कोरोना काल में खेली गई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड ने बाजी मार दी है। इग्लैंड और वेस्ट इंडीज के बीच तीसरे और आखिरी निर्णायक टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने मेहमान वेस्टइंडीज टीम को 269 रनों से मात देकर सीरीज 2 -1 से अपने नाम कर ली है । इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच इस सीरीज के साथ कोरोना संक्रमण के कारण चार महीनों से सुने पड़े ,अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी भी हुई थी।
तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला साउथैंप्टन में खेला गया था। उस मैच को वेस्टइंडीज ने जीता था। ऐसे में माना जा रहा था कि ये सीरीज दिलचस्प होगी, लेकिन सीरीज के आखिरी दोनों मैचों में इंग्लैंड ने बाजी मारी। सीरीज के आखिरी और निर्णायक मैच में इंग्लैंड ने एकतरफा जीत हासिल की।इंग्लैंड ने सीरीज 2-1 से जीती, वहीं तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज और मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
तीसरे और निर्णायक मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। मेजबान इग्लैंड अपनी पहली पारी में 369 रन बनाकर ऑलआउट हो गई । जिसके जबाब में वेस्टइंडीज अपनी पहली पारी में दो सौ का आंकड़ा तक नहीं पार नहीं कर पाई और उसकी पूरी टीम 197 रनों पर सिमट गई। इस प्रकार इग्लैंड ने पहली पारी के आधार पर 172 रनों की बढ़त हासिल की।
दूसरी पारी में भी मेजबान इग्लैंड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर दो विकेट के नुकसान पर 226 रनों पर पारी घोषित कर दी और वेस्टइंडीज को जीत लिए 399 रनों का लक्ष्य दिया। 399 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी की गलतियों को दोहराया और महज 129 रनों पर आल आउट हो गई।इस प्रकार मेजबान इग्लैंड ने यह निर्णायक मुकाबला 269 रनों से जीतकर सीरीज 2 -1 से अपने नाम ही नहीं की,बल्कि आइसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया। हालांकि, इससे पहले भी इंग्लैंड की टीम दूसरा टेस्ट जीतकर तीसरे नंबर पर पहुंच गई थी, लेकिन अब इंग्लैंड की टीम ने 226 अंकों के साथ नंबर 3 के पायदान को पक्का कर लिया है।
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा अंकतालिका की बात करें तो इसमें सबसे ऊपर भारतीय टीम है। भारत 360 अंकों के साथ इस तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 296 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड 226 अंकों के साथ तीसरे, जबकि न्यूजीलैंड 180 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। वहीं, वेस्टइंडीज के सिर्फ 40 अंक हैं और वह तालिका में सातवें स्थान पर है।
सीरीज शुरू होने से पहले इंग्लैंड की टीम 146 अंकों के साथ चौथे स्थान पर थी, जो न्यूजीलैंड के 180 अंकों से 34 कम थे। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के साथ पांच मैचों की एशेज सीरीज 2-2 से ड्रॉ खेली थी, जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार मैचों की सीरीज में उसे 3-1 से जीत मिली थी। इस तरह इंग्लैंड की टीम ने अब तक 3 सीरीज खेल ली हैं, लेकिन टीम ने सबसे ज्यादा 12 मैच खेले हैं।
वेस्टइंडीज की पिछली सीरीज भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर थी, जिसमें उसे 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड को अब पाकिस्तान के खिलाफ अगली सीरीज खेलनी है, जिसका पहला मैच पांच अगस्त से मैनचेस्टर में खेला जाएगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत प्रत्येक सीरीज में 120 अंक होते हैं, जिन्हें सीरीज के मैचों की संख्या के अनुसार बांटा जाता है।
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा अंकतालिका
टीम | मैच | जीते | हारे | ड्रॉ | पॉइंट |
भारत | 9 | 7 | 2 | 0 | 360 |
ऑस्ट्रेलिया | 10 | 7 | 2 | 1 | 296 |
इंग्लैंड | 12 | 7 | 4 | 1 | 226 |
न्यूजीलैंड | 7 | 3 | 4 | 0 | 180 |
पाकिस्तान | 5 | 2 | 2 | 1 | 140 |
श्रीलंका | 4 | 1 | 2 | 1 | 80 |
वेस्टइंडीज | 5 | 1 | 4 | 0 | 40 |
द.अफ्रीका | 7 | 1 | 6 | 0 | 24 |
बांग्लादेश | 3 | 0 | 3 | 0 | 0 |
स्टुअर्ट ब्रॉड 500 विकेट लेने वाले दुनिया के सातवें तेज गेंदबाज बने
तीसरे मैच में 10 विकेट लेने वाले स्टुअर्ट ब्रॉड को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पहली पारी में उन्होंने 62 रन भी बनाए थे। ब्रॉड को वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोस्टन चेज के साथ संयुक्त रूप से मैन ऑफ द सीरीज भी चुना गया। ब्रॉड ने सीरीज के 4 पारी में 16 विकेट लिए हैं।
खिलाड़ी | देश | रोल | विकेट |
मुथैया मुरलीधरन | श्रीलंका | स्पिनर | 800 |
शेन वॉर्न | ऑस्ट्रेलिया | स्पिनर | 708 |
अनिल कुंबले | भारत | स्पिनर | 619 |
जेम्स एंडरसन | इंग्लैंड | तेज गेंदबाज | 589 |
ग्लेन मैक्ग्रा | ऑस्ट्रेलिया | तेज गेंदबाज | 563 |
कर्टनी वॉल्श | वेस्टइंडीज | तेज गेंदबाज | 519 |
स्टुअर्ट ब्रॉड | इंग्लैंड | तेज गेंदबाज | 501 |
बतौर कप्तान टेस्ट में 100 विकेट लेने वाले दुनिया के 9वें गेंदबाज बने होल्डर
दूसरी पारी में इंग्लैंड के ओपनर सिबली को आउट करते हुए जेसन होल्डर ने बतौर कप्तान टेस्ट में अपने 100 विकेट पूरे किए। ऐसा करने वाले वे दुनिया के 9वें क्रिकेटर बन गए हैं। वहीं, वनडे और टेस्ट दोनों में बतौर कप्तान 100-100 विकेट लेने के मामले में होल्डर वर्ल्ड के चौथे खिलाड़ी हैं। इन दोनों ही मामलों में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान 187 टेस्ट और 131 वनडे विकेट के साथ टॉप पर काबिज हैं।