वाझे केस को संसद में उठाने वाली MP को शिवसेना MP ने जेल में डालने की दी धमकी
महाराष्ट्र के अमरावती से निर्दलीय महिला सांसद नवनीत राणा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक चिट्ठी लिखकर शिवसेना के सांसद पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। सांसद नवनीत राणा ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखी चिट्ठी में कहा है कि शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत ने उन्हें संसद की लॉबी में जेल में डालने और देख लेने की धमकी दी।
महिला सांसद नवनीत राणा का कसूर यह था कि उसने अंबानी परिवार के सुरक्षा मामले में आरोपी सचिन वाझे के केस को संसद में उठा दिया था । इस पर शिवसेना सांसद बौखला गए और उन्होंने महिला सांसद नवनीत राणा को धमकी भरे शब्दों में देख लेने की धमकी दे दी।

लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र में महिला सांसद ने दावा किया है कि संसद में सचिन वाझे का मुद्दा उठाए जाने के बाद शिवसेना सांसद ने उनसे कहा कि ” तू महाराष्ट्र में कैसे घूमती है, मैं देखता हूं और तेरे को भी जेल में डालेंगे । “
महिला सांसद नवनीत राणा ने इस धमकी को महिलाओं का अपमान बताते हुए सावंत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है । जबकि दूसरी तरफ शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने इन आरोपों को झूठा करार देते हुए कहा है कि उन्होंने महिला सांसद को कोई धमकी नहीं दी है ।

गौरतलब है कि राजनीति में आने से पहले नवनीत मॉडल रह चुकी हैं, वे पंजाबी फिल्मों में अपना करियर बनाना चाहती थीं। लेकिन 2011 में उनकी शादी विधायक रवि राणा से हो गई। इसके बाद वे राजनीति में आ गईं।इससे पहले वे 2014 में एनसीपी के टिकट से चुनाव लड़ीं थीं। हालांकि, वे चुनाव हार गई थीं। 2019 लोकसभा चुनाव में वे निर्दलीय के तौर पर मैदान में उतरी थीं।
