एशियन गेम्स 2026 के बाद अब 18 से 24 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन पैरा गेम्स पर सभी की नजरें हैं। भारतीय दल की अगुवाई पैरा बैडमिंटन स्टार प्रमोद भगत और पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ध्वजवाहक के रूप में करेंगे। दोनों के नाम एशियन पैरा गेम्स के कुल आठ पदक हैं। भगत हाल ही में अपना छठा विश्व खिताब जीतकर शानदार वापसी कर चुके हैं जबकि भाविना सितम्बर 2026 में क्लास-4 की विश्व नम्बर एक खिलाड़ी बनीं। भारतीय दल का केवल पदकों की संख्या बढ़ाने का प्रयास नहीं होगा बल्कि पैरा खेलों की बढ़ती ताकत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साबित करने की परीक्षा भी होगी
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद अब खेल प्रेमियों की निगाहें उसी मेजबान देश जापान के आइची- नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक होने वाले एशियन पैरा गेम्स 2026 पर टिक गई हैं। इन खेलों में भारत के पैरा एथलीट अपनी प्रतिभा, जज्बे और अनुभव के दम पर एक बार फिर तिरंगे की शान बढ़ाने उतरेंगे। उद्घाटन समारोह में भारतीय दल की अगुवाई की जिम्मेदारी दो ऐसे खिलाड़ियों को सौंपी गई है, जिन्होंने अपने-अपने खेल में भारत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। पैरा बैडमिंटन के प्रमोद भगत और पैरा टेबल टेनिस की भाविना पटेल को भारतीय दल का ध्वजवाहक चुना गया है। यह चयन महज औपचारिक सम्मान नहीं है। इसके पीछे उन दो खिलाड़ियों की उपलब्धियों की लम्बी कहानी है, जिन्होंने व्यक्तिगत संघर्षों को पीछे छोड़कर विश्व मंच पर भारत के लिए पदक जीते और पैरा खेलों को नई पहचान दिलाई। दोनों के खाते में अब तक कुल आठ एशियन पैरा गेम्स पदक हैं। प्रमोद भगत ने छह पदक जीते हैं, जिनमें दो स्वर्ण और चार कांस्य शामिल हैं, जबकि भाविना पटेल ने एक रजत और एक कांस्य अपने नाम किया है। ऐसे में नागोया में होने वाला अभियान केवल पदकों की संख्या बढ़ाने का प्रयास नहीं होगा बल्कि भारतीय पैरा खेलों की बढ़ती ताकत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साबित करने की परीक्षा भी होगी।
गौरतलब है कि भारत में पैरा खेल लम्बे समय तक मुख्यधारा की खेल चर्चा से अपेक्षाकृत दूर रहे। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण, प्रतियोगिताओं और आर्थिक सहयोग जैसी कई चुनौतियों से जूझना पड़ता था लेकिन पिछले एक दशक में तस्वीर तेजी से बदली है। पैरालम्पिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन ने पैरा खेलों के प्रति रुचि बढ़ाई है। अब बैडमिंटन, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, निशानेबाजी, तैराकी और अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
सबसे बड़ा बदलाव यह है कि पैरा खिलाड़ियों को अब केवल संघर्ष और प्रेरणा की कहानियों तक सीमित नहीं देखा जाता। वे उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी हैं, जिनकी रैंकिंग, तकनीक, फिटनेस, रणनीति और पदकों पर गम्भीर चर्चा होती है। नागोया का आयोजन इस बदलाव को और मजबूती देने का अवसर है। भारत की पूरी उम्मीदें केवल प्रमोद भगत और भाविना पटेल पर निर्भर नहीं होंगी। भारतीय दल में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाई है। एशियन पैरा गेम्स जैसे आयोजन उन्हें बड़े मंच पर दबाव के बीच प्रदर्शन करने का अनुभव देंगे, जो आगे विश्व चैम्पियनशिप और पैरालम्पिक जैसे आयोजनों में उनके काम आएगा।
प्रमोद भगत की वापसी खिलाएगी गुल!
प्रमोद भगत भारतीय पैरा बैडमिंटन के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हैं। एशियन पैरा गेम्स में उनके छह पदक उनकी निरंतरता का प्रमाण हैं लेकिन 2026 उनके करियर के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा। एक बड़े झटके के बाद उन्होंने जिस तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी की, वह उनके करियर का अहम अध्याय बन गया है। 2026 के बीडब्ल्यूएफ पैरा बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप में भगत ने पुरुषों के एसएल-3 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। बहरीन में हुए फाइनल में उन्होंने इंडोनेशिया के मुहम्मद अल इमरान को 21-12, 21-18 से हराया। यह इस वर्ग में उनका छठा विश्व खिताब और लगातार चौथा विश्व चैम्पियनशिप स्वर्ण था।
उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण रही क्योंकि वह लम्बे अंतराल के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में लौटे थे। डोपिंग से सम्बंधित व्हेयरअबाउट्स नियम के उल्लंघन के कारण उन्हें 18 महीने का निलम्बन झेलना पड़ा था और इसके कारण वह पेरिस पैरालम्पिक में भी हिस्सा नहीं ले सके थे। वापसी के बाद विश्व खिताब जीतना उनके लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं था। अब नागोया में उनके सामने एक नई चुनौती है। विश्व चैम्पियन के रूप में उतरने के कारण उनसे अपेक्षाएं भी अधिक होंगी। एशियाई स्तर पर चीन, इंडोनेशिया, जापान और अन्य देशों के मजबूत खिलाड़ी उनके सामने होंगे। ऐसे में उनका अनुभव और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता भारत के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
भगत की खासियत सिर्फ उनकी पदक संख्या नहीं है। लम्बे समय तक शीर्ष स्तर पर बने रहना और अलग-अलग परिस्थितियों में प्रदर्शन करना उन्हें विशिष्ट बनाता है। पैरा बैडमिंटन में तकनीक के साथ फिटनेस, धैर्य और मैच की परिस्थितियों को समझने की क्षमता निर्णायक होती है। विश्व चैम्पियनशिप का प्रदर्शन उनके आत्मविश्वास को जरूर बढ़ाएगा।
टेबल टेनिस में भाविना पटेल देंगी मजबूती
भाविना पटेल ने पैरा टेबल टेनिस को भारत में अलग पहचान दिलाई है। एशियन पैरा गेम्स में उनके नाम एक रजत और एक कांस्य पदक है। हालांकि उनकी सबसे चर्चित उपलब्धि टोक्यो पैरालम्पिक में आई जहां उन्होंने महिला सिंगल्स क्लास-4 में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा था। व्हीलचेयर टेबल टेनिस में भाविना ने लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की है। 2026 में भी उनके प्रदर्शन ने ध्यान खींचा। अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ के पैरा टेबल टेनिस आंकड़ों के मुताबिक सितम्बर 2026 में वह क्लास- 4 की विश्व के नम्बर एक खिलाड़ी बनीं। इस साल उन्होंने कई वल्र्ड पैरा इवेंट्स में भी शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में नागोया में भाविना केवल अनुभवी खिलाड़ी के रूप में नहीं बल्कि अपनी श्रेणी की शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल होकर उतरेंगी। उनके सामने अपनी रैंकिंग और अनुभव को बड़े मुकाबलों में पदक में बदलने की चुनौती होगी।
भारत की अगुवाई करेंगे भाविना और प्रमोद
उद्घाटन समारोह में तिरंगा थामना किसी भी खिलाड़ी के लिए विशेष सम्मान होता है। भाविना पटेल के लिए भी यह उनके लम्बे खेल सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रमोद भगत के साथ उन्हें भारतीय दल की अगुवाई का अवसर मिलना इस बात का संकेत है कि उनके योगदान को किस स्तर पर मान्यता मिली है। दोनों खिलाड़ियों की यात्राएं अलग-अलग खेलों से होकर गुजरती हैं लेकिन उनमें एक समानता यह है कि संघर्ष के बाद शीर्ष स्तर तक पहुंचना। एक ने बैडमिंटन में विश्व खिताबों की लम्बी श्ृंखला बनाई तो दूसरी ने टेबल टेनिस में पैरालम्पिक पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया।
एशियन गेम्स की सफलता से बढ़ी उम्मीद
हाल ही में एशियन गेम्स में भारत का अभियान 85 पदकों के साथ समाप्त हुआ, जिसमें 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल रहे। इस प्रदर्शन ने भारतीय खेलों में बढ़ती गहराई और विभिन्न खेलों में उभरती प्रतिभाओं को सामने रखा। अब इसी माहौल के बीच पैरा खिलाड़ी नागोया में अपना अभियान शुरू करेंगे।
पिछले कुछ वर्षों में पैरालम्पिक से लेकर विश्व चैम्पियनशिप और एशियन पैरा गेम्स तक भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है। इसका असर सिर्फ पदकों तक सीमित नहीं है। इससे पैरा खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, पहचान और अवसरों का दायरा भी बढ़ा है।
पिछले प्रदर्शन को दोहराएगा भारत?
भारत ने एशियन पैरा गेम्स 2023 में कुल 111 पदक जीते थे, जिसमें 29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य पदक शामिल हैं। जो एशियन पैरा गेम्स के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में 5वें स्थान पर रहा था लेकिन इस बार उसे पिछले प्रदर्शन को दोहराने के साथ चौथे या तीसरे नम्बर पर पहुंचने की कोशिश भी करनी होगी।
खेल विश्लेषकों और पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का कहना है कि किसी भी बड़े खेल आयोजन में पदक सबसे बड़ा आकर्षण होते हैं लेकिन पैरा गेम्स की कहानी सिर्फ स्वर्ण, रजत और कांस्य तक सीमित नहीं है। यहां हर खिलाड़ी अपने साथ संघर्ष, मेहनत और उम्मीद लेकर मैदान में उतरता है। भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से अधिक से अधिक पदक जीतना होगा मगर इसके साथ पैरा खेलों को देश के खेल ढांचे में और मजबूत जगह दिलाना भी महत्वपूर्ण है। जब कोई बच्चा प्रमोद भगत या भाविना पटेल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा थामे देखता है तो उसके लिए पैरा खेल केवल प्रतियोगिता नहीं रह जाते। वे करियर और सपने का रास्ता बन सकते हैं। यही किसी चैम्पियन की सबसे बड़ी विरासत होती है। नागोया में 18 अक्टूबर को जब भारतीय दल तिरंगे के पीछे कदमताल करेगा तो उसकी अगुवाई प्रमोद भगत और भाविना पटेल करेंगे। उनके हाथ में केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं होगा बल्कि उन हजारों पैरा खिलाड़ियों की उम्मीदें भी होंगी जो खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहते हैं। बहरहाल एशियन गेम्स की चमक अभी फीकी भी नहीं पड़ी है कि खेलों का अगला अध्याय शुरू होने जा रहा है। इस बार मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ी यह साबित करने उतरेंगे कि खेल में असली जीत केवल पदक जीतना नहीं बल्कि हर बाधा को चुनौती देकर अपने सपने तक पहुंचना है। तिरंगा और नागोया का मंच तैयार है अब एशियन गेम्स के बाद पैरा चैम्पियनों की बारी है।