लगातार चार विधानसभा चुनावों से भाजपा के कब्जे में रही ऋषिकेश सीट पर 2027 की बिसात अभी से बिछने लगी है। चार बार के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल की दावेदारी के बीच भाजपा में अनिता ममगाईं, कुसुम कंडवाल, संजय शास्त्री और संदीप गुप्ता जैसे कई चेहरे टिकट की दौड़ में हैं तो कांग्रेस में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, राजपाल खरोला, जयेंद्र रमोला और दीप शर्मा के नाम चर्चा में हैं। वहीं निर्दलीय और क्षेत्रीय राजनीति में आशुतोष शर्मा, दिनेश चंद मास्टर और सुधीर राय भी अपनी जमीन तैयार कर रहे हैं। ऐसे में 2027 का चुनाव केवल भाजपा बनाम कांग्रेस नहीं बल्कि टिकटों की लड़ाई, पहाड़ी-मैदानी समीकरण, स्थानीय असंतोष और निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रभाव की भी बड़ी परीक्षा बन सकता है
लगातार चार विधानसभा चुनावों से भाजपा के कब्जे में रही ऋषिकेश विधानसभा सीट पर 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। सत्ताधारी भाजपा के भीतर दावेदारों की लम्बी कतार दिखाई दे रही है तो कांग्रेस में भी टिकट की चाह रखने वाले कई बड़े चेहरे सक्रिय हैं। सबसे दिलचस्प स्थिति भाजपा की है जहां एक ही सीट के लिए कई दावेदारों की सक्रियता के साथ उनके समर्थक भी खुलकर सामने आने लगे हैं। ऐसे में आने वाले महीनों में टिकट की लड़ाई भाजपा के भीतर नए राजनीतिक समीकरण पैदा कर सकती है।
राज्य गठन के बाद हुए परिसीमन के पश्चात 2002 में ऋषिकेश विधानसभा सीट अस्तित्व में आई। तब इसका क्षेत्र भानियावाला और रानीपोखरी न्याय पंचायत तक फैला हुआ था। पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के शूरवीर सिंह सजवाण विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद 2007 में भाजपा के प्रेमचंद अग्रवाल ने सजवाण को पराजित कर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। फिर 2012, 2017 और 2022 में भी प्रेमचंद अग्रवाल ने इस सीट पर जीत दर्ज की। इस तरह 2007 से ऋषिकेश विधानसभा सीट लगातार भाजपा के कब्जे में है।
इन चुनावों की एक महत्वपूर्ण बात यह रही कि समय के साथ ऋषिकेश में भाजपा का आधार मजबूत हुआ। 2002 के पहले चुनाव में भाजपा सत्ता तक नहीं पहुंच सकी थी लेकिन 2007 के बाद पार्टी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2012, 2017 और 2022 में लगातार जीत ने ऋषिकेश को भाजपा की मजबूत सीटों में शामिल कर दिया। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच गया जबकि कांग्रेस लगभग 32 प्रतिशत मतों के आसपास रही। मतदाताओं की संख्या बढ़ने के साथ भाजपा को मिलने वाले मतों की संख्या में भी वृद्धि होती गई और प्रेमचंद अग्रवाल लगातार चार चुनाव जीतने में सफल रहे।
2027 की परिस्थितियां पिछले चुनावों से अलग दिखाई दे रही हैं। प्रदेश में भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में है और ऐसे में सत्ता विरोधी रुझान को लेकर पार्टी के भीतर भी मंथन स्वाभाविक है। भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्तर पर विधायकों के कामकाज को लेकर सर्वे होने की चर्चाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं।
सोशल और डिजिटल मीडिया में ऐसी अपुष्ट चर्चाएं भी चलती रही हैं कि कई मौजूदा विधायकों के टिकट बदले जा सकते हैं। ऋषिकेश में भी प्रेमचंद अग्रवाल के टिकट को लेकर राजनीतिक अटकलें हैं। पार्टी ने ऐसी किसी सूची अथवा टिकट काटे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, इसलिए फिलहाल इसे राजनीतिक चर्चा के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
इसी के समानांतर यह चर्चा भी है कि भाजपा ऋषिकेश में किसी महिला चेहरे पर दांव लगा सकती है। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि ऐसा होने पर पार्टी नेतृत्व परिवर्तन के साथ महिला प्रतिनिधित्व और स्थानीय सामाजिक समीकरणों को एक साथ साधने की कोशिश कर सकता है। इसी चर्चा के चलते पूर्व महापौर अनिता ममगाईं और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। इनके अलावा संजय शास्त्री और संदीप गुप्ता भी टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं।
इसके बावजूद प्रेमचंद अग्रवाल का सबसे बड़ा राजनीतिक पक्ष उनका लगातार चार चुनाव जीतना है। बीस वर्षों में उन्होंने अपना संगठनात्मक और चुनावी आधार तैयार किया है। इसलिए यदि भाजपा 2027 में उम्मीदवार बदलने का निर्णय करती है तो पार्टी के सामने केवल नया चेहरा चुनने का सवाल नहीं होगा बल्कि पुराने विधायक के समर्थकों और नए उम्मीदवार के बीच समन्वय स्थापित करना भी चुनौती होगी।
अनिता ममगाईं ऋषिकेश भाजपा की दूसरी प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं। महिला मोर्चा और भाजपा संगठन के विभिन्न पदों पर काम करते हुए उन्होंने स्थानीय संगठन में अपनी पहचान बनाई। 2018 में भाजपा ने उन्हें ऋषिकेश नगर निगम के पहले महापौर चुनाव में उम्मीदवार बनाया और उन्होंने जीत हासिल की। महापौर के कार्यकाल में तत्कालीन शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के साथ विकास योजनाओं और नगर निगम से जुड़े विषयों को लेकर उनके मतभेद कई बार सार्वजनिक हुए। एक समय स्थिति यह थी कि स्थानीय भाजपा में अग्रवाल और ममगाईं समर्थकों के अलग-अलग खेमों की चर्चा आम हो गई थी।
2027 में उनकी दावेदारी को इस कारण भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि वे पहले नगर की निर्वाचित महापौर रह चुकी हैं और विधानसभा क्षेत्र में उनकी राजनीतिक पहचान स्थापित है। भाजपा यदि महिला उम्मीदवार के विकल्प पर विचार करती है तो अनिता ममगाईं स्वाभाविक रूप से चर्चा में रहेंगी।
कुसुम कंडवाल भाजपा की दूसरी प्रमुख महिला दावेदार हैं। महिला मोर्चा से लेकर प्रदेश संगठन तक विभिन्न जिम्मेदारियां सम्भाल चुकी कंडवाल वर्तमान में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हैं। कंडवाल की पहचान पर्वतीय मूल के मतदाताओं और श्यामपुर ग्रामीण क्षेत्र में भी बताई जाती है। यदि भाजपा 2027 में महिला उम्मीदवार के साथ-साथ ऐसा चेहरा तलाशती है जो स्थानीय गुटबाजी से अपेक्षाकृत दूर रहा हो तो कुसुम कंडवाल का नाम चर्चा में रह सकता है।
संजय शास्त्री भी भाजपा के टिकट के प्रमुख दावेदारों में हैं। शास्त्री उच्च शिक्षित अधिवक्ता, उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय धनेश शास्त्री के पुत्र हैं। ऋषिकेश राजकीय महाविद्यालय की छात्र राजनीति से निकले शास्त्री 1988 में नगर पालिका सदस्य निर्वाचित हुए। परिवहन, व्यापार, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र के अनेक संगठनों में उन्होंने जिम्मेदारियां निभाई हैं। पर्वतीय मूल की पृष्ठभूमि और सामाजिक संगठनों में सक्रियता उनकी दावेदारी के प्रमुख आधार बताए जा रहे हैं।
संदीप गुप्ता की दावेदारी भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति शुरू करने वाले गुप्ता भाजपा युवा मोर्चा और भाजपा संगठन के विभिन्न पदों पर रहे हैं। वे दायित्वधारी राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। 2002 के पहले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें ऋषिकेश से उम्मीदवार बनाया था और वे कांग्रेस के शूरवीर सिंह सजवाण से बहुत कम अंतर से चुनाव हारे थे। 2017 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद वे निर्दलीय मैदान में उतरे और 17 हजार से अधिक मत हासिल किए।
संदीप गुप्ता वैश्य समुदाय से आते हैं। इसलिए प्रेमचंद अग्रवाल के स्थान पर उम्मीदवार बदलने की स्थिति में उनके समर्थक सामाजिक समीकरण का तर्क भी देते हैं। दूसरी ओर ऋषिकेश में पर्वतीय मूल के मतदाताओं की बढ़ती संख्या के कारण भाजपा को उम्मीदवार चयन में सामाजिक और क्षेत्रीय दोनों समीकरणों पर विचार करना होगा।
कांग्रेस की स्थिति भाजपा से अलग है। 2002 में शूरवीर सिंह सजवाण ने कांग्रेस को ऋषिकेश की पहली जीत दिलाई थी लेकिन इसके बाद पार्टी विधानसभा सीट वापस हासिल नहीं कर सकी। उम्मीदवार बदलने के
बावजूद कांग्रेस की मुश्किलें समाप्त नहीं हुईं। लोकसभा चुनावों और नगर निकाय चुनावों में भी पार्टी ऋषिकेश क्षेत्र में भाजपा के मुकाबले कमजोर दिखाई देती रही है। 2025 के नगर निगम महापौर चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार दीपक जाटव तीसरे स्थान पर रहे जबकि भाजपा के शम्भू पासवान विजयी हुए और निर्दलीय दिनेश चंद्र दूसरे स्थान पर रहे।
इसके बावजूद 2027 को लेकर कांग्रेस में दावेदारों की कमी नहीं है। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, राजपाल सिंह खरोला, प्रदेश महामंत्री जयेंद्र रमोला और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं।
शूरवीर सिंह सजवाण कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेताओं में हैं। उनका राजनीतिक सफर शिक्षक राजनीति और पंचायत व्यवस्था से शुरू होकर विधानसभा और मंत्रिमंडल तक पहुंचा। 1985 में वे देवप्रयाग से विधायक बने। बाद में टिहरी और फिर 2002 में ऋषिकेश से चुनाव जीते। नारायण दत्त तिवारी सरकार में वे कैबिनेट मंत्री भी रहे। 2007 में ऋषिकेश से प्रेमचंद अग्रवाल के हाथों हारने के बाद उन्होंने फिर देवप्रयाग का रुख किया लेकिन वहां उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
ऋषिकेश में उनके कार्यकाल से त्रिवेणी घाट के सौंदर्यीकरण, आस्थापथ और बाढ़ नियंत्रण जैसे कार्यों को उनके समर्थक आज भी जोड़कर देखते हैं। उम्र और लम्बे राजनीतिक अनुभव दोनों के कारण उनकी दावेदारी को लेकर कांग्रेस के सामने पीढ़ीगत नेतृत्व का प्रश्न भी रहेगा।
राजपाल खरोला कांग्रेस के दूसरे प्रमुख दावेदार हैं। छात्र राजनीति से मुख्यधारा में आए खरोला 1996 में ऋषिकेश छात्रसंघ अध्यक्ष बने और बाद में एनएसयूआई तथा युवा कांग्रेस में विभिन्न जिम्मेदारियां सम्भालीं। वे युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी भी रहे। 2012 और 2017 में कांग्रेस ने उन्हें ऋषिकेश से विधायक उम्मीदवार बनाया लेकिन दोनों चुनावों में वे प्रेमचंद अग्रवाल से हार गए।
जयेंद्र रमोला कांग्रेस के युवा और सक्रिय चेहरों में हैं। 2001 में ऋषिकेश महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और कांग्रेस संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां सम्भालीं। वे परिवहन संगठनों से भी जुड़े रहे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य और प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी के रूप में भी उनकी सक्रियता रही है। 2022 में कांग्रेस ने उन्हें ऋषिकेश विधानसभा से उम्मीदवार बनाया था लेकिन वे प्रेमचंद अग्रवाल से चुनाव हार गए। रमोला के समर्थकों का तर्क है कि जब पूर्व में अन्य नेताओं को हार के बाद दोबारा अवसर दिए गए तो 2022 के उम्मीदवार को भी एक और मौका मिलना चाहिए।
दीप शर्मा की राजनीतिक ताकत पार्टी संगठन से अधिक उनके व्यक्तिगत जनाधार से जुड़ी रही है। कांग्रेस की राजनीति से जुड़े रहने के बावजूद लम्बे समय तक उन्हें पार्टी ने चुनावी उम्मीदवार नहीं बनाया। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय राजनीति के जरिए अपनी ताकत दिखाई और लगातार तीन बार नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव जीता। 2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर वे निर्दलीय मैदान में उतरे थे।
आज दीप शर्मा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि पार्टी टिकट देती है तो वे चुनाव लड़ेंगे और टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस उम्मीदवार के लिए काम करेंगे।
ऋषिकेश की राजनीति की एक खासियत यह भी रही है कि यहां निर्दलीय उम्मीदवार कई बार चुनावी समीकरणों को प्रभावित करते रहे हैं। इतिहास बताता है कि ऋषिकेश में स्थापित दलों से बाहर का मजबूत स्थानीय चेहरा चुनावी गणित को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। 2027 के लिए भी निर्दलीय और क्षेत्रीय राजनीति में कई नाम सामने हैं। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष शर्मा, उत्तराखण्ड क्रांति दल से जुड़े दिनेश चंद मास्टर और उत्तराखण्ड स्वाभिमान मोर्चा के सुधीर राय प्रमुख हैं।
कुल मिलाकर 2027 का ऋषिकेश विधानसभा चुनाव अभी दूर है और किसी भी दल ने अपना प्रत्याशी तय नहीं किया है लेकिन दावेदारों की सक्रियता ने राजनीतिक तापमान अभी से बढ़ा दिया है। भाजपा के सामने सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह होगा कि वह लगातार चार चुनाव जीतने वाले प्रेमचंद अग्रवाल पर पांचवीं बार भरोसा करती है या नेतृत्व परिवर्तन की ओर बढ़ती है। यदि बदलाव होता है तो महिला उम्मीदवार, पर्वतीय मूल का चेहरा, संगठनात्मक अनुभव और स्थानीय सामाजिक समीकरण, ये सभी उम्मीदवार चयन में चर्चा के विषय हो सकते हैं।
कांग्रेस के सामने चुनौती अलग है। उसे पहले टिकट के दावेदारों के बीच संतुलन बनाना होगा और फिर उस सीट पर अपनी चुनावी जमीन मजबूत करनी होगी जहां वह 2002 के बाद विधानसभा चुनाव नहीं जीत सकी है। ऋषिकेश विधानसभा चुनाव 2027 की कहानी में फिलहाल उम्मीदवार कम और दावेदार ज्यादा हैं। भाजपा में टिकट को लेकर सबसे तीखी अंदरूनी प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है, कांग्रेस में पुराने और नए दावेदार आमने-सामने हैं और इनके बीच निर्दलीय तथा क्षेत्रीय चेहरे अपनी जगह बनाने की कोशिश में हैं। टिकटों की घोषणा में अभी वक्त है लेकिन ऋषिकेश की चुनावी बिसात बिछ चुकी है।