निर्दलीय कैंडिडेट का सपना चौधरी ने किया प्रचार, बीजेपी हुई नाराज
जानी-मानी हरियाणवी डांसर सपना चौधरी लोकसभा चुनाव से पहले ही इस उम्मीद से भाजपा में शामिल हुई थी की यहाँ उनका राजनीतिक भविष्य उज्जवल होगा लेकिन ,बहुत जल्दी ही उनका ये सपना टूट भी गया। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सपना को टिकट नहीं दिया तो उन्हें बहुत बड़ा झटका लगा है। उनकी नाराज़गी का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने सिरसा में बीजेपी के विरोधी उम्मीदवार और हरियाणा लोकहित पार्टी के नेता गोपाल कांडा के लिए एक दिन का चुनाव प्रचार किया।
दिल्ली बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि कांडा के समर्थन में वोट मांग रही सपना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शुक्रवार को बीजेपी नेताओं के संज्ञान में यह विडियो आया। कांडा के समर्थन में सपना के पोस्टर भी सामने आए थे। दिल्ली बीजेपी नेताओं के एक धड़े ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर सपना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सपना को चुनाव प्रचार करने से रोक दिया है।
यह भी पढ़े : यूपी: दिलचस्प हुई रामपुर उपचुनाव की लड़ाई, आजम को हटाने में है बीजेपी
हरियाणा बीजेपी के कई नेताओं ने पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और सपना को पार्टी में शामिल कराने वाले मनोज तिवारी के माध्यम से भी पुरजोर प्रयास किया था कि सपना चौधरी विधानसभा चुनाव में प्रचार करें परन्तु तमाम दबावों को दरकिनार कर सपना चौधरी ने किसी भी विधानसभा क्षेत्र में जाकर पार्टी के किसी भी प्रत्याशी के लिए प्रचार नहीं किया। अब सपना चौधरी के इस फैसले से बीजेपी में नाराज़गी देखी जा रही है।
