दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवम्बर 2026 को इंडिया गठबंधन की महारैली में लाखों लोगों की उपस्थिति और विपक्षी नेताओं के आक्रामक तेवरों ने देश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। इस विशाल जनसमूह ने बहुतों को 25 जून 1975 को इसी रामलीला मैदान में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की ऐतिहासिक रैली की याद दिला दी, जिसमें राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रसिद्ध कविता की पंक्ति ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है’ गूंजी थी। उस रैली के कुछ ही घंटों बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लागू कर दिया था। पांच दशक बाद इसी मैदान से राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कथित वोट चोरी के मामले में सीधे निशाने पर लिया है। हालांकि आम आदमी पार्टी और डीएमके सहित कुछ विपक्षी संगठनों की गैरमौजूदगी ने विपक्षी एकजुटता पर सवाल भी खड़े किए। सवाल है कि क्या रामलीला मैदान की यह महारैली भारतीय राजनीति में किसी बड़े परिवर्तन की प्रस्तावना साबित होगी?
दिल्ली का रामलीला मैदान एक बार फिर सत्ता को चुनौती देने वाले विशाल जनसमूह का गवाह बना। 1 नवम्बर को इंडिया गठबंधन की महारैली में लाखों लोगों की उपस्थिति, विपक्षी दलों के झंडों और नेताओं के आक्रामक भाषणों ने राजधानी का राजनीतिक माहौल गरमा दिया। दिल्ली की सड़कों पर उमड़े जनसैलाब और रामलीला मैदान में दिखाई दिए उत्साह ने बहुतों को लगभग पांच दशक पहले के उस दौर की याद दिला दी, जब लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सत्ता के खिलाफ व्यापक जनांदोलन खड़ा हुआ था। उस आंदोलन की स्मृतियों में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रसिद्ध कविता की पंक्ति ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है’ आज भी जीवित है। एक नवम्बर की महारैली में भी सत्ता को चुनौती देने का स्वर प्रमुख रहा। फर्क यह है कि तब निशाने पर इंदिरा गांधी की सरकार थी और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार विपक्ष के निशाने पर है। इंडिया गठबंधन ने कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को राष्ट्रीय राजनीतिक संघर्ष का मुद्दा बना दिया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस संघर्ष को एक नया मोड़ देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भी सीधे जवाबदेह ठहराने की बात कही।
रामलीला मैदान और जयप्रकाश आंदोलन की स्मृतियां
रामलीला मैदान भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में केवल जनसभाओं का स्थान नहीं रहा है। यह उन राजनीतिक आंदोलनों का भी केंद्र रहा है जिन्होंने सत्ता की बुनियाद को चुनौती दी। 25 जून 1975 को इसी मैदान में जयप्रकाश नारायण ने विशाल जनसभा को सम्बोधित किया था। उस दौर में भ्रष्टाचार, लोकतांत्रिक अधिकारों और सत्ता के कथित दुरुपयोग के खिलाफ व्यापक आंदोलन चल रहा था। इसके कुछ ही घंटों बाद देश में आपातकाल लागू कर दिया गया।
जयप्रकाश नारायण के आंदोलन की पृष्ठभूमि समझने के लिए 1974 के बिहार छात्र आंदोलन को याद करना जरूरी है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्था के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन धीरे-धीरे व्यापक राजनीतिक संघर्ष में बदल गया। जयप्रकाश नारायण ने इसे ‘सम्पूर्ण क्रांति’ का नाम दिया। उनका मानना था कि केवल सरकार बदलना पर्याप्त नहीं है बल्कि राजनीति, प्रशासन, शिक्षा और सामाजिक व्यवस्था में भी बुनियादी परिवर्तन आवश्यक हैं।
12 जून 1975 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रायबरेली लोकसभा चुनाव को चुनावी अनियमितताओं के आधार पर अमान्य घोषित कर दिया। इसके बाद देश में राजनीतिक संकट गहरा गया। विपक्ष ने इंदिरा गांधी के इस्तीफे की मांग तेज कर दी। इसी पृष्ठभूमि में 25 जून को रामलीला मैदान में विशाल जनसभा हुई। जयप्रकाश नारायण ने लोकतांत्रिक अधिकारों और सत्ता की जवाबदेही का प्रश्न उठाया। उसी रात आपातकाल की घोषणा का निर्णय हुआ और 26 जून की सुबह देश को इसकी जानकारी मिली। जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से जुड़ी दिनकर की कविता ‘जनतंत्र का जन्म’ की पंक्ति ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है’ भारतीय राजनीतिक चेतना में जनशक्ति का प्रतीक बन गई। यह कविता 1950 में लिखी गई थी लेकिन बाद के दशकों में सत्ता के विरुद्ध जनांदोलनों ने इसे नई प्रासंगिकता प्रदान की।
एक नवम्बर की महारैली ने उसी राजनीतिक इतिहास की स्मृतियों को फिर जीवित किया। हालांकि 1975 और 2026 की परिस्थितियां अलग हैं। आज देश में वैसी घोषित आपातकालीन व्यवस्था नहीं है जैसी 1975 में लागू की गई थी। फिर भी दोनों दौर के आंदोलनों में संवैधानिक संस्थाओं, लोकतांत्रिक अधिकारों और सत्ता की जवाबदेही के प्रश्न प्रमुख रहे हैं। इतिहास की यह समानता राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है।
राहुल गांधी की मोदी-शाह को सीधी चुनौती
महारैली में राहुल गांधी का भाषण सबसे अधिक चर्चा में रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि कथित वोट चोरी के लिए जिम्मेदार लोगों को कानून का सामना करना पड़ेगा। राहुल गांधी ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी को भागने नहीं देंगे। उनका यह बयान गृहमंत्री अमित शाह के उस कथन के जवाब में था जिसमें शाह ने कहा था कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे।
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर अपने आरोप दोहराते हुए कहा कि उनके बाद प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार की सहायता के बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृहमंत्री नहीं बन पाते। राहुल ने कथित वोट चोरी को केवल चुनावी अनियमितता नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की आवाज और उसके संवैधानिक अधिकार की चोरी बताया। उन्होंने इसे अत्यंत गम्भीर अपराध बताते हुए राजद्रोह तक करार दिया। राहुल गांधी के इस भाषण का राजनीतिक महत्व इसलिए भी है क्योंकि पिछले कुछ समय से कांग्रेस का चुनाव आयोग के साथ टकराव लगातार बढ़ता रहा है। राहुल गांधी ने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर अनेक बार सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से विस्तृत आंकड़े उपलब्ध कराने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब राहुल गांधी ने इस विवाद को सीधे प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की राजनीतिक जवाबदेही से जोड़ दिया है। इससे विपक्ष की रणनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव दिखाई देता है। पहले चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली प्रमुख मुद्दा थी लेकिन अब कांग्रेस नेतृत्व इस पूरे विवाद को केंद्र सरकार के शीर्ष नेतृत्व के साथ जोड़कर प्रस्तुत कर रहा है।
विपक्षी एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन
इंडिया गठबंधन के लगभग बीस दलों के प्रमुख नेताओं ने महारैली में भाग लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ संयुक्त संघर्ष का संदेश दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव, नेशनल काॅन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की महबूबा मुफ्ती सहित अनेक नेताओं की मौजूदगी ने इस आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप दिया। वामपंथी दलों की ओर से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव एमए बेबी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी. राजा और भाकपा माले के दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल हुए।
रैली से पहले विपक्षी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से मिंटो रोड पहुंचकर संयुक्त मार्च निकाला। वहां से खुले वाहनों में सवार होकर वे रामलीला मैदान की ओर बढ़े। उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पैदल चल रहे थे। सड़कों पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के झंडे दिखाई दिए और कथित वोट चोरी के खिलाफ नारे लगाए गए।
इससे एक दिन पहले 31 अक्टूबर को 21 विपक्षी दलों ने एक प्रतीकात्मक संसद का आयोजन किया था। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ छह सूत्री प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं, बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए गए। विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग दोहराई।
इस आयोजन की विशेषता यह भी रही कि अलग-अलग राज्यों में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले दल राष्ट्रीय स्तर पर एक साझा मुद्दे पर साथ दिखाई दिए। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस, वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा रही है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन के बावजूद स्थानीय स्तर पर मतभेद सामने आते रहे हैं। महाराष्ट्र और बिहार में भी विपक्षी दलों के अपने-अपने राजनीतिक हित हैं। इन परिस्थितियों में इतने दलों का एक मंच पर उपस्थित होना राजनीतिक दृष्टि से उल्लेखनीय रहा लेकिन केवल मंच साझा करने से स्थायी राजनीतिक एकजुटता सुनिश्चित नहीं होती। इसके लिए साझा रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और चुनावी हितों के बीच संतुलन आवश्यक है। रामलीला मैदान की रैली ने विपक्षी दलों को एक साथ खड़ा अवश्य किया लेकिन इस एकता की वास्तविक परीक्षा आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों में होगी।
वोट चोरी बना आंदोलन का केंद्रीय मुद्दा
इंडिया गठबंधन के आंदोलन का मुख्य आधार मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और उसमें कथित अनियमितताएं हैं। विपक्ष का आरोप है कि इस प्रक्रिया के माध्यम से वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं और इसका प्रभाव विशेष रूप से गरीबों, अल्पसंख्यकों तथा कमजोर वर्गों पर पड़ रहा है। पिछले वर्ष से अब तक मतदाता सूचियों से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए जाने का आंकड़ा इस विवाद के केंद्र में है। विपक्ष का आरोप है कि इतनी बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने से चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। दूसरी ओर चुनाव आयोग का कहना है कि पुनरीक्षण का उद्देश्य मृत, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि वाले और अन्य अपात्र मतदाताओं के नाम हटाना है। आयोग ने राजनीतिक पक्षपात के आरोपों से इनकार किया है।
इस विवाद का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि मतदाता सूची में किसी व्यक्ति का नाम दर्ज होना उसके मतदान के अधिकार का व्यावहारिक आधार है। संविधान का अनुच्छेद 326 वयस्क मताधिकार की व्यवस्था करता है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 मतदाता सूचियों की तैयारी और संशोधन से सम्बंधित प्रावधान निर्धारित करता है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम त्रुटिवश हटा दिया जाता है और वह समय रहते उसे दोबारा दर्ज नहीं करा पाता तो मतदान के दिन वह अपने अधिकार का उपयोग करने से वंचित हो सकता है।
इसीलिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता, सूचना और आपत्ति दर्ज कराने का पर्याप्त अवसर अत्यंत महत्वपूर्ण है। विपक्ष का कहना है कि व्यापक स्तर पर नाम हटाए जाने की प्रक्रिया में इन आवश्यकताओं का समुचित पालन नहीं हुआ। चुनाव आयोग इन आरोपों को स्वीकार नहीं करता और उसका कहना है कि पात्र मतदाताओं के लिए नाम दर्ज कराने तथा गलतियों को सुधारने की प्रक्रिया उपलब्ध है।
राहुल गांधी ने रैली में कहा कि वोट की चोरी केवल किसी राजनीतिक दल की हार-जीत का प्रश्न नहीं है बल्कि यह नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सवाल है। विपक्ष ने चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने और मतदाता सूचियों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। इस विवाद को लेकर चुनाव आयोग के सामने भी एक बड़ी चुनौती है। चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास केवल निष्पक्ष चुनाव कराने से नहीं बल्कि उस निष्पक्षता को सार्वजनिक रूप से प्रमाणित करने की क्षमता से भी जुड़ा है। मतदाता सूचियों की त्रुटियों, नाम हटाए जाने के कारणों और शिकायतों के निस्तारण का स्पष्ट विवरण इस विश्वास को मजबूत कर सकता है।
आम आदमी पार्टी और डीएमके की गैरमौजूदगी
विपक्ष के इस बड़े शक्ति प्रदर्शन के बीच कुछ प्रमुख दलों की अनुपस्थिति ने भी राजनीतिक सवाल खड़े किए। आम आदमी पार्टी और द्रविड़ मुनेत्र कषगम यानी डीएमके ने रैली से दूरी बनाए रखी। इन दोनों दलों की गैरमौजूदगी इसलिए महत्वपूर्ण रही क्योंकि विपक्ष जिस मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक राष्ट्रीय आंदोलन खड़ा करना चाहता है, उसमें सभी प्रमुख विपक्षी शक्तियों की भागीदारी उसकी एकजुटता का महत्वपूर्ण संकेत होती।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के सम्बंध लम्बे समय से राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और सहयोग के बीच झूलते रहे हैं। दिल्ली और पंजाब में दोनों दल एक-दूसरे के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के विरोध ने उन्हें कुछ अवसरों पर साथ अवश्य खड़ा किया लेकिन स्थानीय राजनीतिक हितों का टकराव समाप्त नहीं हुआ है।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी का उदय ही कांग्रेस के राजनीतिक आधार के कमजोर होने के साथ जुड़ा रहा है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन की पृष्ठभूमि में अपनी राजनीतिक पहचान बनाई थी। बाद में भाजपा के बढ़ते प्रभाव ने दोनों दलों को कुछ अवसरों पर साथ आने के लिए प्रेरित किया लेकिन उनके बीच स्थायी राजनीतिक तालमेल विकसित नहीं हो पाया।
डीएमके की अनुपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। तमिलनाडु में कांग्रेस की प्रमुख सहयोगी होने के बावजूद पार्टी ने इस आयोजन में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि दोनों दलों की गैरमौजूदगी को सीधे इंडिया गठबंधन से अलगाव का संकेत नहीं माना जा सकता लेकिन इससे विपक्षी एकजुटता की व्यावहारिक चुनौतियां अवश्य सामने आईं।
विपक्ष के सामने सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या भाजपा विरोधी
राजनीतिक दल अपने क्षेत्रीय हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय स्तर पर साझा रणनीति तैयार कर पाएंगे। कांग्रेस जहां स्वयं को राष्ट्रीय विपक्ष के केंद्रीय दल के रूप में प्रस्तुत करती है, वहीं अनेक क्षेत्रीय दल अपने-अपने राज्यों में स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व बनाए रखना चाहते हैं। यह अंतर्विरोध इंडिया गठबंधन की स्थापना के समय से मौजूद रहा है।
कॉकरोच जनता पार्टी और युवाओं का आंदोलन
रैली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की औपचारिक अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। अभिजीत दिपके के नेतृत्व वाला यह संगठन हाल के दिनों में चुनाव आयोग और कथित वोट चोरी के खिलाफ विरोध- प्रदर्शनों के कारण चर्चा में आया है। विशेष रूप से युवाओं और छात्र संगठनों के बीच इसकी सक्रियता ने राजधानी में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों को नया स्वरूप दिया है।
सीजेपी ने इंडिया गठबंधन की एक नवम्बर की रैली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया था। हालांकि संगठन ने अपनी स्वतंत्र पहचान बनाए रखी और रैली में औपचारिक राजनीतिक भागीदारी नहीं की। उसके नेतृत्व का कहना रहा है कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही के लिए संघर्ष किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं होना चाहिए।
इस संगठन की सक्रियता का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इसके साथ जुड़े युवाओं ने पारम्परिक राजनीतिक दलों से अलग विरोध प्रदर्शन का तरीका अपनाया है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों, गिरफ्तारियों और पुलिस कार्रवाई के आरोपों के बाद यह संगठन अधिक चर्चा में आया। राहुल गांधी ने भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए युवाओं के समर्थन में आवाज उठाई थी।
युवा संगठनों की इस सक्रियता को केवल इंडिया गठबंधन के समर्थन या विरोध की कसौटी पर नहीं देखा जा सकता। यह व्यापक राजनीतिक असंतोष और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर युवाओं की बढ़ती दिलचस्पी का भी संकेत है। हालांकि यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि इन प्रदर्शनों में शामिल युवाओं की संख्या या सक्रियता को पूरे देश की युवा आबादी की राजनीतिक सोच का प्रतिनिधि नहीं माना जा सकता।
खरगे, ममता और अखिलेश ने भी साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर महिलाओं, युवाओं और दलितों के मताधिकार को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पद छोड़ने तक विपक्ष अपना संघर्ष जारी रखेगा।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का सवाल उठाते हुए युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उत्तर प्रदेश की राजनीति में मतदाता सूचियों का मुद्दा विशेष महत्व रखता है क्योंकि राज्य में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से उठा रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर के प्रभाव को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। ममता बनर्जी का रैली में शामिल होना इसलिए भी उल्लेखनीय रहा क्योंकि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के बीच लम्बे समय से राजनीतिक मतभेद रहे हैं।
राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव ने भी चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा का प्रश्न उठाया। वामपंथी दलों ने एसआईआर के विरोध को लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के व्यापक संघर्ष से जोड़ने की कोशिश की। इन नेताओं के भाषणों में अलग-अलग राजनीतिक प्राथमिकताएं दिखाई दीं लेकिन चुनाव आयोग की जवाबदेही और मतदाता सूचियों की पारदर्शिता की मांग साझा रही।
विपक्ष के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेताओं ने इस आंदोलन को लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता कमजोर करने का प्रयास बताया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने रैली को देश में अराजकता पैदा करने की साजिश करार दिया। सत्तापक्ष का तर्क है कि मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण चुनावी व्यवस्था की नियमित और आवश्यक प्रक्रिया है। भाजपा ने विपक्ष पर चुनाव आयोग को राजनीतिक निशाना बनाने और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया।
भाजपा का यह भी कहना है कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया के बारे में गम्भीर आरोप तो लगा रहा है लेकिन उन आरोपों को प्रमाणित करने की जिम्मेदारी भी उसी की है। दूसरी ओर विपक्ष का तर्क है कि चुनाव आयोग के पास उपलब्ध विस्तृत आंकड़ों और तकनीकी जानकारियों तक पर्याप्त पहुंच के बिना कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच कठिन हो जाती है। इन परस्पर विरोधी दावों के बीच सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न मतदाता सूचियों की पारदर्शिता और शिकायतों के निष्पक्ष निस्तारण का है। चुनाव आयोग की संवैधानिक स्वतंत्रता के साथ उसकी सार्वजनिक जवाबदेही भी लोकतंत्र के लिए आवश्यक है।
सुरक्षा के घेरे में राजधानी
महारैली से पहले दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। हजारों पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से निगरानी की व्यवस्था की गई। रामलीला मैदान को सुरक्षा प्रबंधन के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में बांटा गया था।
इससे पहले दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थानों की सूची से हटाए जाने और अन्य विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हुई गिरफ्तारियों ने राजनीतिक विवाद को और बढ़ाया था। विपक्षी दलों ने पुलिस की सख्ती को विरोध की लोकतांत्रिक स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने की कोशिश बताया जबकि प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को अपनी प्राथमिकता बताया।
रैली के कारण मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ। आईटीओ सहित अनेक मार्गों पर जाम की स्थिति बनी। त्योहारों के दौरान व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए कुछ व्यापारी संगठनों ने आयोजन स्थगित करने की मांग भी की थी।
इस पूरे विवाद का एक संवैधानिक पक्ष भी है। संविधान का अनुच्छेद 19 नागरिकों को अभिव्यक्ति और शांतिपूर्ण सभा की स्वतंत्रता प्रदान करता है, हालांकि इन अधिकारों पर कानून के अनुसार युक्तिसंगत प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। ऐसे में विरोध-प्रदर्शनों के लिए स्थान निर्धारित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों के बीच संतुलन आवश्यक है।
क्या बदल रहा है देश का राजनीतिक मिजाज?
रामलीला मैदान की महारैली को केवल एक दिन के राजनीतिक प्रदर्शन के रूप में देखना इसके व्यापक महत्व को कम करके आंकना होगा। लम्बे समय बाद विपक्ष ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता जैसे मुद्दे पर व्यापक स्तर पर अपनी ताकत दिखाई है। विशेष रूप से राहुल गांधी के भाषण ने संकेत दिया कि कांग्रेस अब चुनाव आयोग के खिलाफ अपने अभियान को प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की राजनीतिक जवाबदेही के प्रश्न से जोड़ रही है। हालांकि किसी रैली की भीड़ को सीधे देशव्यापी जनमत परिवर्तन का प्रमाण नहीं माना जा सकता। विपक्ष के सामने असली चुनौती इस जनसमर्थन को निरंतर राजनीतिक अभियान में बदलने की है। इसके लिए राज्यों में परस्पर प्रतिस्पर्धा करने वाले दलों को साझा कार्यक्रम पर सहमत होना होगा। आम आदमी पार्टी और डीएमके जैसे दलों की अनुपस्थिति बताती है कि इस दिशा में अभी काफी प्रयास बाकी हैं।
इस महारैली के राजनीतिक महत्व को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड और पंजाब सहित कई राज्यों में चुनावी तैयारियां तेज हो रही हैं। ऐसे में मतदाता सूचियों की शुद्धता, चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मताधिकार की रक्षा जैसे मुद्दे विपक्ष के राजनीतिक अभियानों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकते हैं लेकिन विपक्ष के लिए केवल चुनाव आयोग के खिलाफ आरोप लगाना पर्याप्त नहीं होगा। उसे यह भी स्पष्ट करना होगा कि वह चुनावी व्यवस्था में किस प्रकार के सुधार चाहता है, मतदाता सूचियों की जांच के लिए कौन-सी पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है।
इसी तरह सरकार और चुनाव आयोग के सामने भी यह जिम्मेदारी है कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर उठे सवालों का तथ्यात्मक और पारदर्शी ढंग से उत्तर दिया जाए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग की निष्पक्षता केवल संवैधानिक प्रावधानों का प्रश्न नहीं बल्कि जनता के विश्वास से भी जुड़ी हुई है।
क्या इतिहास खुद को दोहराएगा?
रामलीला मैदान का अपना राजनीतिक इतिहास रहा है। जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से लेकर अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन तक इस मैदान ने कई बड़े जनप्रदर्शन देखे हैं। कुछ आंदोलनों ने देश की सत्ता और राजनीति पर दूरगामी प्रभाव डाला जबकि कुछ अपनी शुरुआती ऊर्जा को स्थायी राजनीतिक परिवर्तन में नहीं बदल पाए।
25 जून 1975 की जयप्रकाश नारायण की रैली के बाद देश ने आपातकाल का दौर देखा। विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया गया, नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए गए और प्रेस पर सेंसरशिप लागू हुई। इसके बाद 1977 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को पराजय का सामना करना पड़ा और जनता पार्टी के नेतृत्व में पहली गैर-कांग्रेसी केंद्र सरकार बनी।
2011 में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन ने भी रामलीला मैदान को राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श के केंद्र में ला दिया था। उस आंदोलन का तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार की राजनीति पर प्रभाव पड़ा और उसी दौर में आम आदमी पार्टी के गठन की पृष्ठभूमि तैयार हुई।
इन ऐतिहासिक उदाहरणों से स्पष्ट होता है कि रामलीला मैदान की बड़ी जनसभाएं कई बार व्यापक राजनीतिक परिवर्तन की प्रक्रियाओं से जुड़ी रही हैं लेकिन प्रत्येक आंदोलन की परिस्थितियां, नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और राजनीतिक परिणाम अलग-अलग रहे हैं।
एक नवम्बर की महारैली किस श्रेणी में दर्ज होगी, यह आने वाले महीनों में तय होगा। फिलहाल इंडिया गठबंधन ने चुनाव आयोग के खिलाफ अपने आंदोलन को राष्ट्रीय राजनीतिक संघर्ष का स्वरूप देने की कोशिश की है। राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार से आगे बढ़कर मोदी और शाह को सीधे चुनौती दी है और विपक्षी दलों ने सत्ता परिवर्तन के अपने इरादे सार्वजनिक किए हैं। इस आंदोलन की अगली परीक्षा सड़कों पर निरंतर सक्रियता, राजनीतिक दलों के बीच समन्वय और आरोपों के समर्थन में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमाणों से होगी। विपक्ष को अपनी एकजुटता बनाए रखनी होगी जबकि चुनाव आयोग और सरकार को लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता से जुड़े सवालों का जवाब देना होगा।
25 जून 1975 को रामलीला मैदान से उठी आवाज के बाद भारतीय लोकतंत्र ने आपातकाल और फिर 1977 के ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन का दौर देखा था। पांच दशक बाद उसी मैदान से उठी नई राजनीतिक चुनौती ने अतीत की उन स्मृतियों को फिर ताजा कर दिया है लेकिन इतिहास केवल विशाल जनसभाओं से नहीं बनता। उसके लिए राजनीतिक नेतृत्व, संगठनात्मक एकजुटता, जनता का निरंतर समर्थन और परिस्थितियों का अनुकूल होना भी आवश्यक है।
रामलीला मैदान से उठी इस चुनौती का वास्तविक परिणाम अब सड़कों पर जुटने वाली भीड़ से अधिक इस बात पर निर्भर करेगा कि विपक्ष अपनी एकजुटता कितने समय तक बनाए रखता है और कथित वोट चोरी के आरोपों को कितने ठोस प्रमाणों तथा व्यापक जनसमर्थन के साथ आगे बढ़ा पाता है। फिलहाल दिल्ली की इस महारैली ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही के सवाल को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में और अधिक मजबूती से ला खड़ा किया है।