[gtranslate]
world

अमेरिका के लिए घातक बना ‘गन कल्चर’

दुनिया भर में अमेरिका का गन कल्चर सबसे ज्यादा कुख्यात है। माना जाता है कि यहां बंदूक फल-सब्जी की तरह बिकते हैं। अमेरिका में सैकड़ों ऐसे स्टोर, शॉपिंग आउटलेट और छोटी-छोटी दुकानें हैं, जहां खुलेआम बंदूकों की बिक्री की जाती है। हर वीकेंड बंदूकों की प्रदर्शनी भी लगाई जाती है। वहां बंदूकें वॉलमार्ट जैसी बड़ी कंपनियों के स्टोर से लेकर छोटी दुकानों पर बेची जाती हैं। यहां आम आदमी भी आसानी से बंदूक खरीद सकता है। क्योंकि यहां हथियारों की लेनदेन की कोई जांच पड़ताल नहीं होती है। 

हाल ही में अमेरिका के टेक्सास में एक एलिमेंट्री स्कूल में एक 18 वर्षीय लड़के द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग में 19 स्कूली बच्चों समेत 21 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बंदूक लॉबी पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि इस लॉबी के खिलाफ खड़े होने का समय आ गया है। अमेरिका में फायरिंग की घटनाएं हाल के वर्षों में तेजी से बढ़ी हैं। इसकी वजह गन कल्चर को माना जाता है। सख्त कानून न होने के कारण अमेरिका में दुनिया की सबसे ज्यादा सिविल गन्स पाई जाती हैं।

अमेरिका में गन कल्चर का इतिहास करीब 230 साल पुराना है। 1791 में संविधान के दूसरे संशोधन के तहत अमेरिका नागरिकों को हथियार रखने और खरीदने का अधिकार दिया गया। अमेरिका में इस कल्चर की शुरुआत तब हुई थी, जब वहां अंग्रेजों का शासन था। उस समय वहां स्थायी सिक्योरिटी फोर्स नहीं थी, इसलिए लोगों को अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए हथियार रखने का अधिकार दिया गया, लेकिन अमेरिका का ये कानून आज भी जारी है।

बंदूक खरीदते समय खरीदार को एक फॉर्म में नाम, पता, जन्मतिथि और नागरिकता की जानकारी देनी होती है। बंदूक बेचने वाले खरीदार की जानकारी अमेरिकी खुफिया एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन यानी FBI से साझा करता है, जो बंदूक खरीदार के बैकग्राउंड की जांच करती है।

अमेरिका के द गन कंट्रोल एक्ट (GCA) के मुताबिक, राइफल या कोई भी छोटा हथियार खरीदने के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल और अन्य हथियारों जैसे हैंडगन खरीदने की न्यूनतम उम्र 21 साल होनी चाहिए। वहां हथियार खरीदने के लिए ही नहीं, बल्कि बेचने वाले की भी उम्र 21 साल से ज्यादा होनी चाहिए।

अमेरिका में केवल समाज के लिए खतरनाक, भगोड़े, नशे में संलिप्त, मानसिक रूप से बीमार और 1 साल से अधिक जेल और 2 साल से अधिक की सजा पाए लोगों को ही बंदूक खरीदने की इजाजत नहीं है।

दुनिया की 46% सिविलियन बंदूकें अकेले अमेरिका के पास

नागरिकों के बंदूक रखने के मामले में अमेरिका दुनिया में सबसे आगे है। स्विट्जरलैंड के स्मॉल आर्म्स सर्वे यानी SAS की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में मौजूद कुल 85.7 करोड़ सिविलियन गन यानी बंदूकों में से अकेले अमेरिका में ही 39.3 करोड़ सिविलयन बंदूक मौजूद हैं। दुनिया की आबादी में अमेरिका का हिस्सा 5% है, लेकिन दुनिया की कुल सिविलियन गन में से 46% अकेले अमेरिका में हैं।

अक्टूबर 2020 में आए गैलप सर्वे के मुताबिक, 44% अमेरिकी वयस्क उस घर में रहते हैं, जहां बंदूकें हैं, इनमें से एक तिहाई वयस्कों के पास बंदूकें हैं।

दुनिया में केवल तीन ही देश ऐसे हैं, जहां बंदूक रखना संवैधानिक अधिकार है। अमेरिका, ग्वाटेमाला और मैक्सिको। हालांकि, अमेरिका की तुलना में ग्वाटेमाला और मैक्सिको में लोगों के पास काफी कम बंदूकें हैं। साथ ही पूरे मैक्सिको में केवल एक ही गन स्टोर है, जिस पर आर्मी का नियंत्रण है।

अमेरिका में आबादी से भी ज्यादा सिविलियन गन

SAS की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की जनसंख्या से ज्यादा वहां नागरिकों के पास बंदूकें, यानी सिविलियन गन हैं। अमेरिका की आबादी करीब 33 करोड़ है और वहां सिविलियन गन करीब 40 करोड़ हैं। 

अमेरिका में हर 100 लोगों पर 120 बंदूकें उपलब्ध हैं। 2011 में ये संख्या प्रति 100 लोगों पर 88 बंदूकों की थी। अमेरिका के बाद इस मामले में दूसरे नंबर पर यमन है, जहां हर 100 लोगों पर 53 बंदूकें उपलब्ध हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनवरी 2019 से अप्रैल 2021 के दौरान अमेरिका में 75 लाख वयस्कों ने पहली बार बंदूक खरीदी। इससे अमेरिका में 1.1 करोड़ लोगों के घर में पहली बार बंदूक पहुंच गई, जिनमें 50 लाख बच्चे शामिल थे। इस दौरान पहली बार बंदूक खरीदने वालों में से आधी की खरीदार महिलाएं थीं, जबकि करीब 40% बंदूकें अश्वेतों ने खरीदीं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में बंदूक से हुई हिंसा की वजह से पिछले 50 वर्षों में 15 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। ये संख्या 1776 में अमेरिका की आजादी के बाद से पिछले करीब 250 सालों में अमेरिका के सभी युद्धों में मारे गए कुल सैनिकों की संख्या से भी ज्यादा है।

US सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन यानी CDC की रिपोर्ट के मुताबिक, औसतन अमेरिका में हर दिन 53 लोगों की मौत गन की वजह से होती है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 79% हत्याएं बंदूकों से होती हैं। 

गन कल्चर की वजह से अमेरिका में न केवल लोगों की हत्याओं के मामले बढ़े हैं, बल्कि इससे आत्महत्या के भी केस बढ़े हैं। CDC की रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में अमेरिका में बंदूक से 23 हजार से ज्यादा लोगों ने सुइसाइड किया था। ये इस दौरान दुनिया में बंदूक से आत्महत्या के कुल मामलों का 44% था। वहीं 2020 में ये आंकड़ा बढ़कर 24300 हो गया। UN के मुताबिक, 1990 से 2019 के बीच बंदूकों से सर्वाधिक आत्महत्या के केस अमेरिका में दर्ज हुए।

अमेरिका में बंदूकों से होने वाली मास शूटिंग में एक साथ कई लोगों की हत्याओं की घटनाएं पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचती हैं, लेकिन अमेरिका में मास शूटिंग की कोई स्पष्ट परिभाषा नहीं है।

FBI के मुताबिक, अमेरिका में 2000-2020 के बीच 345 ‘एक्टिव गोलीबारी की घटनाएं’ हुईं, जिनमें 1024 लोगों की मौत हुई और 1828 लोग घायल हुए। इनमें सबसे घातक हमला 2017 में लास वेगास में हुआ था, जिनमें 50 लोगों की मौत हो गई थी और 500 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

स्कूलों में गोलीबारी की घटनाएं 

एजूकेशन वीक की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के स्कूलों में वर्ष 2018 में 119 गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं। 2022 में स्कूलों में गोलीबारी की 27 घटनाएं हुई हैं, जिसमें 140 की मौत हुई है। 2021 में गोलीबारी में 250 लोगों को निशाना बनाया गया था, जिनमें से 103 लोगों की मौत हो गई थी।

क्यों नहीं लग पाती गन कल्चर पर रोक 

विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र और महाशक्ति अमेरिका 230 साल बाद भी अपने यहां से गन कल्चर का खात्मा नहीं कर पाया है। इसके दो कारण हैं। पहला – यहां राष्ट्रपति से लेकर राज्यों के गवर्नर तक इस कल्चर के सपोर्ट में रहे हैं। थियोडेर रूजवेल्ट से लेकर फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट, जिमी कार्टर, जॉर्ज बुश सीनियर, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और डोनाल्ड ट्रंप तक कई अमेरिकी राष्ट्रपति गन कल्चर की वकालत करते आए हैं।

वर्ष 2020 की गैलप की रिपोर्ट के अनुसार, सख्त गन लॉ बनाने के पक्ष में डेमोक्रेटिक पार्टी के 91% सदस्य थे, तो वहीं 24 % लोग रिपब्लिकन पार्टी के इसके पक्ष में थे। जो बाइडेन डेमोक्रेटिक पार्टी से हैं और डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन से हैं।  

इस कल्चर के बने रहने का दूसरा प्रमुख कारण अमेरिका की गन बनाने वाली कंपनियां यानी गन लॉबी है। वर्ष 2019 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 63 हजार लाइसेंस्ड गन डीलर थे, जिन्होंने उस साल अमेरिकी नागरिकों को 83 हजार करोड़ रुपए की बंदूकें बेची थीं। 

नेशनल राइफल एसोसिएशन यानी NRI अमेरिका में सबसे ताकतवर गन लॉबी है, जो वहां संसद सदस्यों को प्रभावित करने के लिए जमकर पैसा खर्च करती है। हमेशा से ये ताकतवर लॉबी गन कल्चर को खत्म करने के लिए प्रस्तावित दूसरे संविधान संशोधन में बदलावों का विरोध करती आई है।

कई चुनावों में अमेरिका  की गन समर्थक लॉबी, बैन लगाने की मांग वाली लॉबी की तुलना में अधिक पैसा खर्च करती रही है। गन समर्थक लॉबी ने वर्ष 2020 में करीब 3.2 करोड़ डॉलर खर्च किए थे, जबकि गन का विरोध करने वाली लॉबी 2.2 करोड़ डॉलर खर्च कर पाई थी।

बंदूक से जुड़े कई प्रतिबंधों को अमेरिकी राज्य भी हटाते रहे हैं। वर्ष जून 2021 में टेक्सास ने अपने नागरिकों को बिना लाइसेंस और ट्रेनिंग के हैंडगन रखने की इजाजत दे दी थी। अप्रैल 2021 में एक और अमेरिकी राज्य जॉर्जिया ने बिना परमिट और लाइसेंस के ही नागरिकों को हथियार रखने की अनुमति दे दी थी।

 48% लोग ने गन वायलेंस को माना बड़ी समस्या

Pew रिसर्च सेंटर के वर्ष 2021 के एक सर्वे के मुताबिक, करीब आधे अमेरिकी लोगों द्वारा गन वायलेंस, यानी बंदूक से हिंसा को देश के लिए बड़ी समस्या माना गया था। गन वायलेंस की समस्या को लोगों ने बजट घाटा (49%), हिंसक अपराध (48%), अवैध अप्रवास (48%) और कोरोना वायरस संकट (47%) जितनी बड़ी समस्या जैसा ही बताया।

 

You may also like

MERA DDDD DDD DD