उत्तर प्रदेश के औरैया के बाद मध्य प्रदेश के सागर जिले में हादसा, 6 मजदूरों की मौत

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में प्रवासी मजदूरों के सड़क हादसे के बाद अब मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में छह प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई है और लगभग 15 लोग घायल हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि प्रवासी मजदूरों को ले जा रहा ट्रक रास्ते में पलट गया। जिससे कारण पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस बात की जानकारी एएसपी प्रवीण भूरिया ने दी। उन्होंने कहा कि ये मजदूर महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश जा रहे थे। ये सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर के रहने वाले हैं।

सड़क दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। साथ ही पुलिस के साथ मिलकर घायलों की मदद की। एंबुलेंस मंगवाया गया। घायलों को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि अभी राहत और बचाव का काम जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, मरने वालों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। ये लोग ट्रक में परिवार संग घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रक में बड़ी संख्या में छोटे बच्चे भी सवार थे।

वहीं, सागर जिले के शाहगढ़ में भी एक और सड़क दुर्घटना हुई। जहां प्रवासी मजदूरों से भरी पिकअप पटलने से उसमें यात्रा कर रहे 24 लोग घायल हो गए। इनमें से पांच की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा दिया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को छतरपुर जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य मजदूरों का इलाज शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

बता दें इससे पहले आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के औरैया में मजदूरों से साथ भीषण हादसा हुआ। दो ट्रकों की टक्कर में 24 मजदूरों की मौत हो गई। 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।