन्यवाद कह रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स उन्हें ट्वीट करते हुए बधाई दे रहे हैं और उन्हें भारत की नई ‘उड़न परी’ बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि हमारी दुआएं आपके साथ हैं, आप इसी तरह नए-नए कीर्तिमान रचते हुए देश का नाम रोशन करती रहें।

हिमा ने इस तरह जीते बीस दिनों में पांच स्वर्ण पदक

पहला गोल्ड: 2 जुलाई- पोलैंड में पोजनान एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स में 200 मीटर रेस 23.65 सेकंड में पूरी कर जीता।

दूसरा गोल्ड: 7 जुलाई- पोलैंड में कुनटो एथलेटिक्स मीट में 200 मीटर रेस को 23.97 सेकंड में पूरा किया।

तीसरा गोल्ड: 13 जुलाई- चेक रिपब्लिक में क्लाद्नो एथलेटिक्स मीट में 200 मीटर रेस 23.43 सेकेंड में पूरी की।

चौथा गोल्ड: 17 जुलाई- चेक रिपब्लिक में ताबोर एथलेटिक्स मीट में 200 मीटर रेस 23.25 सेकंड के साथ जीती।

पांचवा गोल्ड :20 जुलाई -नोवे मेस्टो नाड मेटुजी ग्रांप्री’ में400 मीटर की रेस 52.09 सेकंड में पूरी की।

हिमा दास की इन सफलताओं पर पूरा देश गर्व कर रहा है और देश का नाम रोशन करने के लिए उन्हें धन्यवाद कह रहा है।

भारत की नई उड़न परी हिमा दास को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़ी हस्तियों ने बधाई दी है। वहीं, ‘क्रिकेट के भागवान’ माने जाने वाले टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने हिमा को फोन कर बधाई दी। सचिन का फोन आना हिमा के लिए किसी सपने से कम नहीं था।
इस बात की जानकारी हिमा ने खुद ट्वीट कर दी। सचिन के फोन से खुश हिमा ने ट्विटर पर लिखा, ‘आज की शाम मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा था। क्रिकेट के भगवान और मेरे प्रेरणास्रोत सचिन तेंदुलकर सर का फोन आया। आपकी शुभकामनाओं और प्रेरणादायक शब्दों के लिए धन्यवाद सर। मैं अपने मिशन के लिए कोई कसर नहीं छोड़ूंगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *