छोटी फिल्म की बड़ी जीत

अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज होते ही बाॅक्स आॅफिस पर तूफानी शुरुआत की है लेकिन इसी बीच ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्म का टिके रहना हिंदी सिनेमा के लिए ज्यादा बड़ा संकेत है। नीम करौली बाबा से प्रेरित इस फिल्म ने 15 अक्टूबर तक दुनिया भर में 440 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार कर लिया। खास बात यह है कि फिल्म का निर्माण लगभग 2 करोड़ रुपए के बजट में हुआ था। सवाल सिर्फ यह नहीं कि कौन-सी फिल्म ज्यादा कमाती है बल्कि यह है कि दर्शक आखिर किस कहानी से जुड़ रहा है, सितारे से, तकनीक से, प्रचार से या अपने विश्वास और भावनाओं से?

भारतीय सिनेमा में बाॅक्स ऑफिस का गणित लम्बे समय से एक खास धारणा पर चलता रहा है। बड़ा सितारा हो, बड़ा बजट हो, बड़ी रिलीज हो, हजारों स्क्रीनों पर फिल्म उतारी जाए और उसके साथ जबरदस्त प्रचार हो तो माना जाता है कि फिल्म की सफलता लगभग तय है। यह धारणा पूरी तरह गलत भी नहीं है। सिनेमा एक महंगा कारोबार है और दर्शकों को सिनेमाघर तक लाने के लिए सितारे, तकनीक, प्रचार और बड़े पैमाने की प्रस्तुति की अपनी भूमिका होती है लेकिन इस समय बाॅक्स ऑफिस पर दो फिल्मों की मौजूदगी एक दिलचस्प सवाल खड़ा कर रही हैं। एक तरफ अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ है, जिसके नाम के साथ पहले से दो सफल फिल्मों की विरासत जुड़ी हुई है और दूसरी ओर ‘हनुमान अंश’ है, जिसने बिना किसी पारम्परिक सुपरस्टार के, सीमित बजट में, धीरे-धीरे दर्शकों का ऐसा भरोसा पाया कि आठवें सप्ताह में भी वह बड़े मुकाबले के बीच अपनी जगह बचाए हुए है।

2 अक्टूबर को ‘दृश्यम 3’ के सिनेमाघरों में आने के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर स्वाभाविक रूप से सारा ध्यान अजय देवगन की फिल्म पर चला गया। ‘दृश्यम’ अब केवल एक फिल्म का नाम नहीं है। यह ऐसी फ्रेंचाइजी बन चुकी है जिसके किरदार विजय सालगांवकर और उसका परिवार दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुके हैं। तीसरी फिल्म को लेकर उत्सुकता पहले से थी और रिलीज के साथ ही उसका असर भी दिखाई दिया। फिल्म ने पहले दिन भारत में 66.75 करोड़ रुपए नेट कमाए और तीन दिनों में इसका भारत में नेट कारोबार 176.50 करोड़ रुपए पहुंच गया। दुनिया भर में फिल्म की कुल कमाई 15 अक्टूबर तक 509 करोड़ पहुंच चुकी थी।
इसी शोर के बीच ‘हनुमान अंश’ की कहानी पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है। यह फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक व्यक्तित्व से प्रेरित है। फिल्म 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई थी और धीरे-धीरे दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाती गई। आमतौर पर ऐसी फिल्म के बारे में कहा जा सकता था कि पहले सप्ताह की प्रतिक्रिया अच्छी रही तो कुछ सप्ताह तक चलेगी और फिर नई बड़ी रिलीज के सामने उसके शो कम होते जाएंगे लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने इस सामान्य बाॅक्स ऑफिस गणित को काफी हद तक उलट दिया। 15 अक्टूबर तक फिल्म का दुनिया भर का कारोबार 440 करोड़ रुपए बताया गया। भारत में इसका नेट कारोबार 400 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका था। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि फिल्म अपने आठवें सप्ताह में भी दर्शकों को सिनेमाघर तक खींच रही है।
‘हनुमान अंश’ की सफलता को केवल 500 करोड़ रुपए की कमाई के रूप में देखना इस फिल्म की कहानी को छोटा कर देना होगा। असली सवाल यह है कि एक ऐसी फिल्म, जिसके पास न अजय देवगन जैसा स्थापित सुपरस्टार है, न ‘दृश्यम’ जैसी पहले से बनी फ्रेंचाइजी की ताकत और न किसी बड़े व्यावसायिक मसाला सिनेमा की सामान्य संरचना, वह इतने लम्बे समय तक दर्शकों को सिनेमाघर में कैसे बनाए रखती है? इसका जवाब शायद भारतीय दर्शक के उस हिस्से में छिपा है जिसे हिंदी फिल्म उद्योग कई बार आंकने में गलती करता रहा है।
‘हनुमान अंश’ की सबसे बड़ी पूंजी उसका विषय है। नीम करौली बाबा भारतीय आध्यात्मिक परम्परा में एक बड़ा नाम हैं। उनकी लोकप्रियता केवल किसी एक शहर या छोटे धार्मिक समुदाय तक सीमित नहीं रही। उनके भक्तों और उनसे प्रभावित लोगों का एक व्यापक संसार है। फिल्म ने इस भावनात्मक और आध्यात्मिक जुड़ाव को पर्दे पर जगह दी। इसलिए बहुत से दर्शकों के लिए यह केवल किसी अभिनेता की फिल्म देखने का सवाल नहीं है। यह ऐसी कहानी से मिलने का अवसर है जिसके साथ उनकी अपनी आस्था, स्मृति या भावनात्मक सम्बंध जुड़ा हुआ है।
यहीं ‘हनुमान अंश’ और ‘दृश्यम 3’ के बीच का फर्क भी दिखाई देता है। ‘दृश्यम 3’ दर्शक को सस्पेंस, अपराध, रहस्य और विजय सालगांवकर की कहानी के जरिए खींचती है। दर्शक जानना चाहता है कि इस बार विजय क्या करेगा, पुलिस और परिवार के बीच संघर्ष किस दिशा में जाएगा और कहानी का अंतिम निष्कर्ष क्या होगा। उसके पास पहले से बने दो हिस्सों की स्मृति है। उसके पास अजय देवगन का चेहरा है। उसके पास तब्बू जैसे मजबूत कलाकार हैं और जयदीप अहलावत जैसे अभिनेता की मौजूदगी है। यानी फिल्म के पास दर्शक को खींचने के लिए पहले से तैयार एक मजबूत सिनेमाई आधार है। इसके विपरीत ‘हनुमान अंश’ ने अपना दर्शक धीरे-धीरे बनाया। यह फर्क आज के सिनेमा को समझने के लिए महत्वपूर्ण है। फिल्म ने पहले दर्शकों का भरोसा हासिल किया और फिर उसी भरोसे ने उसके लिए नए दर्शक पैदा किए। इसकी सफलता प्रचार की गति से नहीं, दर्शकों की बातचीत और विषय से बने भावनात्मक जुड़ाव से आगे बढ़ती हुई दिखाई देती है।
भारत में सिनेमा देखने वाला दर्शक एक जैसा नहीं है। मुम्बई, दिल्ली, लखनऊ और बेंगलुरु का दर्शक जिस तरह फिल्म को देखता है, उसी तरह उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश या छोटे शहरों का दर्शक जरूरी नहीं कि उसी नजर से देखे। भारत की सांस्कृतिक विविधता जितनी बड़ी है, उसकी सिनेमाई पसंद भी उतनी ही विविध है।
एक दर्शक के लिए ‘दृश्यम 3’ की पहेली रोमांच है। दूसरे के लिए ‘हनुमान अंश’ में आध्यात्मिक अनुभव आकर्षण है। किसी तीसरे के लिए किसी क्षेत्रीय भाषा की फिल्म ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकती है। भारतीय दर्शक को एक ही खांचे में रखना अब सम्भव नहीं है।
यही कारण है कि ‘हनुमान अंश’ की सफलता को केवल धार्मिक सिनेमा की सफलता कहना भी अधूरा विश्लेषण होगा। यह भावनात्मक जुड़ाव की सफलता भी है। जब किसी फिल्म का विषय दर्शक की व्यक्तिगत आस्था, स्मृति या जीवन के किसी अनुभव से जुड़ जाता है तो फिल्म के साथ सम्बंध केवल मनोरंजन का नहीं रहता। दर्शक उसे देखने के लिए एक अलग तरह की मानसिक तैयारी के साथ आता है।
दूसरी तरफ ‘दृश्यम 3’ की सफलता यह साबित करती है कि फ्रेंचाइजी सिनेमा का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है बल्कि मजबूत किरदारों और स्थापित कहानी वाली फिल्मों के लिए दर्शकों की भूख बनी हुई है। विजय सालगांवकर ऐसा किरदार बन चुका है जिसे दर्शक आगे भी देखना चाहता है। यही कारण है कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही भारी उत्सुकता पैदा की और रिलीज के बाद भी उसका बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन मजबूत रहा। तीन दिन में 176.50 करोड़ रुपए नेट का घरेलू कारोबार और 272.80 करोड़ रुपए का वैश्विक सकल कारोबार बताता है कि दर्शक अभी भी स्थापित किरदारों और मजबूत फ्रेंचाइजी पर पैसा लगाने के लिए तैयार है लेकिन यहां एक बड़ा सवाल है। क्या आने वाले समय का हिंदी सिनेमा केवल फ्रेंचाइजी और बड़े सितारों पर निर्भर रहेगा? या फिर ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में निर्माताओं को यह भरोसा देंगी कि अगर विषय मजबूत है, कहानी में भावनात्मक पकड़ है और फिल्म अपने दर्शक तक ईमानदारी से पहुंचती है तो उसे सैकड़ों करोड़ के बजट की जरूरत नहीं?
शायद आने वाले वर्षों में यही सबसे महत्वपूर्ण बदलाव हो सकता है क्योंकि फिल्म उद्योग में अक्सर सफलता का मतलब केवल बड़ी शुरुआत समझ लिया जाता है लेकिन ‘हनुमान अंश’ की कहानी याद दिलाती है कि फिल्म की असली परीक्षा कभी-कभी पहले दिन नहीं, आठवें सप्ताह में होती है। पहले दिन दर्शक उत्सुकता में टिकट खरीद सकता है, पहले सप्ताह प्रचार उसे खींच सकता है लेकिन आठवें सप्ताह में वही दर्शक तभी सिनेमाघर जाता है जब फिल्म उसके भीतर कुछ छोड़ गई हो।
‘दृश्यम 3’ और ‘हनुमान अंश’ को साथ देखकर भारतीय सिनेमा के लिए यही सबसे बड़ा संदेश निकलता है। एक फिल्म के पास बड़ा सितारा है, मजबूत फ्रेंचाइजी है और दर्शकों को पहले से मालूम है कि वे किस दुनिया में प्रवेश करने वाले हैं। दूसरी फिल्म के पास शायद वह सब नहीं है लेकिन उसके पास ऐसी कहानी है जिससे दर्शक का भावनात्मक रिश्ता बन सकता है और दर्शक दोनों को स्वीकार कर रहा है।
इसलिए इसे ‘बड़े बजट बनाम छोटे बजट’ की लड़ाई कहना शायद गलत होगा। असली मुकाबला बड़ी फिल्म और बड़ी कहानी के बीच है क्योंकि बड़ी फिल्म वह नहीं होती जिसका बजट बड़ा हो। बड़ी फिल्म वह होती है जो दर्शक के भीतर अपने लिए जगह बना ले।
‘हनुमान अंश’ की असाधारण यात्रा फिलहाल यही बता रही है कि भारतीय दर्शक को कम करके आंकना अब फिल्म उद्योग के लिए सबसे बड़ी भूल हो सकती है। ‘दृश्यम 3’ की आंधी के बीच आठवें सप्ताह में भी ‘हनुमान अंश’ का खड़ा रहना इसलिए महत्वपूर्ण है कि इसने बाॅक्स ऑफिस से एक सवाल पूछा हैकृसिनेमा में असली ताकत आखिर किसकी है, सितारे की, बजट की, प्रचार की या दर्शक की पसंद की? जवाब शायद बहुत साफ है। आखिरी फैसला हमेशा दर्शक ही करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *