लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के कथित हाॅस्टल और सेक्स रैकेट से जुड़े मामले पर गलत खबर चलाने के बाद ‘एबीपी’ न्यूज को सार्वजनिक माफी मांगनी पड़ी लेकिन यह सवाल सिर्फ एक खबर का नहीं है। उमा खुराना प्रकरण, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के कथित रूप से छेड़छाड़ किए गए वीडियो, कवि गौहर रजा को राष्ट्रविरोधी ठहराने वाली खबर, सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर फर्जी ट्वीट दिखाने और दूरदर्शन पर पुराने वीडियो को ताजा सैन्य कार्रवाई की तस्वीरों के रूप में दिखाए जाने तक, भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता का एक लम्बा विवादित इतिहास है। इसी बीच सुधीर चैधरी को दूरदर्शन के कार्यक्रम के लिए प्रतिवर्ष 15 करोड़ रुपए की प्रस्तावित या स्वीकृत उत्पादन लागत से जुड़ा अनुबंध दिए जाने पर भी सवाल उठे। आखिर जनता के पैसे से चलने वाले सार्वजनिक प्रसारण और जनहित का दावा करने वाले निजी समाचार चैनलों से जवाबदेही कौन मांगेगा?
‘एबीपी न्यूज’ के पोस्टर पर लिखे शब्द हैं- ‘ज्ञानेश नहीं जाएंगे… अराजक नहीं मानेंगे!’ कार्यक्रम का नाम है ‘जनहित’। पोस्टर में राजनीतिक चेहरों और समाचार प्रस्तोता की तस्वीरों को जिस अंदाज में प्रस्तुत किया गया है, वह अपने आप में एक सम्पादकीय संदेश देता है। सवाल यह है कि क्या समाचार चैनल का काम किसी राजनीतिक व्यक्ति, विचार या विरोध को पहले से एक खास खांचे में रख देना है, या तथ्यों को सामने रखकर दर्शकों को अपना निष्कर्ष निकालने का अवसर देना है? चैनल को किसी भी राजनीतिक दल की आलोचना करने का अधिकार है। उसे किसी आंदोलन की आलोचना करने, किसी नेता के बयान को गलत साबित करने और किसी राजनीतिक विचार को चुनौती देने का भी पूरा अधिकार है लेकिन यह अधिकार उसे तथ्यों की जांच से छूट नहीं देता। पत्रकारिता में किसी को अराजक, राष्ट्रविरोधी, अपराधी या षड्यंत्रकारी बताने के लिए प्रमाण चाहिए, केवल उत्तेजक शीर्षक और राजनीतिक संकेत पर्याप्त नहीं हैं।
इस पोस्टर पर सवाल इसलिए भी जरूरी है कि 17 अक्टूबर 2026 को ‘एबीपी’ नेटवर्क को लोकगायिका नेहा सिंह राठौर से सम्बंधित अपनी डिजिटल खबर को तथ्यात्मक रूप से गलत स्वीकार करते हुए सार्वजनिक माफी मांगनी पड़ी। इस खबर में नेहा सिंह राठौर के कथित हाॅस्टल और सेक्स रैकेट से जुड़े होने की बात उठाई गई थी। नेहा ने इसका कड़ा विरोध किया और कहा कि उनका कोई ऐसा हाॅस्टल या सेक्स रैकेट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार से सवाल पूछने के कारण उन्हें अपमानित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने महिला आयोग से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए कहा और कानूनी कार्रवाई की बात भी कही। इसके बाद एबीपी नेटवर्क ने अपने आधिकारिक स्पष्टीकरण में स्वीकार किया कि उसके चैनल मंच पर नेहा से सम्बंधित खबर तथ्यों के आधार पर गलत पाई गई और इसके लिए उसने खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी।
इस पूरे प्रकरण का सबसे गम्भीर पहलू यही है कि एक महिला
लोक गायिका के बारे में ऐसा संवेदनशील आरोप प्रसारित हुआ, जिसे बाद में चैनल ने ही तथ्यात्मक रूप से गलत माना। किसी महिला के बारे में यौन प्रकृति के आरोप प्रकाशित करना कोई सामान्य सम्पादकीय चूक नहीं है। इससे उसकी प्रतिष्ठा, सामाजिक सम्बंधों और मानसिक स्थिति पर गम्भीर प्रभाव पड़ सकता है। समाचार संस्थान के पास खबर प्रकाशित करने से पहले यह जांचने का समय और संसाधन होता है कि सम्बंधित व्यक्ति का वास्तव में कोई हाॅस्टल है भी या नहीं, आरोप का आधार क्या है और जिस दावे को प्रसारित किया जा रहा है उसकी पुष्टि किसने की है। जब इन बुनियादी सवालों के जवाब उपलब्ध न हों तो ऐसी खबर को प्रकाशित करने का औचित्य ही क्या है?
यह भी ध्यान देने योग्य है कि नेहा सिंह राठौर ने केवल तथ्यात्मक गलती की शिकायत नहीं की बल्कि यह आरोप भी लगाया कि उन्हें राजनीतिक सवाल पूछने के कारण निशाना बनाया गया। यदि कोई समाचार संस्थान किसी व्यक्ति के बारे में गलत खबर प्रसारित करता है और बाद में माफी मांगता है तो उसे यह भी बताना चाहिए कि खबर किस आधार पर तैयार हुई, किस स्तर पर सत्यापन विफल हुआ और भविष्य में ऐसी चूक रोकने के लिए क्या किया जाएगा। माफी आवश्यक है लेकिन केवल माफी से पूरी जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती।
नेहा सिंह राठौर का मामला इस समय का है लेकिन भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता में तथ्यात्मक चूकों और सनसनीखेज प्रस्तुति के उदाहरण इससे कहीं पुराने हैं। इन मामलों में अलग-अलग चैनलों, अलग-अलग पत्रकारों और अलग-अलग परिस्थितियों की भूमिका रही है।
वर्ष 2007 का उमा खुराना प्रकरण इस संकट का सबसे भयावह उदाहरण है। उस समय ‘लाइव इंडिया’ चैनल ने एक कथित स्टिंग ऑपरेशन प्रसारित किया, जिसमें दिल्ली के एक सरकारी विद्यालय की शिक्षिका उमा खुराना पर छात्राओं को देह व्यापार में धकेलने का आरोप लगाया गया था। चैनल के तत्कालीन मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर चौधरी थे। प्रसारण के बाद शिक्षिका के विरुद्ध आक्रोश फैल गया। उनके विद्यालय के बाहर हिंसा हुई, उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। एक टेलीविजन खबर ने बिना न्यायिक निष्कर्ष के एक शिक्षिका को सार्वजनिक रूप से अपराधी की तरह पेश कर दिया।
जांच आगे बढ़ी तो कथित स्टिंग ऑपरेशन की विश्वसनीयता पर गम्भीर सवाल उठे। पुलिस ने पाया कि स्टिंग में कथित छात्रा के रूप में प्रस्तुत युवती वास्तविक स्कूली छात्रा नहीं थी। स्टिंग तैयार करने वाले पत्रकार प्रकाश सिंह को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने सुधीर चौधरी से भी पूछताछ की। यह मामला दिखाता है कि जब किसी खबर के पीछे सत्यापन के बजाय सनसनी की तलाश हो तो उसके परिणाम केवल समाचार की विश्वसनीयता तक सीमित नहीं रहते। किसी की नौकरी, सामाजिक प्रतिष्ठा, शारीरिक सुरक्षा और पूरा जीवन संकट में पड़ सकता है।
उमा खुराना प्रकरण में चैनल के प्रसारण पर एक महीने का प्रतिबंध भी लगाया गया था, हालांकि अपील के बाद उसे वापस ले लिया गया। इस घटना को याद करना इसलिए जरूरी है कि भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता ने पहले भी देखा है कि एक गलत या भ्रामक स्टिंग किस तरह भीड़ को उकसा सकता है और किसी व्यक्ति को सामाजिक दंड का सामना करना पड़ सकता है। पत्रकारिता का काम अपराध की जांच करना है, न कि किसी आरोप को इस तरह प्रसारित करना कि दर्शक अदालत के फैसले से पहले ही किसी को दोषी मान लें।
खबरें रोकने के बदले सौ करोड़ की मांग
सुधीर चैधरी के संदर्भ में एक दूसरा मामला भी है, जिसे अक्सर चर्चा में लाया जाता है। नवम्बर 2012 में कोयला ब्लाॅक आवंटन से जुड़े समाचारों के संदर्भ में कांग्रेस सांसद और उद्योगपति नवीन जिंदल की कम्पनी ने आरोप लगाया कि ‘जी न्यूज’ के सम्पादकों सुधीर चैधरी और समीर अहलूवालिया ने खबरें रोकने के बदले 100 करोड़ रुपए की मांग की। दोनों को गिरफ्तार किया गया और दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वे तिहाड़ जेल में रहे और लगभग 20 दिन बाद दिसम्बर 2012 में जमानत पर रिहा हुए।
यह प्रसंग पत्रकारिता के नैतिक संकट पर चर्चा करते समय इसलिए प्रासंगिक है कि समाचार संस्थानों की विश्वसनीयता केवल इस बात से नहीं बनती कि वे दूसरों के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करते हैं। उन्हें अपने पेशेवर आचरण के बारे में उठने वाले सवालों का भी सामना करना पड़ता है। पत्रकारिता का उद्देश्य किसी व्यक्ति की छवि बनाना या बिगाड़ना नहीं बल्कि सत्ता और प्रभावशाली संस्थानों के कामकाज की जांच करना है। इसलिए पत्रकारों और सम्पादकों पर लगे गम्भीर आरोपों की जांच भी उतनी ही निष्पक्षता से होनी चाहिए, जितनी निष्पक्षता से वे दूसरों के बारे में खबरें प्रस्तुत करते हैं।
दूरदर्शन के हमसफर बने सुधीर
मार्च 2025 में सामने आया कि प्रसार भारती ने सुधीर चौधरी संग कार्यक्रम के लिए प्रतिवर्ष 15 करोड़ रुपए का अनुबंध किया है। अनुबंध के अनुसार, चौधरी की कम्पनी एस्प्रिट प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड को दूरदर्शन समाचार पर सप्ताह में पांच दिन, प्रतिदिन एक घंटे का कार्यक्रम तैयार करना है। इस अनुबंध की चर्चा के समय प्रस्ताव और उसकी मंजूरी की प्रक्रिया को लेकर रिपोर्टें आई थीं। रिपोर्टों के अनुसार, यह उनकी कम्पनी को कार्यक्रम के निर्माण के लिए मिलने वाली राशि है। इसमें कार्यक्रम के निर्माण, शोध और पटकथा सम्बंधी काम की लागत शामिल हैं। प्रश्न उठते हैं कि सार्वजनिक प्रसारण सेवा को एक निजी कम्पनी से कार्यक्रम बनवाने के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च करने की जरूरत क्यों पड़ी, अनुबंध की लागत का निर्धारण कैसे हुआ और जनता को इस खर्च के बदले किस स्तर की पत्रकारिता मिली? सबसे महत्वपूर्ण सवाल कि सुधीर चौधरी ही क्यों?
इस सवाल का जवाब जानने के लिए उनके कार्यक्रम ‘डिकोड’ के पहले प्रसारण को देखना चाहिए। 15 मई 2025 को दूरदर्शन समाचार पर प्रसारित पहले कार्यक्रम में भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर चर्चा के दौरान ऐसी तस्वीरें दिखाई गईं, जिनका उस समय की सैन्य घटनाओं से सम्बंध नहीं था। तथ्य-जांच वेबसाइट ऑल्ट न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एक दृश्य वास्तव में अक्टूबर 2024 में इजरायल के नेवातिम हवाई अड्डे पर ईरानी मिसाइल हमले से सम्बंधित था। एक अन्य दृश्य, जिसे भारतीय वायु रक्षा प्रणाली द्वारा पाकिस्तानी हमले को विफल करने के संदर्भ में दिखाया गया था, इंटरनेट पर वर्ष 2021 से उपलब्ध था और उसे पहले इजरायल की आयरन डोम वायु रक्षा प्रणाली से सम्बंधित बताया गया था।
यह कोई सामान्य दृश्यगत गलती नहीं थी। युद्ध और सैन्य संघर्ष के समय तस्वीरों की सत्यता का महत्व बहुत बढ़ जाता है। दर्शक टेलीविजन पर दिखाई जा रही तस्वीरों को वास्तविक घटनाओं का प्रमाण मानते हैं। यदि किसी दूसरे देश में हुई पुरानी घटना का वीडियो भारत की सैन्य सफलता के रूप में दिखा दिया जाए तो दर्शकों को वास्तविक घटनाक्रम के बारे में गलत जानकारी मिल सकती है। ऑल्ट न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कार्यक्रम के प्रसारण के बाद विवादित हिस्से को उसके ऑनलाइन संस्करण से हटा दिया गया था। सवाल यह है कि यदि दृश्य सही थे तो उन्हें हटाने की जरूरत क्यों पड़ी और यदि वे गलत थे तो दर्शकों को स्पष्ट सुधार क्यों नहीं दिया गया?
इसी कार्यक्रम के संदर्भ में एक और महत्वपूर्ण बात याद रखनी चाहिए। सुधीर चौधरी ने 2022 में ‘आज तक’ पर अपना कार्यक्रम ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ शुरू किया था। पहले ही कार्यक्रम में उन्होंने यह प्रसिद्ध कथन अमेरिकी लेखक मार्क ट्वेन के नाम से प्रस्तुत किया था कि झूठ दुनिया का आधा चक्कर सच के जूते पहनने से पहले लगा लेता है। इसे मार्क ट्वेन के नाम से जोड़ने का विश्वसनीय आधार नहीं है और यह कथन लम्बे समय से गलत तरीके से उनके नाम से प्रसारित होता रहा है। विडम्बना देखिए कि जिस कथन का आशय झूठ के तेजी से फैलने से है, उसी कथन को गलत नाम से प्रस्तुत करना पत्रकारिता की सत्यापन सम्बंधी जिम्मेदारी पर प्रश्न खड़ा करता है। यह किसी पत्रकार की पूरी पेशेवर योग्यता का अंतिम फैसला नहीं है लेकिन यह याद दिलाता है कि समाचार विश्लेषण करने वाले व्यक्ति को भी वही सावधानी बरतनी चाहिए जिसकी अपेक्षा वह दूसरों से करता है।
सुधीर चौधरी के कार्यक्रमों से सम्बंधित विवाद यहीं समाप्त नहीं होते। ‘ऑल्ट न्यूज’ ने जून 2019 में उनके कार्यक्रम डीएनए में तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा के पहले संसदीय भाषण को लेकर की गई रिपोर्टिंग पर सवाल उठाए थे। इसी तरह, सितम्बर 2018 में कठुआ मामले में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिवार की सहायता के नाम पर जुटाई गई राशि को लेकर उनके कार्यक्रम में प्रसारित दावे को भी ‘ऑल्ट न्यूज’ ने गलत बताया था। सितम्बर 2021 में किसान नेता राकेश टिकैत के बयान का एक छोटा हिस्सा साझा करके उसे मीडिया को धमकी देने के रूप में प्रस्तुत करने पर भी सवाल उठे, तथ्य-जांच में कहा गया कि बयान का संदर्भ अलग था और टिकैत सरकार को मीडिया को निशाना बनाने की बात कह रहे थे।
इन घटनाओं को सामने रखने का उद्देश्य किसी पत्रकार के हर कार्यक्रम को गलत घोषित करना नहीं है। उद्देश्य यह समझना है कि समाचार विश्लेषण के नाम पर किए गए दावों की भी जांच होनी चाहिए। जब कोई पत्रकार अपनी प्रस्तुति में किसी व्यक्ति के कथन को गलत संदर्भ में रखता है, किसी घटना के पुराने दृश्य को वर्तमान घटना के रूप में दिखाता है या किसी तथ्य को गलत नाम से जोड़ता है तो उस चूक का मूल्यांकन उसी पेशेवर कसौटी पर होना चाहिए जिस पर दूसरे समाचार संस्थानों का होता है। इसी क्रम में 2016 में ‘जी न्यूज’ पर प्रसारित कवि और वैज्ञानिक गौहर रजा से सम्बंधित कार्यक्रम का मामला भी महत्वपूर्ण है। चैनल ने एक मुशायरे में उनकी प्रस्तुति को ‘अफजल प्रेमी गैंग का मुशायरा’ शीर्षक से दिखाया और उन्हें ‘देशविरोधी शायर’ तक कहा। कार्यक्रम में मुशायरे के दृश्यों को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में फरवरी 2016 के दौरान कथित तौर पर लगाए गए नारों से जुड़े दृश्यों के साथ जोड़ा गया। रजा ने इसे मानहानिकारक और अपमानजनक बताते हुए शिकायत की। समाचार प्रसारण मानक प्राधिकरण ने 2017 में चैनल को माफी प्रसारित करने और एक लाख रुपए का जुर्माना देने का निर्देश दिया। प्राधिकरण ने कहा कि कार्यक्रम में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर सनसनीखेज प्रस्तुति दी गई और सटीकता, निष्पक्षता तथा तटस्थता के मानकों का उल्लंघन हुआ।
यहां सवाल केवल एक कवि को राष्ट्रविरोधी कहने का नहीं है। सवाल यह है कि क्या किसी मुशायरे में कविता पढ़ने वाले व्यक्ति को ऐसे राजनीतिक आरोपों से जोड़ना उचित है, जिनकी पुष्टि नहीं हुई? क्या किसी कविता या सार्वजनिक कार्यक्रम की आलोचना करने के लिए किसी व्यक्ति की देशभक्ति पर सवाल खड़ा करना आवश्यक है? यदि किसी समाचार कार्यक्रम की प्रस्तुति को नियामक संस्था तथ्य-विकृति और सनसनीखेज बताती है तो उस प्रसारण को तैयार करने वाली सम्पादकीय व्यवस्था अपनी जिम्मेदारी कैसे तय करती है?
इस मामले में विशेष महत्व की बात यह है कि ‘जी न्यूज’ के तत्कालीन प्रधान सम्पादक सुधीर चौधरी ने उस समय चैनल की पत्रकारिता का बचाव किया था लेकिन नियामक संस्था का आदेश चैनल के पक्ष से अलग निष्कर्ष पर पहुंचा। इससे स्पष्ट होता है कि किसी समाचार संस्थान का स्वयं को सही घोषित कर देना उसकी खबर को तथ्यात्मक रूप से सही साबित नहीं कर देता। पत्रकारिता की विश्वसनीयता आत्मप्रशंसा से नहीं, स्वतंत्र जांच और प्रमाण से बनती है।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के फरवरी 2016 के विवाद में भी समाचार चैनलों की भूमिका पर गम्भीर सवाल उठे थे। उस समय विश्वविद्यालय परिसर में एक कार्यक्रम के दौरान कथित राष्ट्रविरोधी नारों का मामला सामने आया। इसके बाद कुछ समाचार चैनलों पर प्रसारित वीडियो की प्रमाणिकता को लेकर विवाद हुआ। दिल्ली सरकार की तथ्य-जांच रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का हवाला देते हुए 2016 में तीन समाचार चैनलों, ‘जी न्यूज’, ‘न्यूज एक्स’ और ‘इंडिया न्यूज’ के प्रसारण के विरुद्ध शिकायत दायर की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ वीडियो क्लिप के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इस मामले में कथित रूप से सम्पादित फुटेज के प्रसारण से लोगों के बीच तनाव बढ़ने और कन्हैया कुमार पर अदालत परिसर में हमले तक की परिस्थितियों का उल्लेख किया गया।
सुशांत सिंह राजपूत प्रकरण
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद की टेलीविजन रिपोर्टिंग भी इस सम्बंध में एक उदाहरण है। 2020 में समाचार प्रसारण मानक प्राधिकरण ने ‘आज तक’, ‘जी न्यूज’ और ‘न्यूज 24’ की रिपोर्टिंग पर आपत्ति जताई। इन चैनलों ने ऐसे शीर्षकों और प्रस्तुतियों का इस्तेमाल किया था, जिन्हें प्राधिकरण ने मृतक की गरिमा के प्रतिकूल माना। ‘इंडिया टीवी’ को भी सुशांत सिंह राजपूत के शव के दृश्य दिखाने के मामले में माफी मांगने का निर्देश दिया गया था। बाद में ‘आज तक’ को सुशांत के नाम से कुछ ऐसे ट्वीट दिखाने के लिए भी माफी मांगने को कहा गया, जिन्हें चैनल ने गलती से उनके वास्तविक अंतिम ट्वीट के रूप में प्रस्तुत किया था। उस मामले में एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था।
किसी व्यक्ति की मौत के बाद उसकी निजी जिंदगी, मानसिक स्थिति और कथित अंतिम संदेशों को लेकर दर्शकों में स्वाभाविक जिज्ञासा होती है लेकिन यह जिज्ञासा किसी समाचार चैनल को अपुष्ट सामग्री को तथ्य के रूप में पेश करने का अधिकार नहीं देती। किसी मृत व्यक्ति की गरिमा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी किसी जीवित व्यक्ति की प्रतिष्ठा। समाचार संस्थानों को सनसनीखेज शीर्षकों और निजी जीवन की अनावश्यक व्याख्या के बजाय प्रमाणित तथ्यों पर ध्यान देना चाहिए।
ऐसी घटनाओं का सिलसिला केवल पुराने मामलों तक सीमित नहीं है। 2023 में चंद्रयान-3 की सफलता के बाद कुछ समाचार चैनलों ने बीबीसी के नाम से प्रसारित एक पुराने वीडियो को इस तरह प्रस्तुत किया, मानो बीबीसी ने भारत के चंद्रयान मिशन की आलोचना की हो। ‘आॅल्ट न्यूज’ की पड़ताल ने इस दावे को गलत बताया। उसी वर्ष कुछ चैनलों ने झारखंड में असदुद्दीन ओवैसी की रैली में कथित ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ नारों की खबर प्रसारित की जबकि ‘आॅल्ट न्यूज’ की तथ्य-जांच में इस दावे को गलत बताया गया।
इन उदाहरणों में एक साझा समस्या दिखाई देती है। किसी पुराने वीडियो को नई घटना के रूप में पेश करना, किसी कथन को गलत व्यक्ति से जोड़ना, किसी नारे की अपुष्ट खबर चलाना या किसी व्यक्ति के बारे में सनसनीखेज आरोप प्रकाशित करना, इन सभी मामलों में खबर को प्रसारित करने से पहले साधारण सत्यापन की जरूरत थी। समाचार चैनल के पास यदि वीडियो की तारीख जांचने, मूल स्रोत खोजने, सम्बंधित व्यक्ति से प्रतिक्रिया लेने और दावे की स्वतंत्र पुष्टि करने का समय नहीं है तो उसे खबर को तथ्य के रूप में प्रस्तुत करने की जल्दी क्यों है?
यहां एक और सवाल उठता है। गलत खबर प्रसारित होने के बाद क्या चैनल उतनी ही प्रमुखता से सुधार दिखाता है? यदि प्राइम टाइम में किसी व्यक्ति को राष्ट्रविरोधी, अपराधी या षड्यंत्रकारी कहकर प्रस्तुत किया गया तो क्या बाद में उसी समय, उसी आकार और उसी स्पष्टता से यह बताया जाता है कि आरोप की पुष्टि नहीं हुई या खबर गलत थी? व्यवहार में ऐसा हमेशा नहीं होता। गलत खबर के कारण बनी धारणा लम्बे समय तक रह सकती है जबकि सुधार कुछ पंक्तियों या छोटे स्पष्टीकरण तक सीमित रह जाता है। इसी असमानता के कारण समाचार संस्थानों की जवाबदेही और महत्वपूर्ण हो जाती है।
इसीलिए ‘एबीपी न्यूज’ के पोस्टर और नेहा सिंह राठौर के मामले को केवल एक चैनल की एक गलती तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता के सामने बड़ा प्रश्न यह है कि क्या सम्पादकीय निर्णयों में तथ्य की प्राथमिकता बनी हुई है या राजनीतिक टकराव और दर्शकों की भावनाओं को उभारने की प्रवृत्ति हावी होती जा रही है। जब समाचार कार्यक्रमों के शीर्षक ही किसी व्यक्ति या समूह को एक खास खांचे में रख देते हैं तो दर्शक को स्वतंत्र रूप से सोचने का अवसर कम मिल सकता है।
लोकतंत्र में समाचार माध्यम का काम सत्ता से सवाल पूछना है लेकिन उसका अर्थ केवल सरकार की आलोचना करना नहीं बल्कि विपक्ष, आंदोलनकारियों, उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों और अपने ही पेशे से जुड़े लोगों के दावों की भी जांच करना है। किसी पत्रकार को सरकार का समर्थक होने का अधिकार है, किसी को सरकार का आलोचक होने का अधिकार है लेकिन किसी को भी तथ्य गढ़ने या अप्रमाणित आरोपों को प्रमाणित तथ्य की तरह पेश करने का अधिकार नहीं है।
सार्वजनिक प्रसारण सेवा के मामले में यह जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। दूरदर्शन को जनता के धन से चलने वाली संस्था के रूप में देखा जाता है। यदि वह निजी कम्पनी से किसी कार्यक्रम का निर्माण कराती है और उसके लिए प्रतिवर्ष 15 करोड़ रुपए की लागत सामने आती है तो जनता को यह जानने का अधिकार है कि अनुबंध किन शर्तों पर हुआ, खर्च का आकलन कैसे किया गया और कार्यक्रम की गुणवत्ता का मूल्यांकन किस तरह किया गया। यह मांग किसी पत्रकार के विरुद्ध व्यक्तिगत अभियान नहीं बल्कि सार्वजनिक धन के उपयोग पर पारदर्शिता की मांग है।
आज भारतीय पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि दर्शक और समाचार संस्थान के बीच विश्वास कैसे बचाया जाए। यह विश्वास केवल अच्छे कैमरों, बड़े स्टूडियो, प्रभावशाली प्रस्तोताओं और आकर्षक ग्राफिक्स से नहीं बनता। यह तब बनता है जब चैनल किसी दावे को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि करता है, गलती होने पर उसे स्वीकार करता है, सम्बंधित व्यक्ति को जवाब देने का अवसर देता है और अपनी खबरों की जांच के लिए तैयार रहता है।
‘एबीपी न्यूज’ के पोस्टर पर ‘जनहित’ लिखा है। जनहित का अर्थ है जनता को सही जानकारी देना, जनता को सवाल पूछने का अधिकार देना और सत्ता के हर केंद्र को जवाबदेह बनाना। जनहित का अर्थ किसी व्यक्ति को पहले से दोषी ठहराना या दर्शकों को किसी राजनीतिक निष्कर्ष की ओर धकेलना नहीं है। यदि कोई व्यक्ति अराजकता फैलाता है तो उसके आचरण के प्रमाण सामने रखे जाने चाहिए। यदि किसी नेता का दावा गलत है तो उसे तथ्यों से गलत साबित किया जाना चाहिए। यदि किसी आंदोलन में हिंसा हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए लेकिन पत्रकारिता को निष्कर्ष पहले और तथ्य बाद में रखने की आदत से बचना होगा।
नेहा सिंह राठौर के मामले में ‘एबीपी’ नेटवर्क की सार्वजनिक माफी एक महत्वपूर्ण तथ्य है। उमा खुराना प्रकरण यह दिखाता है कि गलत खबर के परिणाम कितने गम्भीर हो सकते हैं। गौहर रजा के मामले में नियामक संस्था ने तथ्य-विकृति और सनसनीखेज प्रस्तुति पर कार्रवाई की। सुशांत सिंह राजपूत की मौत से सम्बंधित रिपोर्टिंग में गलत ट्वीट और गरिमा के उल्लंघन पर माफी के निर्देश दिए गए। दूरदर्शन पर सुधीर चैधरी के कार्यक्रम में पुराने वीडियो को वर्तमान सैन्य घटनाओं से जोड़कर दिखाए जाने पर तथ्य-जांच ने गम्भीर सवाल खड़े किए। इन सभी घटनाओं का संदर्भ अलग है लेकिन प्रत्येक हमें एक ही बात याद दिलाती है, पत्रकारिता में सत्यापन का कोई विकल्प नहीं है।
समाचार माध्यमों को यह समझना होगा कि वे केवल खबर बेचने वाले संस्थान नहीं हैं। लोकतंत्र में उनकी भूमिका नागरिकों को सूचना देने, सत्ता से सवाल पूछने और सार्वजनिक विमर्श को स्वस्थ बनाए रखने की है। जब यह भूमिका कमजोर होती है तो गलत सूचना केवल किसी एक व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाती, वह पूरे समाज की समझ को प्रभावित करती है। इसलिए ‘एबीपी न्यूज’ के इस पोस्टर पर उठने वाला सवाल किसी एक चैनल तक सीमित नहीं है। यह उन सभी समाचार संस्थानों से पूछा जाना चाहिए जो जनहित का दावा करते हैं कि क्या आप जनता को तथ्य दे रहे हैं या अपनी प्रस्तुति के माध्यम से जनता को पहले से तय निष्कर्ष की ओर ले जा रहे हैं? क्या आपकी खबरों में प्रमाण सबसे महत्वपूर्ण हैं या राजनीतिक संकेत? क्या आप दूसरों से जवाबदेही मांगते हुए अपनी गलतियों की भी उसी गम्भीरता से जांच करते हैं?
पत्रकारिता की विश्वसनीयता का आधार यही है कि वह अपने सबसे प्रभावशाली प्रस्तोता, अपने सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम और अपने सबसे बड़े राजनीतिक दावे को भी तथ्यों की कसौटी पर परखने के लिए तैयार रहे। जनहित के नाम पर प्रसारित कार्यक्रम की सबसे बड़ी परीक्षा यही है कि वह सत्ता, विचारधारा और अपने संस्थान, तीनों से ऊपर सत्य को रखता है या नहीं।